{"_id":"6453992ebbe801b49906bb65","slug":"sharad-pawar-tells-decision-to-quit-as-ncp-chief-for-party-s-future-will-take-final-call-in-couple-of-days-2023-05-04","type":"story","status":"publish","title_hn":"Sharad Pawar:एक-दो दिन में अपना अंतिम फैसला लेंगे एनसीपी सुप्रीमो पवार; कार्यकर्ताओं को बताई अचानक एलान की वजह","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
Sharad Pawar:एक-दो दिन में अपना अंतिम फैसला लेंगे एनसीपी सुप्रीमो पवार; कार्यकर्ताओं को बताई अचानक एलान की वजह
Thu, 04 May 2023 05:08 PM IST
शिव शरण शुक्ला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: शिव शरण शुक्ला
Updated Thu, 04 May 2023 05:08 PM IST
सार
शरद पवार ने आगे यह यह भी कहा कि अंतिम निर्णय में पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। बता दें कि वाई बी चव्हाण केंद्र के बाहर पवार के समर्थक उनसे अपना फैसला बदलने की मांग करते हुए डेरा डाले हुए हैं।
विज्ञापन
शरद पवार
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के अध्यक्ष पद से शरद पवार के पद छोड़ने के एलान ने महाराष्ट्र के साथ-साथ देश की राजनीति में हलचल शुरू कर दी है। हालांकि, कई एनसीपी नेता और कार्यकर्ता शरद पवार को मनाने में लगे हैं। इस बीच, गुरुवार को राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार ने कहा कि उन्होंने पद छोड़ने का फैसला पार्टी के भविष्य और नया नेतृत्व तैयार करने के लिए लिया है। इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि वे पद छोड़ने के संबंध में आने वाले कुछ दिनों में अंतिम निर्णय लेंगे।
विज्ञापन
समर्थक कर रहे फैसले पर दोबारा विचार करने की मांग
उन्होंने वाई बी चव्हाण केंद्र के बाहर अपने समर्थकों को संबोधित करते हुए यह बातें कहीं। उन्होंने यह यह भी कहा कि अंतिम निर्णय में पार्टी कार्यकर्ताओं की भावनाओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। बता दें कि वाई बी चव्हाण केंद्र के बाहर पवार के समर्थक उनसे अपना फैसला बदलने की मांग करते हुए डेरा डाले हुए हैं।
विज्ञापन
इस दौरान, शरद पवार ने अपने समर्थकों से कहा. 'मैं आपकी भावनाओं का सम्मान करता हूं। मुझे आप सभी के साथ अपनी योजनाओं पर चर्चा करनी चाहिए थी और आपको भरोसे में लेना चाहिए था, लेकिन मुझे यह भी पता है कि अगर मैने आपसे चर्चा की होती तो आपने मुझे फैसला लेने की अनुमति नहीं दी होती।'
विज्ञापन
शरद पवार बोले- एक-दो दिन में अंतिम फैसला लूंगा
उन्होंने इस दौरान बताया कि महाराष्ट्र के बाहर के कुछ पार्टी सहयोगी इस मुद्दे पर चर्चा करने के लिए शुक्रवार को उनसे मिलेंगे। इसके बाद वे एक या दो दिनों में अपना अंतिम निर्णय लेंगे। शरद पवार के समर्थन में धरना दे रहे समर्थकों ने इस दौरान कहा कि उन्हें किसी को पार्टी का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त करना चाहिए और स्वयं उन्हें पार्टी अध्यक्ष की भूमिका में रहना चाहिए।
ये कहते हुए शरद पवार ने किया था इस्तीफे का एलान
इससे पहले, महाराष्ट्र दिवस के दिन अपनी आत्मकथा के विमोचन के दौरान शरद पवार ने पार्टी प्रमुख के पद से इस्तीफा देने का एलान किया था। इस दौरान उन्होंने कहा, 'मेरे साथियो! मैं एनसीपी के अध्यक्ष का पद छोड़ रहा हूं, लेकिन सामाजिक जीवन से रिटायर नहीं हो रहा हूं। लगातार यात्रा मेरी जिंदगी का अटूट हिस्सा बन गया है। मैं पब्लिक मीटिंग और कार्यक्रमों में शामिल होता रहूंगा। मैं पुणे, बारामती, मुंबई, दिल्ली या भारत के किसी भी हिस्से में हूं, आप लोगों के लिए हमेशा की तरह उपलब्ध रहूंगा। लोगों की समस्याएं सुलझाने के लिए मैं हर वक्त काम करता रहूंगा। लोगों का प्यार और भरोसा मेरी सांसें हैं। जनता से मेरा कोई अलगाव नहीं हो रहा है। मैं आपके साथ था और आखिरी सांस तक रहूंगा। तो हम लोग मिलते रहेंगे। शुक्रिया।'
पवार ने आगे कहा, 'मुझे लंबे समय तक पार्टी के नेतृत्व का मौका मिला। मैंने अध्यक्ष पद की कई साल जिम्मेदारी निभाई। मैं चाहता हूं कि कोई और इस जिम्मेदारी को संभाले। अब मैं अध्यक्ष पद से रिटायरमेंट ले रहा हूं।'