News Updates: पूर्व मंत्री पी बेंजामिन समर्थकों के साथ डीएमके में शामिल, असम में 4.7 तीव्रता का भूकंप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऊटी में दर्दनाक सड़क हादसा: पर्यटकों से भरा वाहन पलटा, एक ही परिवार के 14 लोग गंभीर घायल
पुलिस के मुताबिक, आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम स्थित अक्कय्यापालेम इलाके के एक परिवार के 22 सदस्य मैसूर और ऊटी समेत विभिन्न पर्यटन स्थलों की यात्रा के बाद वाहन से अपने घर लौट रहे थे। नीलगिरि जिले के कुन्नूर घाट मार्ग पर नंदगोपाल ब्रिज के पास पहुंचने पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे में 14 लोगों को गंभीर चोटें आईं।
घटना के बाद सभी घायलों को तत्काल कुन्नूर सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि कुन्नूर थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
तमिलनाडु की राजनीति में एआईएडीएमके को एक और बड़ा झटका लगा है। पूर्व मंत्री पी बेंजामिन अपने कई समर्थकों के साथ सत्ताधारी पार्टी डीएमके में शामिल हो गए हैं। उन्होंने चेन्नई स्थित डीएमके मुख्यालय 'अन्ना अरिवालयम' में पार्टी की सदस्यता ली। इस दौरान डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन खुद मौजूद थे। बेंजामिन के साथ एआईएडीएमके के कई अन्य पदाधिकारी भी डीएमके में आए हैं। इनमें तिरुवल्लूर मध्य जिला महिला विंग की सचिव यामिनी इलैयाराजा और छात्र विंग के सचिव दिनेश शामिल हैं। इनके अलावा बड़ी संख्या में अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पाला बदला है। इस मौके पर टीआर बालू, ए राजा और आरएस भारती जैसे वरिष्ठ डीएमके नेता भी वहां उपस्थित रहे।
पी बेंजामिन का राजनीतिक करियर काफी अहम रहा है। वह चेन्नई नगर निगम के डिप्टी मेयर रह चुके हैं। साथ ही उन्होंने दिवंगत मुख्यमंत्री जे जयललिता और एडप्पादी के पलानीस्वामी की सरकारों में मंत्री पद भी संभाला था। एआईएडीएमके के लिए यह समय काफी चुनौतीपूर्ण है। पार्टी प्रमुख पलानीस्वामी पहले से ही विधायकों की बगावत का सामना कर रहे हैं। हाल ही में एमसी संपत, एनआर शिवपति, कदंबूर सी राजू और उदुमलाई के राधाकृष्णन जैसे कई अन्य पूर्व मंत्रियों ने भी पार्टी छोड़ी थी। वे लोग टीवीके (TVK) में शामिल हुए थे। अब बेंजामिन के जाने से एआईएडीएमके से दिग्गज नेताओं का बाहर निकलना जारी है।
वोटर वेरिफिकेशन पर ओवैसी की बड़ी मांग, पैन कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस को मिले मंजूरी
15 जून से शुरू होगा घर-घर वेरिफिकेशन का काम
तेलंगाना में आगामी 15 जून से विशेष गहन संशोधन का काम शुरू होने जा रहा है। 15 से 24 जून तक मतदाता सूची तैयार होगी और फिर 25 जून से 24 जुलाई तक घर-घर जाकर वोटर वेरिफिकेशन किया जाएगा। ओवैसी ने मतदाता सूची की शुरुआती मैपिंग में मिली भारी कमियों पर भी गहरी चिंता जताई है। उन्होंने दावा किया कि एक विधानसभा क्षेत्र में तो 90 प्रतिशत तक गड़बड़ियां सामने आई हैं। ओवैसी का कहना है कि इस काम में साल 2002 की पुरानी सूची का इस्तेमाल हो रहा है। इसलिए चुनाव आयोग की गलतियों की सजा आम जनता और वोटरों को नहीं मिलनी चाहिए।
फीफा वर्ल्ड कप के नाम पर फर्जी स्ट्रीमिंग ऐप्स से ठगी, केरल पुलिस ने जारी किया अलर्ट
केरल पुलिस ने फुटबॉल प्रशंसकों को सोशल मीडिया पर फीफा वर्ल्ड कप 2026 की मुफ्त लाइव स्ट्रीमिंग का झांसा देने वाले फर्जी ओटीटी ऐप्स से सावधान रहने की चेतावनी दी है। पुलिस के मुताबिक, जालसाज फेसबुक, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर 'HZ TV' और 'MAX TV' जैसे फर्जी ऐप्स के लिंक शेयर कर रहे हैं, जिन्हें डाउनलोड करने पर फोन की 'एक्सेसिबिलिटी सर्विस' और 'स्क्रीन ओवरले' जैसी संवेदनशील अनुमतियां हासिल कर ली जाती हैं। इन अनुमतियों की मदद से धोखेबाज यूजर के फोन का पूरा नियंत्रण अपने हाथ में ले लेते हैं और बिना भनक लगे यूपीआई ऐप्स के जरिए बैंक खातों से पैसे उड़ा रहे हैं। पुलिस ने सलाह दी है कि किसी भी अज्ञात लिंक से ऐप डाउनलोड न करें, केवल गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर का ही इस्तेमाल करें।
असम के कछार जिले में गुरुवार रात 4.7 तीव्रता का भूकंप आया, जिसके झटके पूर्वोत्तर के कई राज्यों में महसूस किए गए। हालांकि, फिलहाल किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। भूकंप रात 9:10 बजे आया। इसके झटके मेघालय की राजधानी शिलांग समेत राज्य के कई हिस्सों में महसूस किए गए। अधिकारियों के अनुसार, असम और पड़ोसी पूर्वोत्तर राज्यों के विभिन्न क्षेत्रों में भी लोगों ने भूकंप के झटके महसूस किए।
शिलांग स्थित भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, भूकंप का केंद्र असम के कछार जिले में था। इसकी गहराई 39 किलोमीटर दर्ज की गई। भूकंप का केंद्र 24.941 डिग्री उत्तरी अक्षांश और 93.007 डिग्री पूर्वी देशांतर पर स्थित था। मेघालय और अन्य प्रभावित क्षेत्रों से किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की तत्काल कोई सूचना नहीं मिली है।