Top News: 20 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट; उत्तराखंड बोर्ड के नतीजे आज और दिल्ली में गिरी आवासीय इमारत
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वी भारत के ओडिशा और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और केरल समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग स्थानों पर अगले सात दिनों तक आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। इसके अलावा, उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजों की घोषणा शनिवार सुबह 11 बजे की जाएगी। करीब सवा दो लाख छात्रों को अपने परिणामों का इंतजार है, जोकि अब समाप्त होने वाला है। इसके अलावा, पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में एक छह मंजिला इमारत गिर गई है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर दिल्ली पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें पहुंच गई हैं। बचाव का काम जारी है। ऐसी ही देश-दुनिया की अहम खबरें पढ़ें एक ही जगह और एक ही क्लिक पर...
IMD: 20 राज्यों में अगले सात दिन के लिए आंधी-तूफान और बरसात का अलर्ट
मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर से लेकर पूर्वी भारत के ओडिशा और पूर्वोत्तर के सभी राज्यों और केरल समेत 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में अलग-अलग स्थानों पर अगले सात दिनों तक आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। कुछ जगहों पर बिजली भी गिर सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान भी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, ओडिशा, झारखंड, बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश समेत पूर्वोत्तर के सभी राज्यों में अलग-अलग स्थानों पर तेज हवाएं चलीं और हल्की से भारी वर्षा दर्ज की गई। ओडिशा के पुरी में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। पढ़ें पूरी खबर...
UK Board Result 2025 : आज जारी होंगे उत्तराखंड बोर्ड के नतीजे
उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन (UBSE) की ओर से कक्षा 10वीं और 12वीं के नतीजों की घोषणा शनिवार सुबह 11 बजे की जाएगी। करीब सवा दो लाख छात्रों को अपने परिणामों का इंतजार है, जोकि अब समाप्त होने वाला है। नतीजे जारी होने में अब एक दिन से कम समय रह गया है। यहां पढ़ें यूके बोर्ड रिजल्ट लाइव अपडेट्स पढ़ें पूरी खबर...
दिल्ली में गिरी छह मंजिला इमारत, चार लोगों की मौत; कई दबे, रेस्क्यू जारी
पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में एक छह मंजिला इमारत गिर गई है। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। मलबे में कई लोगों के दबे होने की आशंका है। मौके पर दिल्ली पुलिस और एनडीआरएफ की टीमें पहुंच गई हैं। बचाव का काम जारी है। पढ़ें पूरी खबर...
RCB vs PBKS: बेंगलुरु की घर में हार का सिलसिला जारी, पंजाब ने पांच विकेट से हराया
पंजाब किंग्स ने नेहाल वढेरा की शानदार बल्लेबाजी की मदद से आरसीबी को पांच विकेट से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। आरसीबी और पंजाब के बीच यह मुकाबला बारिश के कारण देरी से शुरू हुआ था और मैच को 14-14 ओवर कराने का फैसला किया गया था। पंजाब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जो सही साबित हुआ। आरसीबी की टीम 14 ओवर में नौ विकेट पर 95 रन ही बना सकी। जवाब में पंजाब ने 12.1 ओवर में पांच विकेट पर 98 रन बनाकर मैच जीत लिया। पंजाब के लिए नेहाल वढेरा ने सबसे ज्यादा 19 गेंदों पर तीन चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 33 रन बनाए। आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड ने तीन विकेट झटके, जबकि भुवनेश्वर कुमार को दो सफलता मिली। पढ़ें पूरी खबर...
फेरबदल: यूपी कैडर के IAS भुवनेश कुमार बने UIDAI प्रमुख
केंद्र सरकार ने शुक्रवार को 1995 बैच के यूपी कैडर के आईएएस अधिकारी भुवनेश कुमार को भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी नियुक्त किया। वे वर्तमान में इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव हैं। वरिष्ठ स्तर पर प्रमुख प्रशासनिक फेरबदल के तहत बिहार कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी केशव कुमार पाठक को कैबिनेट सचिवालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया। 1990 बैच के आईएएस अधिकारी पाठक वर्तमान में बिहार राजस्व बोर्ड के अध्यक्ष हैं। कार्मिक मंत्रालय के आदेश के अनुसार, उनकी नियुक्ति संयुक्त सचिव के खाली पद को अस्थायी रूप से उन्नत करके की गई है। पढ़ें पूरी खबर...
UP : राणा सांगा विवाद के बीच आज सांसद सुमन के घर पहुंचेंगे सपा मुखिया अखिलेश यादव
राणा सांगा पर राज्यसभा में दिए बयान के बाद छिड़े सियासी घमासान के बीच शनिवार को सपा मुखिया एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन से मिलने संजय प्लेस स्थित उनके आवास आ रहे हैं। किसी तरह के उपद्रव की आशंका को देखते हुए हरीपर्वत चौराहे से स्पीड कलर लैब तक सुरक्षा के सख्त इंतजाम किए गए हैं। सपा कार्यकर्ताओं ने कोई हंगामा किया तो उनसे निपटने के लिए भी रणनीति तैयार कर ली गई है। आगरा में अलर्ट है, फोर्स तैनात की गई है। पढ़ें पूरी खबर...
Samwad Big Quotes: परिवारवाद पर अखिलेश, औरंगजेब पर मुंतशिर और 'छावा' की कविता
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में आयोजित 'अमर उजाला संवाद' के दूसरे दिन पूर्व सेना प्रमुख जनरल (सेवानिवृत्त) मनोज पांडे, समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य समेत कई दिग्गजों ने मंच की शोभा बढ़ाई। इस दौरान पूर्व सेना प्रमुख ने भारतीय सेना की तैयारियों और विकसित भारत में सशस्त्र बलों के योगदान पर अपनी बात रखी। अखिलेश ने सरकार पर जमकर निशाना साधा तो केशव ने उन पर पलटवार किया। अब ग्राफिक के जरिए जानते हैं आज के कार्यक्रम की झलकियां... पढ़ें पूरी खबर...
US: कैनेडी बंधुओं की हत्या से जुड़े 10 हजार गोपनीय दस्तावेज सार्वजनिक
अमेरिकी राष्ट्रीय खुफिया निदेशक (डीएनआई) तुलसी गबार्ड ने पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी (जेएफके) उनके भाई सीनेटर रॉबर्ट एफ कैनेडी (आरएफके) और मार्टिन लूथर किंग जूनियर (एमएलके) की हत्या से संबंधित करीब 10 हजार गोपनीय दस्तावेज जारी करने की घोषणा की। गबार्ड ने कहा कि यह कदम राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की अधिकतम पारदर्शिता के वादे के अनुसार है। पिछले महीने ऐसे 63 हजार दस्तावेज सार्वजनिक किए गए थे। पढ़ें पूरी खबर...
US: राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बोले- निर्णायक मोड़ पर यूक्रेन-रूस वार्ता
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को दावा किया कि यूक्रेन और रूस के बीच बातचीत अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच रही है। उन्होंने यह भी साफ किया कि उनकी शांति पहल में कोई भी पक्ष उन्हें बेवकूफ नहीं बना रहा है। ट्रंप की यह टिप्पणी ऐसे समय पर आई है, जब विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने चेतावनी दी कि अगर आने वाले कुछ दिनों में शांति वार्ता में कोई प्रगति नहीं होती है, तो अमेरिका यूक्रेन-रूस समझौते की कोशिशों से पीछे हट सकता है। पढ़ें पूरी खबर...
Adipoli: भारत के पहले स्वदेशी AI सर्वर का अश्विनी वैष्णव ने किया प्रदर्शन
केंद्र की मोदी सरकार आत्मनिर्भर भारत पर विशेष रूप से जोर दे रही है। इसी क्रम में स्वदेशी रूप से डिजाइन किए गए देश के पहले एआई सर्वर आदिपोली (Adipoli)का केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने प्रदर्शन किया। इस मौके पर आदिपोली के बारे में केंद्रीय मंत्री ने अहम जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि एआई सर्वर 'आदिपोली' 8 जीपीयू से लैस है और इसे पूरी तरह से भारत में डिज़ाइन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह उन्नत इलेक्ट्रॉनिक्स और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में देश की बढ़ती ताकत को दिखाता है। बता दें कि एआई सर्वर आदिपोली को वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज द्वारा विकसित किया गया है। इस मौके पर उन्होंने वीवीडीएन टेक्नोलॉजीज की कोशिश की प्रशंसा की। साथ ही इसके लॉन्च को "मेक इन इंडिया" पहल के लिए एक बड़ा कदम बताया। पढ़ें पूरी खबर...
मेरठ में तेज आंधी में छत गिरी, मलबे में परिवार के छह लोग दबे, मां-बेटी की मौत
मेरठ के लिसाड़ी गेट के लखीपुर में शुक्रवार को तेज आंधी चलने के दौरान मकान की छत गिर गई। जिसमें एक ही परिवार के छह लोग दब गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। लोगों ने काफी मशक्कत के बाद परिवार को निकाल अस्पताल में भर्ती कराया। जहां मां व मासूम बेटी की मौत होना बताया गया है। बाकी अन्य परिवार के लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पढ़ें पूरी खबर...