Top News: वैष्णो देवी में हुए भूस्खलन से 34 की मौत, US के 50 प्रतिशत टैरिफ से भारतीय उद्योग पर दबाव; सुर्खियां
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
US tariffs: अमेरिका के 50 प्रतिशत टैरिफ से भारतीय उद्योगों पर दबाव, कंपनियां रणनीति बदलने पर कर रहीं काम
अमेरिका के राष्ट्रपति ने रूसी तेल आयात की वजह से भारत पर अतिरिक्त 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। यह बुधवार से लागू हो गया, जिससे भारत पर कुल टैरिफ दर 50 प्रतिशत हो गई। इसकी वजह से वे सेक्टर जो अमेरिका में सबसे अधिक निर्यात करते हैं, उनको उच्च टैरिफ दरों को चुकाना पड़ेगा। इसमें टैक्सटाइल, जेम्स एंड ज्वेलरी, वस्त्र और केमिकल उद्योग सहित फूटवियर, फर्नीचर मुख्य हैं। तिरुपुर के रेडीमेड परिधान निर्माता और सूरत के हीरा पॉलिश से लेकर केमिकल्स कंपनियों को इसका खामियाजा भुगतना पड़ सकता है। पढ़ें पूरी खबर...
दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ऑपरेशन महादेव में शामिल जवानों को सम्मानित किया। संयुक्त ऑपरेशन महादेव में भारतीय सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पहलगाम आतंकी हमले में शामिल तीन आतंकवादियों को मार गिराया था। इस दौरान शाह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर और ऑपरेशन महादेव ने आतंकी सरगनाओं को भारतीय नागरिकों की जान से खेलने के दुष्परिणामों का स्पष्ट संदेश दिया। हमारे सैनिकों ने दुनिया को दिखा दिया कि आतंकवादी चाहे कोई भी रणनीति अपनाएं, वे अब भारत को नुकसान पहुंचाकर बच नहीं सकते। ऑपरेशन सिंदूर से लोगों में संतुष्टि आई, जिसे ऑपरेशन महादेव ने आत्मविश्वास में बदल दिया। पढ़ें पूरी खबर...
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर हमला बोला है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने एक मीडिया रिपोर्ट का हवाला देते हुए चुनाव आयोग से सवाल किए हैं। राहुल गांधी ने जिस मीडिया रिपोर्ट को साझा किया है, उसमें दावा किया गया है कि गुजरात में कुछ 'अनाम दलों' को 2019-20 और 2023-24 के बीच 4,300 करोड़ रुपये का चंदा मिला है। राहुल गांधी ने आयोग पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या चुनाव आयोग इसकी जांच करेगा या हलफनामा मांगेगा। पढ़ें पूरी खबर...
देश के कई राज्यों में भारी बरसात का दौर जारी है। जम्मू में बाढ़ और भूस्खलन ने बेहाल कर रखा है। इसका असर रेल यातायात पर भी दिख रहा है खासतौर पर जम्मू डिविजन खासा प्रभावित नजर आ रहा है। उत्तर रेलवे ने जम्मू कटरा रेलवे स्टेशनों पर आने-जाने वाली 22 ट्रेनों को रद्द कर दिया है। इससे पहले मंगलवार को 27 ट्रेनों को बीच में ही जहां का तहां रोक दिया गया था। अचानक ट्रेन कैंसिल होने से रेल यात्रियों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे का कहना है कि, जम्मू में भारी बारिश के चलते 58 ट्रेनों का परिचालन रद्द कर दिया है। जबकि 18 ट्रेनों का रूट बदल दिया गया है। पढ़ें पूरी खबर...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार को हुई केंद्रीय कैबिनेट बैठक में भारत के 2030 कॉमनवेल्थ गेम्स (CWG) की मेजबानी की बोली लगाने के प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी गई। सरकार ने अहमदाबाद को इस आयोजन के लिए "आदर्श शहर" बताते हुए कहा कि यहां विश्वस्तरीय स्टेडियम, अत्याधुनिक ट्रेनिंग सुविधाएं और खेलों के प्रति जुनूनी माहौल मौजूद है। पढ़ें पूरी खबर...
केंद्र सरकार ने न्यायमूर्ति न्यायाधीश आलोक अराधे और न्यायमूर्ति विपुल मनुभाई पंचोली को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में मंजूरी दे दी है। केंद्रीय कानून मंत्रालय ने इस बाबत अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना में मंत्रालय ने बताया कि बॉम्बे हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश आलोक अराधे और पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश विपुल मनुभाई पंचोली को बुधवार को सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया। बीते सोमवार को सर्वोच्च न्यायालय कॉलेजियम ने उनके नामों की सिफारिश की थी। पढ़ें पूरी खबर...
ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में निक्की भाटी हत्याकांड मामले की जांच कर रही पुलिस को पता चला है कि आरोपी विपिन के घर में आठ सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। इनमें से चार कैमरे घर के बाहर व चार दोमंजिला घर में लगे हैं लेकिन घटना के समय सभी कैमरे बंद थे। वहीं, 21 अगस्त की शाम को फोर्टिस अस्पताल से मेमो प्राप्त हुआ था जिसमें निक्की को अस्पताल ले जाने वाले लोगों ने सिलिंडर फटने से झुलसने की बात लिखवाई थी। फोर्टिस से तुरंत ही महिला को सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया था जहां रात करीब 10 बजे उसकी मौत हो गई थी। इसके बाद निक्की के परिजन शव को दादरी स्थित रूपवास गांव ले गए थे। बाद में शव को सिरसा गांव लाया गया था। यहां 22 अगस्त की सुबह करीब 8 बजे निक्की का अंतिम संस्कार हुआ। पढ़ें पूरी खबर...
मध्य प्रदेश की राजनीति में एक फिर पांच साल पुराना जिन्न बाहर निकल आया है। जब महज 15 महीने में कमलनाथ सरकार गिर गई थी। कांग्रेस के दो दिग्गज नेता कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की ओर से सरकार गिराए जाने की अलग-अलग वजह बताकर राजनीतिक हलचल मचा दी है। दिग्विजय सिंह ने एक पॉडकास्ट में 5 साल पहले वाली बंद कमरे की बात को सार्वजनिक कर दिया है। उन्होंने कहा कि, उनकी वजह से नहीं बल्कि कमलनाथ की वजह से सिंधिया कांग्रेस छोड़कर भाजपा में चले गए और सरकार गिर गई। इसके बाद कमलनाथ ने भी दिग्विजय सिंह पर खुलकर वार किया है। दोनों नेताओं के बीच चल रहे वार पलटवार के बीच पहली बार केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। पढ़ें पूरी खबर...
शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे बुधवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर अपने चचेरे भाई और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे के आवास 'शिवतीर्थ' गए। राज हर साल शहर के दादर इलाके में स्थित अपने आवास पर भगवान गणेश की पूजा करते हैं। शिवसेना (यूबीटी) नेता आदित्य ठाकरे और उनकी मां रश्मि भी उद्धव के साथ थे। पढ़ें पूरी खबर...
बुधवार को गणेश चतुर्थी के खास मौके पर गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता साथ में मीडिया के सामने आए। इस मौके पर दोनों ने सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही अपने बच्चों टीना और यश के लिए लोगों से आशीर्वाद मांगा। गोविंदा ने गणेश चतुर्थी के मौके पर मीडिया से बात करते हुए कहा, 'इससे ज्यादा खास और कुछ नहीं हो सकता। जब भगवान गणेश का आशीर्वाद मिलता है तो परिवार की सभी परेशानियां दूर हो जाती हैं और दुख मिट जाते हैं। हम प्रार्थना करते हैं कि हम सभी मिल-जुलकर शांति से जीवन बिताएं। हम सब यूं ही साथ बने रहे।' पढ़ें पूरी खबर...