केंद्रीय मंत्री बोले- यूपी में मुस्लिमों को टिकट देती भाजपा तो अच्छा होता
केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा ने अगर मुसलमानों को टिकट दिया होता तो अच्छा होता।
नकवी ने हालांकि कहा कि भाजपा समाज के प्रत्येक वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है और राज्य में पार्टी की सरकार बनने पर मुस्लिम समुदाय का पूरा ध्यान रखा जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘जहां तक टिकटों का सवाल है, यह अच्छा होता अगर मुसलमानों को टिकट दिया जाता।’
उन्होंने कहा कि जब राज्य में भाजपा सरकार बनाएगी तब मुस्लिम समुदाय की चिंताओं का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
भाजपा हर वर्ग को साथ लेकर चलने में करती है विश्वास
नकवी ने कहा कि राजग सरकार के प्रदर्शन को इस आधार पर नहीं आंका जाना चाहिए कि उसने मुसलमानों को टिकट की पेशकश नहीं की।
केंद्रीय मंत्री ने कहा, ‘भाजपा समाज के सभी वर्ग के लोगों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है। हमने केंद्र में सभी के सहयोग से सरकार बनाई। इसी प्रकार से हम राज्य में भी सरकार बनाएंगे।’
गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने भी बृहस्पतिवार को कथित तौर पर कहा था कि मुसलमानों को टिकट दिया जाना चाहिए था। सूत्रों के अनुसार इसी प्रकार के विचार जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने भी व्यक्त किया था।