पहले भी कह चुकी हूं, नहीं होगी 'पद्मावती' रिलीज: वसुंधरा राजे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने 'पद्मावती' विवाद के बीच साफ कहा है कि राजस्थान में इसे रिलीज नहीं होने दिया जाएगा। राजे ने कहा है कि रानी पद्मिनी का बलिदान प्रदेश के मान-सम्मान और गौरव से जुड़ा हुआ है, उनकी मर्यादा को हम किसी भी सूरत में ठेस नहीं पहुंचने देंगे।
उदयपुर में आज मीडिया से बाचतीत में वसुंधरा राजे ने कहा कि, मैंने पहले भी कहा था और अब फिर कह रही हूं, राजस्थान में यह विवादित फिल्म रिलीज नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा है कि प्रदेश की जनता की भावनाओं का सम्मान करते हुए राज्य में पद्मावत फिल्म का प्रदर्शन नहीं होने दिया जाएगा। यह फिल्म प्रदेश के किसी भी सिनेमाघर में नहीं दिखाई जाएगी।
राजे ने कहा कि रानी पद्मिनी हमारे लिए सिर्फ इतिहास का एक अध्यायभर नहीं, बल्कि हमारा स्वाभिमान है। गौरतलब है कि विवाद के बाद फिल्म 'पद्मावती' का नाम 'पद्मावत' कर दिया गया है। पहले जब ये फिल्म गत दिसम्बर में रिलीज होने वाली थी तब भी सीएम वसुंधरा राजे ने कहा था कि ये फिल्म राजस्थान में रिलीज नहीं होने दी जाएगी।
केंद्र को लिखा जा चुका है पत्र
मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने पद्मावती विवाद को देखते हुए इस मामले में पहले ही केंद्र सरकार को पत्र लिखा था। इधर, गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पहले ही केन्द्र सरकार को विवादित फिल्म पद्मावती को राजस्थान में रिलीज नहीं करने के लिए पत्र लिख चुकी हैं।
गौरतलब है कि संजय लीला भंसाली ने इस फिल्म की रिलीज डेट 25 जनवरी तय की है। उन्होंने इस विवादित फिल्म का नाम पद्मावती से बदलकर पद्मावत किया है। इसके बाद यह मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। करणी सेना समेत विभिन्न राजपूत संगठनों ने राजस्थान ही नहीं देश में कहीं भी इसे रिलीज नहीं होने की चेतावनी दी है। इस विवाद के बीच सीएम राजे ने आज एक बार फिर सरकार का इस फिल्म को लेकर रूख स्पष्ट किया है।