फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   today news updates in hindi air india opposition women reservation crime politics pm modi

Update: एअर इंडिया के पायलट पर गांजा रखने का आरोप, अमेरिका से वापस भेजा गया

Sat, 18 Apr 2026 04:34 AM IST
Nitin Gautam अमर उजाला, नई दिल्ली
अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Nitin Gautam Updated Sat, 18 Apr 2026 04:34 AM IST
विज्ञापन
today news updates in hindi air india opposition women reservation crime politics pm modi
न्यूज अपडेट - फोटो : Amar Ujala
एअर इंडिया के एक पायलट को अमेरिका से वापस भारत भेज दिया गया। उस पर गांजा (मारिजुआना) रखने का आरोप है। यह पायलट 14 अप्रैल को दिल्ली से सैन फ्रांसिस्को जा रही उड़ान में यात्री के रूप में यात्रा कर रहा था। उसे आगे की उड़ान संचालित करने के लिए वहां तैनात होना था।  एअर इंडिया ने बयान में कहा कि संबंधित क्रू सदस्य को स्थानीय कानूनों के तहत अयोग्य पाया गया और उसे अमेरिका में प्रवेश नहीं दिया गया। इसके बाद उसे भारत वापस भेज दिया गया।
विज्ञापन

द. कोरिया के राष्ट्रपति का भारत दौरा कल से

द. कोरिया के राष्ट्रपति ली जे-म्युंग 19 से 21 अप्रैल तक भारत के तीन दिवसीय राजकीय दौरे पर नई दिल्ली आएंगे। उनके साथ प्रथम महिला किम हे-क्युंग भी होंगी। यह दौरा भारत और दक्षिण कोरिया के बीच विशेष रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उद्देश्य से हो रहा है। दौरे के दौरान राष्ट्रपति ली कई उच्चस्तरीय बैठकों में हिस्सा लेंगे। उनकी हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक में सेमीकंडक्टर, हरित ऊर्जा, रक्षा उत्पादन और व्यापार सहयोग जैसे क्षेत्रों में कई समझौतों पर हस्ताक्षर होने की संभावना है। साथ ही व्यापक आर्थिक साझेदारी समझौते (सीईपीए) को विस्तार देने पर भी चर्चा होगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

संसद में विपक्ष की बड़ी बैठक आज, खरगे के कक्ष में जुटेंगे फ्लोर लीडर्स
संसद के भीतर विपक्षी रणनीति को लेकर अहम बैठक आज होने जा रही है। जानकारी के अनुसार, सभी विपक्षी दलों के फ्लोर लीडर्स सुबह 10 बजे मल्लिकार्जुन खरगे के संसद स्थित कक्ष में एकत्र होंगे।

विज्ञापन

बैनरघट्टा बायोलॉजिकल पार्क में दक्षिण अफ्रीका से आए चार चीते

बैनरघट्टा बायोलॉजिकल पार्क ने शनिवार को दक्षिण अफ्रीका से चार चीतों के सफल आगमन की घोषणा की, जिनमें दो मादा शामिल हैं। ये चीते इंडुना प्राइमेट एंड पैरट पार्क से लाए गए हैं। पार्क प्रशासन के अनुसार, सभी चीते शनिवार तड़के करीब 1:15 बजे केम्पेगौड़ा अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचे। यह स्थानांतरण वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम के तहत स्वीकृत एनिमल एक्सचेंज प्रोग्राम के अंतर्गत किया गया है। जारी बयान में कहा गया कि इस पहल का उद्देश्य संरक्षण प्रयासों को मजबूत करना, कैद में रहने वाले जीवों की आनुवंशिक विविधता बढ़ाना, पर्यटकों में जागरूकता फैलाना और वैज्ञानिक अनुसंधान को प्रोत्साहित करना है।

उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19-20 अप्रैल को श्रीलंका दौरे पर जाएंगे
भारत के उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 19 से 20 अप्रैल तक आधिकारिक दौरे पर श्रीलंका जाएंगे। उनके कार्यालय ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। दौरे के दौरान उपराष्ट्रपति श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके  से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह श्रीलंका की प्रधानमंत्री हरिनी अमरासुरिया समेत कई वरिष्ठ नेताओं और गणमान्य व्यक्तियों से भी बातचीत करेंगे।

उपराष्ट्रपति भारतीय मूल के तमिल समुदाय के नेताओं तथा श्रीलंका के उत्तरी और पूर्वी क्षेत्रों के तमिल प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे। दौरे के दौरान कोलंबो में आयोजित एक सामुदायिक कार्यक्रम में वह भारतीय प्रवासी समुदाय को संबोधित करेंगे। इसी कार्यक्रम में भारत सरकार की सहायता से बने भारतीय आवास परियोजना के तीसरे चरण के तहत तमिल समुदाय के लाभार्थियों को वर्चुअली घर सौंपेंगे।

इस परियोजना के तहत तमिल समुदाय के लिए कुल मकानों की संख्या 50,000 तक पहुंच जाएगी, जबकि चौथे चरण में 10,000 और घरों का निर्माण किया जा रहा है। 20 अप्रैल को उपराष्ट्रपति नुवारा एलिया जाएंगे, जहां वह भारतीय आवास परियोजनाओं का निरीक्षण करेंगे और स्थानीय तमिल समुदाय से संवाद करेंगे।

बहरामपुर में पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने किया प्रचार
पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने शनिवार को पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की बहरामपुर विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी के समर्थन में चुनाव प्रचार किया।

शहर में रोड शो से पहले अजहरुद्दीन ने अधीर रंजन चौधरी के लंबे राजनीतिक अनुभव और क्षेत्र से उनके गहरे जुड़ाव का जिक्र करते हुए मतदाताओं से कांग्रेस उम्मीदवार को समर्थन देने की अपील की। रोड शो के दौरान सड़कों के दोनों ओर भारी संख्या में लोग जुटे। बालकनी और छतों पर खड़े लोगों ने पूर्व क्रिकेटर का हाथ हिलाकर स्वागत किया।

बहरामपुर से पांच बार सांसद रह चुके अधीर रंजन चौधरी 2026 पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मैदान में हैं। करीब तीन दशक बाद वह राज्य की चुनावी राजनीति में वापसी कर रहे हैं। बहरामपुर सीट पर 23 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होगा। दूसरे चरण की वोटिंग 29 अप्रैल को होगी, जबकि मतगणना 4 मई को होगी। अधीर रंजन चौधरी 2024 लोकसभा चुनाव में बहरामपुर सीट से यूसुफ पठान से हार गए थे, जिसके बाद अब वह विधानसभा चुनाव में किस्मत आजमा रहे हैं।

दक्षिण भारत में सुप्रीम कोर्ट बेंच बने, न्याय तक पहुंच आसान होगी- सीएम सिद्धारमैया
कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शनिवार को कहा कि देश की सर्वोच्च अदालत तक आम लोगों की पहुंच आसान बनाने की जरूरत है और दक्षिण भारत में सुप्रीम कोर्ट की एक बेंच स्थापित करना न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में बड़ा कदम होगा।

वह न्यायिक अधिकारियों के 22वें द्विवार्षिक राज्य स्तरीय सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे, जिसका विषय था, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के दौर में न्यायपालिका की पुनर्कल्पना। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक और एआई के बढ़ते उपयोग के बीच यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि किसी न्यायाधीश की संवैधानिक भूमिका और अधिकार एल्गोरिद्म के प्रभाव में कम न हों।

उन्होंने कहा कि लंबित मामलों की संख्या अब भी न्याय व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती बनी हुई है, जिससे समय पर न्याय मिलने में देरी होती है। तकनीक इससे निपटने में मदद कर सकती है, लेकिन इसके साथ बुनियादी ढांचे को मजबूत करना, न्यायिक क्षमता बढ़ाना और अदालतों की प्रक्रियाओं का आधुनिकीकरण भी जरूरी है। सिद्धारमैया ने कहा कि दक्षिण भारत में सुप्रीम कोर्ट की बेंच स्थापित होने से लोगों को राहत मिलेगी और न्याय व्यवस्था अधिक सुलभ बन सकेगी।

नशीला अरिष्टम पीने से आदिवासी युवक की मौत का आरोप, विरोध के बाद दुकान सील
केरल के वायनाड जिले में 38 वर्षीय एक आदिवासी व्यक्ति की कथित तौर पर नशीले पदार्थ मिले अरिष्टम के सेवन से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकान को बंद करा दिया।

मृतक की पहचान प्रसाद के रूप में हुई है, जो पदिंजारेथरा पंचायत के चेऱ्यामकोल्ली क्षेत्र स्थित कल्लुमोट्टनकुन्नू आदिवासी बस्ती का निवासी था। वह हाल ही में इलाज के दौरान कोझिकोड मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ गया। परिजनों के अनुसार, 7 अप्रैल को खून की उल्टी होने के बाद उसे पहले मनंथावडी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां से बाद में कोझिकोड रेफर किया गया।

अस्पताल सूत्रों ने आशंका जताई कि अत्यधिक शराब सेवन और अरिष्टम के सेवन से उत्पन्न जटिलताओं के कारण उसकी मौत हुई। अरिष्टम एक पारंपरिक आयुर्वेदिक किण्वित टॉनिक माना जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि आयुर्वेदिक दवा के नाम पर बेचे जा रहे इस उत्पाद का नशे के तौर पर दुरुपयोग किया जा रहा था, खासकर आदिवासी समुदायों में। उनका कहना है कि आसपास के पंचायत क्षेत्रों से लोग इसे खरीदने आते थे, यहां तक कि ड्राई डे पर भी बिक्री होती थी।

विरोध प्रदर्शन के बाद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए श्री विनायका फार्मास्युटिकल्स नामक दुकान को बंद करा दिया। आरोप है कि यहां बिना उचित अनुमति और चिकित्सकीय निगरानी के यह उत्पाद बेचा जा रहा था।

छात्रा की मौत पर मयूरभंज बंद
ओडिशा के मयूरभंज जिले में सरकारी आवासीय स्कूल की एक छात्रा की कथित फूड पॉइजनिंग से मौत के विरोध में शनिवार को बीजेडी द्वारा बुलाए गए 12 घंटे के बंद के कारण जनजीवन प्रभावित रहा।  कांग्रेस ने भी बंद को समर्थन दिया। अधिकारियों के अनुसार, कक्षा 5 की एक छात्रा की मौत हो गई, जबकि 100 से अधिक छात्र भोजन करने के बाद बीमार पड़ गए। घटना के बाद जिले में राजनीतिक विरोध तेज हो गया।

सुबह 6 बजे शुरू हुए बंद के दौरान बीजेडी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई स्थानों पर सड़क जाम किया, टायर जलाए और प्रदर्शन किया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। जिले के कई इलाकों में दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और शैक्षणिक संस्थान बंद रहे, हालांकि कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कुछ सरकारी दफ्तर खुले रहे। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है।

बीजेडी के जिला अध्यक्ष और पूर्व मंत्री सुदाम मरांडी ने मामले की हाईकोर्ट के मौजूदा न्यायाधीश की निगरानी में न्यायिक जांच की मांग की। वहीं कांग्रेस नेता पूर्ण बिस्वाल ने मृत छात्रा के परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा और एक सरकारी नौकरी देने की मांग की।



 

गुजरात के सुरेंद्रनगर में बंगले में आग, दंपति की मौत; दो घायल
गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में एक बंगले में लगी आग में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग मामूली रूप से झुलस गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार रात लिम्बडी कस्बे में हुई। आग लगने के समय घर के बेडरूम में मौजूद शबीर लोखंडवाला और रसीदा लोखंडवाला को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। लिम्बडी डिवीजन के डीएसपी विशाल रबारी ने बताया कि घर में मौजूद दो अन्य लोगों को मामूली जलने की चोटें आई हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि एयर कंडीशनर में तकनीकी खराबी के कारण आग लगी हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

मणिपुर में हालात संवेदनशील लेकिन नियंत्रण में- सीएम वाई खेमचंद सिंह
मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई खेमचंद सिंह ने शनिवार को कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति संवेदनशील जरूर है, लेकिन पूरी तरह नियंत्रण में है।मुख्यमंत्री ने यह बयान राज्य सचिवालय में असम राइफल्स के आईजीएआर (दक्षिण) अधिकारियों के साथ बैठक के बाद दिया। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बल हर प्रकार की अशांति से अत्यंत सावधानी और संयम के साथ निपट रहे हैं।

सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने लोगों से अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं से सतर्क रहने की अपील की, ताकि किसी भी तरह की अशांति न फैले। गौरतलब है कि 7 अप्रैल को बिष्णुपुर जिले के त्रोंग्लाओबी इलाके में हुए बम हमले में दो बच्चों की मौत के बाद इंफाल घाटी के पांच जिलों में विरोध प्रदर्शन और सुरक्षा बलों के साथ झड़पें हुई थीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार न्याय सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है और उचित समय पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी, साथ ही राज्य में शांति और स्थिरता बनाए रखी जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed