अमित शाह से मिले डीएमके सांसद: परिसीमन पर केंद्र को समर्थन, कनिमोझी बोलीं- बिल के समर्थन का मतलब गठबंधन नहीं
केंद्र सरकार के परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयकों को डीएमके ने समर्थन देने का एलान किया है। इसके बाद पार्टी के कई सांसद गृह मंत्री अमित शाह से मिलने उनके आवास पहुंचे। मुलाकात के बाद कनिमोझी और ए. राजा बाहर निकलते दिखे। ऐसे समय में जब परिसीमन को लेकर राजनीतिक चर्चा तेज है, क्या डीएमके का यह समर्थन संसद में विधेयकों की राह आसान करेगा? आइए, विस्तार से मामले को जानते हैं...
विस्तार
परिसीमन विधेयक पर केंद्र सरकार को समर्थन देने के बाद डीएमके सांसद कनिमोझी ने भाजपा के साथ राजनीतिक गठबंधन की अटकलों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि संसद में किसी विधेयक का समर्थन करने का मतलब संबंधित पार्टी के साथ गठबंधन करना नहीं है। कनिमोझी ने इसके लिए आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों (ईडब्ल्यूएस) को 10 प्रतिशत आरक्षण देने वाले विधेयक का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस और वामदलों ने भी भाजपा सरकार के विधेयक का समर्थन किया था।
कनिमोझी ने गठबंधन की अटकलों पर क्या कहा?
गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कनिमोझी ने कहा कि बार-बार यह धारणा बनाई जा रही है कि भाजपा के किसी विधेयक के पक्ष में मतदान करने का मतलब उसके साथ गठबंधन करना है। उन्होंने कहा कि जब ईडब्ल्यूएस आरक्षण विधेयक लाया गया था, तब डीएमके, राष्ट्रीय जनता दल और कुछ इस्लामी दलों को छोड़कर बाकी दलों ने उसका समर्थन किया था। इनमें कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियां भी शामिल थीं। ऐसे में केवल किसी विधेयक का समर्थन करने से गठबंधन का निष्कर्ष निकालना सही नहीं है।
डीएमके ने परिसीमन विधेयक का समर्थन क्यों किया?
कनिमोझी ने कहा कि केंद्र सरकार ने सभी राज्यों में 1971 की जनगणना के आधार पर लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की मांग स्वीकार की है। इससे तमिलनाडु की सीटें 39 से बढ़कर 59 हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि डीएमके इस संतोष के साथ विधेयक का समर्थन कर रही है कि इससे तमिलनाडु के साथ दक्षिणी और दूसरे प्रभावित राज्यों के अधिकार भी सुरक्षित होंगे।
पहले वाले विधेयक का विरोध क्यों किया था?
कनिमोझी ने कहा कि संसद में पेश किए गए परिसीमन विधेयक के पुराने मसौदे में 2011 की जनगणना को आधार बनाया गया था। उसमें सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी का कोई लिखित प्रावधान नहीं था। उनके मुताबिक, गृह मंत्री ने केवल मौखिक रूप से सीटें बढ़ाने की बात कही थी। कनिमोझी ने दावा किया कि अगर 2011 की जनगणना के आधार पर सीधे परिसीमन होता तो तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 39 से घटकर 32 रह जातीं। 50 प्रतिशत बढ़ोतरी होने पर भी राज्य को केवल 48 सीटें मिलतीं। उनके अनुसार, दूसरे दक्षिणी राज्यों और पंजाब को भी सीटों का नुकसान हो सकता था।
डीएमके ने 25 साल की रोक को क्यों जरूरी बताया?
कनिमोझी ने कहा कि परिसीमन पर लगी मौजूदा रोक इसी साल खत्म हो रही है। अगर विधेयक को आगे नहीं बढ़ाया जाता या यह पारित नहीं होता, तो अगले साल जनसंख्या के आधार पर परिसीमन होने से तमिलनाडु और दूसरे दक्षिणी राज्यों को नुकसान हो सकता था। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कांग्रेस शासन के दौरान जनसंख्या के आधार पर तमिलनाडु की लोकसभा सीटें 41 से घटाकर 39 कर दी गई थीं। कनिमोझी के मुताबिक, डीएमके का मकसद राज्य को आगे किसी भी तरह के नुकसान से बचाना है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने चेन्नई में निष्पक्ष परिसीमन के लिए सम्मेलन किया था, परिसीमन पूरी तरह रोकने के लिए नहीं। उस सम्मेलन में शामिल कांग्रेस के मुख्यमंत्रियों और पार्टी नेता केसी वेणुगोपाल ने भी निष्पक्ष परिसीमन और सीटों में 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की बात कही थी।
राहुल गांधी की टिप्पणी पर कनिमोझी ने क्या जवाब दिया?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ओर से कुछ दलों को कथित तौर पर डरपोक कहे जाने के सवाल पर कनिमोझी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि राहुल किसकी बात कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस डीएमके का इतिहास जानते हैं। कनिमोझी ने हिंदी-विरोधी आंदोलन और आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि डीएमके ने कभी किसी से डरकर अपना रुख नहीं बदला। उन्होंने बताया कि आपातकाल के दौरान पार्टी ने सत्ता गंवाई, लेकिन एम. करुणानिधि अपने फैसले पर कायम रहे और उन्होंने अपने बेटे को भी जेल भेजा। मुरासोली मारन समेत कई नेता जेल गए। कनिमोझी ने कहा कि डीएमके ने चुनाव जीतने के बाद कभी अपना रुख नहीं बदला और जीत या हार, दोनों परिस्थितियों में अपने सहयोगियों के साथ खड़ी रही।
तमिलनाडु में कितनी बढ़ेंगी लोकसभा सीटें?
कनिमोझी ने बताया कि इन बदलावों के बाद तमिलनाडु में लोकसभा सीटों की संख्या 39 से बढ़कर 59 हो जाएगी। यानी राज्य में 20 सीटें बढ़ेंगी। डीएमके का कहना है कि इन प्रावधानों से राज्य का प्रतिनिधित्व सुरक्षित रहेगा।
महिला आरक्षण कब होगा लागू?
कनिमोझी ने कहा कि परिसीमन विधेयक पारित होने के बाद महिला आरक्षण विधेयक लागू किया जाएगा। उन्होंने दोहराया कि डीएमके ने जिन बातों पर जोर दिया था, उन्हें विधेयक में शामिल किया गया है। इसी आधार पर पार्टी ने केंद्र के प्रस्ताव का समर्थन किया है।
स्टालिन ने क्या कहा था?
इससे पहले एमके स्टालिन ने पार्टी सांसदों की बैठक में कहा कि डीएमके ने अगले 25 साल तक तमिलनाडु का संसदीय प्रतिनिधित्व सुरक्षित रखने में सफलता हासिल की है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने इस मुद्दे पर भावनाओं में बहने के बजाय दूरगामी सोच के साथ फैसला लिया। स्टालिन के मुताबिक, परिसीमन से तमिलनाडु और दूसरे दक्षिणी राज्यों पर पड़ने वाले संभावित असर को लेकर सबसे पहले डीएमके ने चिंता जताई थी। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से देश में चर्चा थी कि विधेयक दोबारा आने पर डीएमके क्या रुख अपनाएगी, लेकिन पार्टी ने अब अपना फैसला साफ कर दिया है।
राहुल गांधी ने इंडिया गठबंधन को लेकर क्या कहा?
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से डीएमके और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के परिसीमन विधेयक पर रुख को लेकर सवाल पूछा गया। उन्होंने कहा कि किसी सहयोगी दल के विधेयक का समर्थन करने से इंडिया गठबंधन में उसकी स्थिति नहीं बदलेगी। शरद पवार की पार्टी के रुख पर भी उन्होंने यही बात कही। डीएमके के फैसले पर सवाल पूछे जाने पर राहुल गांधी ने इसे लोकतंत्र की लड़ाई बताया और तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों से अपील की। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के खिलाफ जनता में नाराजगी बढ़ रही है।
