फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   National Update 11th Sept Odisha Telangana Gujarat Manipur Rajasthan north east west south politics crime news

न्यूज डायरी: नगांव लोकसभा उपचुनाव के लिए भाजपा ने देवाशीष शर्मा को बनाया उम्मीदवार, छह अक्तूबर को होगी वोटिंग

Fri, 11 Sep 2026 11:10 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 11 Sep 2026 11:10 PM IST
विज्ञापन
National Update 11th Sept Odisha Telangana Gujarat Manipur Rajasthan north east west south politics crime news
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

ओडिशा सरकार ने SIR कार्य की प्रगति में कथित बाधा डालने के आरोप में एक ब्लॉक-स्तरीय शिक्षा अधिकारी को निलंबित कर दिया है। यह निलंबन गुरुवार को जारी एक बयान के अनुसार तत्काल प्रभाव से लागू हुआ है। केन्दुझर जिले के हाटाडीही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को निलंबित किया गया है। अधिकारी को सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति के बिना मुख्यालय न छोड़ने का निर्देश दिया गया है। केन्दुझर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी का कार्यालय ही उनका मुख्यालय माना जाएगा। उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ता भी मिलेगा। अधिकारियों ने बताया कि ओडिशा में मतदाता सूचियों का विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अंतिम चरण में है। पंजीकरण और संशोधन के लिए दावे व आपत्तियां दाखिल करने की अंतिम तिथि अगस्त 2026 में समाप्त हो गई थी। सभी दावों और आपत्तियों पर अंतिम निर्णय 17 सितंबर, 2026 तक लिया जाएगा। SIR के बाद की मतदाता सूची 21 सितंबर, 2026 को प्रकाशित होगी।

विज्ञापन


असम में 31 साल बाद डायन बताकर हत्या, छह दोषियों को उम्रकैद
असम के कामरूप जिले की एक अदालत ने 31 साल पुराने मामले में छह लोगों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। इन लोगों पर 80 वर्षीय महिला मारिया बोरो की डायन बताकर हत्या करने का आरोप था। रंगिया के अतिरिक्त सत्र एवं जिला न्यायाधीश मुकुल चेतिया ने बुधवार को यह फैसला सुनाया। सभी छह दोषियों को हत्या के लिए IPC की धारा 302 के तहत उम्रकैद मिली है। उन्हें सबूत मिटाने के लिए पांच साल की अतिरिक्त सजा भी दी गई है। मारिया बोरो को 1995 में पीटा गया और जला दिया गया था। उसका आधा जला हुआ शव बोरडांगेरीकुची गांव में घर के पास दफनाया गया था। आरोपियों ने पारंपरिक इलाज के बाद एक व्यक्ति की मौत के लिए बोरो को जिम्मेदार ठहराया था। अदालत ने 2013 में इस मामले की सुनवाई शुरू की थी। असम सरकार ने 2018 में डायन शिकार निषेध अधिनियम बनाया। 2024 में, असम हीलिंग प्रैक्टिसेज बिल को भी मंजूरी मिली है।

विज्ञापन

गगनयान को निर्बाध ट्रैकिंग और डाटा सपोर्ट देगा यूरोप: ईएसए व इसरो में समझौता, शुक्र मिशन को भी गति
भारत के महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम (गगनयान) व भविष्य के अंतरग्रहीय अभियानों को नई वैश्विक ताकत मिली है। फ्रांस में आयोजित अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष सम्मेलन में भारत के इसरो व यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) ने अंतरिक्ष कूटनीति के क्षेत्र में बड़ा समझौता किया है। इसके तहत ईएसए गगनयान को अपने वैश्विक ग्राउंड स्टेशनों से निर्बाध ट्रैकिंग व डाटा सपोर्ट देगी। सम्मेलन के दौरान इसरो के अध्यक्ष डॉ. वी. नारायणन और ईएसए के महानिदेशक जोसेफ अशबाकर के बीच उच्च स्तरीय वार्ता भी हुई, जिसमें टेक्निकल इंप्लीमेंटिंग प्लान पर औपचारिक हस्ताक्षर किए गए। यह साझेदारी सिर्फ गगनयान मिशन तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी भारत के आगामी शुक्र ऑर्बिटर मिशन में भी सहयोग करेगी।
विज्ञापन

यौन उत्पीड़न की जांच के दौरान महिलाकर्मी को 90 दिन अवकाश
केंद्र सरकार ने यौन उत्पीड़न की शिकायत की जांच के दौरान पीड़ित महिला सरकारी कर्मचारी को अधिकतम 90 दिन का विशेष अवकाश देने का प्रावधान किया है। यह अवकाश आंतरिक शिकायत समिति की सिफारिश पर मंजूर किया जा सकता है। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग के अनुसार, इस श्रेणी के तहत दिया गया अवकाश कर्मचारी के नियमित अवकाश खाते से नहीं काटा जाएगा। इसका उद्देश्य जांच की अवधि के दौरान शिकायतकर्ता महिला को आवश्यक सहायता और राहत उपलब्ध कराना है।
विज्ञापन

नंदीग्राम से लड़ेंगी ममता तो नहीं उतारेंगे उम्मीदवार: ऋतब्रत गुट
तृणमूल कांग्रेस के भीतर जारी विवाद के बीच ऋतब्रत बनर्जी गुट ने संकेत दिया कि अगर ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव लड़ती हैं, तो वह उनके खिलाफ अपना उम्मीदवार नहीं उतारेंगे। इसे ममता को नंदीग्राम से उतरने की खुली चुनौती के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, ममता गुट की ओर से फिलहाल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। ऋतब्रत गुट की ओर से कहा गया है कि वह ममता बनर्जी के सामने उम्मीदवार उतारने के बजाय उन्हें नंदीग्राम से चुनाव लड़ने की चुनौती देना चाहता है।

गुजरात विधानसभा में वंदे मातरम के दौरान बैठे रहे इमरान
गुजरात विधानसभा में बृहस्पतिवार को राष्ट्रगीत वंदे मातरम गायन के दौरान कांग्रेस विधायक इमरान खेड़ावाला अपनी सीट पर बैठे रहे। सत्तारूढ़ भाजपा ने कांग्रेस विधायक के इस रवैये के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए विधानसभा अध्यक्ष शंकर चौधरी से मामले को विशेषाधिकार या आचार समिति के पास भेजने की मांग की। उधर, कांग्रेस ने खेड़ावाला के कदम से खुद को अलग कर लिया। कांग्रेस ने कहा कि यह पार्टी का रुख नहीं है। 

पुलिस कांस्टेबल पर 11 साल तक शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप
तेलंगाना में उप्पल पुलिस ने एक पुलिस कांस्टेबल के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उस पर 11 साल तक महिला का यौन शोषण व धोखाधड़ी का आरोप है। शिकायतकर्ता 34 वर्षीय महिला ने बताया कि आरोपी शेट्टी अरुण कुमार ने 2014 में उसे शादी का प्रस्ताव दिया। जुलाई 2015 में उसने शादी का झूठा वादा कर शारीरिक संबंध बनाए। महिला जून 2025 और मई 2026 में गर्भवती हुई, जिस पर आरोपी ने उसकी मर्जी के खिलाफ गर्भपात कराया। उसने जाति का हवाला देकर शादी टाली, जबकि 1 नवंबर, 2026 को उनकी शादी तय थी। इसके लिए 25 जुलाई, 2026 को 50,000 रुपये का अग्रिम दिया गया। 24 अगस्त, 2026 को महिला को पता चला कि अरुण कुमार ने 1 जुलाई, 2026 को दिव्या पुष्पा से शादी कर ली थी। उप्पल पुलिस ने 25 अगस्त, 2026 को शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है।

प्रेम विवाह से नाराज रिश्तेदारों ने तेलंगाना में एससी युवक का घर तोड़ा
तेलंगाना के जोगुलम्बा गडवाल जिले में एक प्रेम विवाह के बाद एससी समुदाय के एक युवक का घर कथित तौर पर ध्वस्त कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि गुरुवार को यह घटना हुई। युवक और बीसी समुदाय की युवती रेपाली गांव के निवासी हैं। दोनों हैदराबाद में रहते थे। उन्हें प्यार हो गया और उन्होंने 9 सितंबर को शादी कर ली। पुलिस के अनुसार, युवती के रिश्तेदार इस रिश्ते के खिलाफ थे। शादी की जानकारी मिलने पर युवती के कुछ रिश्तेदारों ने गुरुवार शाम ट्रैक्टर से युवक के घर का एक कमरा ध्वस्त कर दिया। पुलिस ने बताया कि घर पिछले कई महीनों से खाली था और उसमें कोई नहीं रह रहा था। इस मामले में एक केस दर्ज कर ट्रैक्टर जब्त कर लिया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है।

मानसून सत्र में गुजरात विधानसभा से चार महत्वपूर्ण विधेयक पारित
गुजरात विधानसभा ने गुरुवार को मानसून सत्र के दूसरे दिन चार विधेयक पारित किए। इनमें से तीन को विपक्ष कांग्रेस और AAP का सर्वसम्मत समर्थन मिला। भू-राजस्व (संशोधन) विधेयक किसानों को उत्पीड़न से बचाएगा। वस्तु एवं सेवा कर (संशोधन) विधेयक कारोबार में आसानी लाएगा। पशुधन चारा, कुक्कुट चारा और खनिज मिश्रण (उत्पादन, भंडारण, वितरण, बिक्री और गुणवत्ता नियंत्रण विनियमन) विधेयक गुणवत्ता नियंत्रण करेगा, जिसमें मिलावट पर 10 लाख रुपये तक का जुर्माना और जेल का प्रावधान है। गुजरात माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक शिक्षा (संशोधन) विधेयक बहुमत से पारित हुआ, जिस पर कांग्रेस ने असहमति जताई। यह स्कूलों में विशेष शिक्षकों की नियुक्ति और भर्ती में पारदर्शिता बढ़ाएगा। शिक्षा मंत्री प्रद्युमन वाजा ने बताया कि अवैध नियुक्ति पर जुर्माना 10 लाख रुपये तक किया गया है।

भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को असम की नगांव लोकसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए देवाशीष शर्मा को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इस लोकसभा सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा, जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को की जाएगी। भाजपा की तरफ से जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने आगामी उपचुनाव के लिए देवाशीष शर्मा के नाम पर अपनी अंतिम मंजूरी दे दी है। यह सीट प्रद्युत बोरदोलोई के हटने के बाद खाली हुई है। बोरदोलोई ने साल 2024 के आम चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर नगांव सीट से जीत हासिल की थी। हालांकि, बाद में वह भाजपा में शामिल हो गए और उन्होंने हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में दिसपुर सीट से जीत दर्ज की।

तिरुवनंतपुरम में मां ने डेढ़ साल की बच्ची का गला रेता, हुई मौत 
केरल के तिरुवनंतपुरम जिले के मलयिनकीझु स्थित विलावरक्कल गांव में गुरुवार दोपहर 3:30 से 4:30 बजे के बीच एक मां ने अपनी डेढ़ साल की बच्ची इवाना की गला रेतकर जान ले ली। पुलिस एफआईआर के मुताबिक, आरोपी मां क्रिस्टी ने पहले खुद को बच्ची के साथ बेडरूम में बंद कर लिया और फिर चाकू से उसके गले पर गहरा वार कर दिया। काफी देर तक दोनों के बाहर न आने पर एक रिश्तेदार ने कमरे का दरवाजा खटखटाया। दरवाजा खुलने पर क्रिस्टी ने बाहर आकर खुद कबूल किया कि उसने अपनी बच्ची की हत्या कर दी है।

गंभीर हालत में बच्ची को पहले विलावरक्कल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। इसके बाद 108 एम्बुलेंस की मदद से उसे तिरुवनंतपुरम के एसएटी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां शाम करीब 5:52 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी मां के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 की धारा 103(1) (हत्या) के तहत केस दर्ज कर लिया है। शुरुआती जांच के अनुसार, यह खौफनाक कदम पारिवारिक कलह की वजह से उठाया गया हो सकता है। फिलहाल पुलिस घटना के कारणों और असल मकसद की जांच कर रही है।

मणिपुर में सुरक्षा बलों ने अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों के तीन उग्रवादियों को पकड़ा
मणिपुर में सुरक्षा बलों ने तीन अलग-अलग प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये गिरफ्तारियां गुरुवार को की गईं। सुरक्षा बलों ने तेंगनौपाल जिले के खारौ खुलन में तलाशी अभियान चलाकर 'यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट' (यूएनएलएफ) के सक्रिय सदस्य एन सुरेश सिंह (26) को पकड़ा, जो थौबल जिले का निवासी है।

वहीं, असम राइफल्स से मिली खुफिया सूचना के आधार पर इंफाल ईस्ट जिले के खबेईसोई से 'पीपुल्स लिबरेशन आर्मी' (पीएलए) के सक्रिय सदस्य एम सानाथोई मेइतेई को पकड़ा गया। उस पर संगठन के लिए नए सदस्यों की भर्ती करने का आरोप है। इसके अलावा, बिष्णुपुर जिले के कुम्बी थाना क्षेत्र स्थित इथाई कुम्बी से 'कांग्लेई यावोल कन्ना लुप' (केवाईकेएल) के एक 43 वर्षीय उग्रवादी को भी हिरासत में लिया गया है।

केरल ने पीएम श्री योजना पर केंद्र ने मांगा जल्द फैसला, सरकार करेगी समीक्षा
केंद्र सरकार ने केरल सरकार को पत्र भेजकर 'पीएम श्री' योजना पर जल्द से जल्द फैसला लेने को कहा है। राज्य के सामान्य शिक्षा मंत्री एन शमसुद्दीन ने शुक्रवार को बताया कि केंद्रीय शिक्षा सचिव का पत्र राज्य के मुख्य सचिव को दो-तीन दिन पहले मिला है। पत्र में कहा गया है कि बाकी योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए इस पर तुरंत फैसला लिया जाए।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री और यूडीएफ नेतृत्व मिलकर इस पर निर्णय लेंगे और मुख्यमंत्री ही इसकी घोषणा करेंगे। उन्होंने कहा कि योजना को लेकर राज्य में अलग-अलग मत हैं और चुनाव से पहले से ही यूडीएफ की आपत्तियां रही हैं। पिछली एलडीएफ सरकार ने इसके लिए समझौता किया था, जिसे बाद में रोक दिया गया था। मौजूदा सरकार ने इसकी समीक्षा के लिए एक कैबिनेट उपसमिति बनाई है। इस योजना का मकसद 14,500 स्कूलों को मॉडल बनाना और 18 लाख छात्रों को लाभ देना है।

त्रिशूर के मंदिर से 15 किलो की प्राचीन पंचलोहा मूर्ति चोरी
केरल के त्रिशूर जिले के कुन्नमकुलम स्थित मक्कालीकावु भगवती मंदिर से शुक्रवार तड़के एक प्राचीन पंचलोहा मूर्ति चोरी हो गई। यह चोरी सुबह तब सामने आई, जब पुजारी मंदिर खोलने पहुँचे। पुलिस के अनुसार, पांच धातुओं के मिश्रण से बनी यह मूर्ति लगभग 15 किलोग्राम वजनी और कई साल पुरानी थी।

चोर ने पहचान छुपाने के लिए चेहरा ढक रखा था और वारदात से पहले सीसीटीवी कैमरे पर रेशमी कपड़ा बांध दिया था। कुन्नमकुलम पुलिस ने मौके की जांच की और आस-पास के कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस उन पुराने अपराधियों पर भी नजर रख रही है जो मूर्तियों की चोरी और प्राचीन सामान बेचने के मामलों में शामिल रहे हैं। इससे पहले गुरुवार को जिले के कैपमंगलम और मन्नमपेटा मंदिरों में भी नकदी, गहने और दीप चोरी हुए थे। पुलिस सभी घटनाओं के आपसी तार जोड़कर जांच कर रही है।

केरल में छात्राओं की तस्वीरें मॉर्फ करने के आरोपी ने लॉज में की खुदकुशी की कोशिश
केरल के मलप्पुरम में छात्राओं की तस्वीरों को अश्लील बनाकर वायरल करने के आरोप में पकड़े गए 26 वर्षीय युवक ने लॉज में खुदकुशी की कोशिश की। आरोपी सुबिन बाबू तिरुवनंतपुरम का रहने वाला है और मोबाइल तकनीशियन है। मलप्पुरम पुलिस ने उसे बुधवार को गिरफ्तार किया था, जिसके बाद स्थानीय अदालत ने उसे जिले से बाहर न जाने की शर्त पर जमानत दे दी थी।

अदालत के आदेश पर वह मलप्पुरम के एक लॉज में रुका था, जहाँ गुरुवार रात उसने हाथ की नस काट ली। लॉज कर्मियों ने उसे घायल देखकर तुरंत अस्पताल पहुँचाया, जहाँ उसकी हालत अब खतरे से बाहर है। पुलिस इस घटना की जानकारी अदालत को देगी। सुबिन पर इंस्टाग्राम से छात्राओं की फोटो चुराकर उन्हें अश्लील बनाने और सोशल मीडिया पर फैलाने का आरोप है। करीब 12 छात्राओं की शिकायत पर पुलिस ने यह कार्रवाई की थी।

 

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत को दी जन्मदिन की बधाई
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रमुख मोहन भागवत को शुक्रवार को उनके 76वें जन्मदिन पर बधाई दी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर उनके उत्तम स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना की।

सरमा ने कहा कि राष्ट्र सेवा के लिए समर्पित संघ प्रमुख मोहन भागवत जी का जीवन सभी के लिए आदरणीय है। देश के सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत बनाने और सामाजिक एकता को बढ़ावा देने में उनका योगदान हमेशा से प्रेरणा देने वाला रहा है। मोहन भागवत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छठे और वर्तमान सरसंघचालक हैं। शुक्रवार को वह 76 वर्ष के हो गए। मुख्यमंत्री ने देश और समाज के प्रति उनके निस्वार्थ समर्पण की सराहना करते हुए ईश्वर से उनके दीर्घायु होने की कामना की।

मौसम विभाग का अलर्ट: ओडिशा, बंगाल और आंध्र समेत कई राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम और पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी और दक्षिण ओडिशा-उत्तरी आंध्र प्रदेश तटों पर बने कम दबाव के क्षेत्र को लेकर चेतावनी जारी की है। इसके प्रभाव से चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक फैल चुका है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों में बंगाल की खाड़ी के साथ-साथ ओडिशा, पश्चिम बंगाल, उत्तरी आंध्र प्रदेश और बांग्लादेश के तटों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चलेंगी, जो 60 किमी प्रति घंटे तक पहुँच सकती हैं। समुद्र में खराब हालात को देखते हुए मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा ओडिशा, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में शुक्रवार को भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। पश्चिम बंगाल के मैदानी भागों और मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश की आशंका जताई गई है।

काजीरंगा के पास गड्ढे में फंसा हाथी का बच्चा सुरक्षित निकाला गया
असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान के पास सेकोनी चाय बागान में कीचड़ भरे गड्ढे में फंसे चार से छह हफ्ते के हाथी के बच्चे को सुरक्षित बचा लिया गया है। असम के वन और पर्यावरण मंत्री जयंत मल्ला बरुआ ने बताया कि बुधवार को यह बच्चा गड्ढे में गिर गया था और उसका झुंड उसे निकालने में नाकाम रहा था। इसके बाद बागान कर्मियों और ग्रामीणों ने फौरन वन विभाग को सूचना दी।

गुरुवार को वन्यजीव पुनर्वास एवं संरक्षण केंद्र (सीडब्ल्यूआरसी) की टीम ने डॉक्टर भास्कर चौधरी के नेतृत्व में बच्चे को बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद वन विभाग ने बच्चे को उसके झुंड से मिलाने की कोशिश की, लेकिन झुंड के वापस न आने पर उसे आगे के इलाज के लिए सीडब्ल्यूआरसी भेज दिया गया। इसके अलावा, गोलाघाट के बोकोलिया रेंज में एक अन्य हाथी के गले में फंसा बड़ा टायर भी वन कर्मियों ने सुरक्षित निकाल दिया है।

आंध्र प्रदेश मेंं बंगाल की खाड़ी में बने दबाव के कारण भारी बारिश का अलर्ट जारी
बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के चलते आंध्र प्रदेश सरकार ने राज्य में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। गृह और आपदा प्रबंधन मंत्री वी अनिता ने नुकसान से बचने के लिए अधिकारियों को सभी जरूरी कदम उठाने और प्रभावित जिलों में कंट्रोल रूम बनाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने लोगों से अगले तीन दिनों तक सतर्क रहने को कहा है।

तटीय इलाकों में 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने मछुआरों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी है। शुक्रवार और शनिवार को श्रीकाकुलम, विजयनगरम, पार्वतीपुरम मान्यम और अल्लूरी सीताराम राजू जिलों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं विशाखापट्टनम, अनकापल्ली, काकीनाडा और गोदावरी जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।

असम: राष्ट्रीय वन शहीद दिवस पर मुख्यमंत्री ने वन रक्षकों के बलिदान को किया नमन
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को 'राष्ट्रीय वन शहीद दिवस' के मौके पर वनों, वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत की रक्षा में जान गंवाने वाले वीरों को श्रद्धांजलि दी। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर कहा कि वह जंगलों और वन्य जीवों की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी शहीदों को नमन करते हैं।

उन्होंने कहा कि असम सरकार अपने वन बल को सशक्त बनाने और 'वन दुर्गा' के रूप में महिलाओं को आगे लाने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है, जिससे आने वाली पीढ़ियों के लिए जंगलों को सुरक्षित रखा जा सके। मुख्यमंत्री ने अग्रिम पंक्ति में तैनात महिला वन कर्मियों यानी 'वन दुर्गा' की तस्वीरें भी साझा कीं। भारत में हर साल 11 सितंबर को यह दिवस वन रक्षकों, अधिकारियों और स्थानीय समुदाय के त्याग और सेवा के सम्मान में मनाया जाता है।

मिजोरम: सड़क निर्माण मजदूर की मौत के मामले में पांच साथी हिरासत में
मिजोरम के ममित जिले में एक साथी मजदूर की मौत के मामले में पुलिस ने पांच निर्माण श्रमिकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। मृतक की पहचान 42 वर्षीय व्यक्ति के रूप में हुई है, जो नेपाल का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, एक सड़क निर्माण कंपनी में काम करने वाले ये मजदूर लुंगफुन गांव के पास ठहरे हुए थे, जहाँ बुधवार रात कथित तौर पर साथियों ने उसकी हत्या कर दी और शव खाई में फेंक दिया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रात में मजदूरों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद पीड़ित के पैर पर चोट पहुँचाई गई और उसे खाई में गिरा दिया गया। पुलिस ने नेपाल के नागरिकों सहित पांचों संदिग्धों को हिरासत में लेकर उनके बयान दर्ज किए हैं। शव का पोस्टमॉर्टम कांगमुन में कराया जा रहा है, जिसके बाद आइजोल की गोरखा एसोसिएशन इसे प्राप्त करेगी। मामले की जांच जारी है।

बंगलूरू से 7 महीने से लापता छात्रा आधार ओटीपी से मिली, सीआईडी ने पति के घर से किया बरामद
बंगलूरू के विद्यारण्यपुरा से 31 जनवरी को लापता हुई द्वितीय वर्ष पीयूसी की 18 वर्षीय छात्रा को पुलिस ने सात महीने बाद कनकपुरा तालुक के एक गांव से सुरक्षित खोज निकाला। छात्रा अपनी एक नाबालिग सहेली के साथ केवल आधार कार्ड लेकर कॉलेज जाने के बहाने निकली थी। कर्नाटक उच्च न्यायालय में दायर बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका के बाद सीआईडी ने जांच संभाली। हाल ही में छात्रा ने एक सेवा के लिए अपने आधार विवरण का उपयोग कर पति का मोबाइल नंबर दर्ज किया, जिस पर ओटीपी आया। पुलिस ने उसी नंबर की लोकेशन ट्रैक कर उसे बरामद कर लिया। गर्भवती छात्रा को अदालत में पेश कर माता-पिता को सौंप दिया गया है, जबकि उसकी नाबालिग सहेली की तलाश अभी जारी है।

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बंगाल में कार्यरत शिक्षकों के लिए टीईटी की तैयारी, 31 अगस्त 2028 तक का समय
पश्चिम बंगाल स्कूल शिक्षा विभाग ने कार्यरत प्राथमिक शिक्षकों के लिए शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। विभाग ने इस संबंध में स्कूल सेवा आयोग और प्राथमिक शिक्षा बोर्ड को निर्देश जारी किए हैं। यह कदम सुप्रीम कोर्ट के आदेश के अनुपालन में उठाया गया है, जिसके तहत आरटीई कानून 2009 से पहले नियुक्त शिक्षकों के लिए टीईटी पास करना अनिवार्य किया गया है। कोर्ट ने योग्यता हासिल करने की समयसीमा 31 अगस्त 2028 तक बढ़ा दी है। कक्षा 1 से 8 तक पढ़ाने वाले लगभग 90,000 शिक्षकों को परीक्षा में बैठना होगा। हालांकि, जिन शिक्षकों की सेवानिवृत्ति में 5 वर्ष या उससे कम समय बचा है, उन्हें इस परीक्षा से छूट दी गई है।

कोलकाता मेट्रो: मेंटेनेंस कार्य के चलते रविवार को प्रभावित रहेंगी ब्लू लाइन सेवाएं, शेड्यूल जारी
कोलकाता मेट्रो की ब्लू लाइन पर मेंटेनेंस और पावर ब्लॉक के कारण रविवार, 13 सितंबर को सेवाएं आंशिक रूप से प्रभावित रहेंगी। मेट्रो अधिकारी के अनुसार, गीतांजलि (नाकताला) और कवि नजरूल (गड़िया बाजार) स्टेशनों के बीच सुबह 9 बजे से शाम 6:30 बजे तक ट्रैफिक और पावर ब्लॉक रहेगा। इस ब्लॉक के दौरान शहीद खुदीराम और महानायक उत्तम कुमार स्टेशनों के बीच मेट्रो सेवाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। हालांकि, दक्षिणेश्वर से महानायक उत्तम कुमार (टॉलीगंज) स्टेशन के बीच सामान्य सेवाएं निरंतर जारी रहेंगी। शाम 6:30 बजे के बाद पूरी ब्लू लाइन पर सभी ट्रेनों का परिचालन फिर से सामान्य रूप से शुरू होने की संभावना है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed