Updates: ओडिशा की सभी दुकानों पर लगेगा ओड़िया भाषा में साइनबोर्ड; रिक्तियों के विज्ञापनों का ईमेल भेजेगा UPSC
ओडिशा सरकार ने शहरी इलाकों में स्थित सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के लिए ओड़िया भाषा में साइनबोर्ड लगाना अनिवार्य कर दिया है। आवास और शहरी विकास विभाग की प्रमुख सचिव उषा पधे ने यह निर्देश जारी किया। आदेश के अनुसार, साइनबोर्ड पर ओड़िया लिपि में लिखा गया हिस्सा कुल क्षेत्रफल का कम से कम 60 प्रतिशत होना चाहिए। नियमों का पालन करने वाले दुकानदारों को ट्रेड लाइसेंस रिन्यूअल फीस में 5 प्रतिशत की छूट दी जाएगी। व्यापार लाइसेंस की जांच और अनुपालन की अंतिम तिथि 30 सितंबर तय की गई है। नियम नहीं मानने पर रोजाना ₹500 जुर्माना लगेगा। सभी शहरी निकायों को जागरूकता अभियान चलाने और 60 दिनों के भीतर अनुपालन रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया है।
शैक्षणिक-व्यावसायिक संस्थानों के लिए नई सुविधा शुरू
संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) ने शैक्षणिक और व्यावसायिक संस्थानों के लिए नई सुविधा शुरू की है। अब उन्हें अपने क्षेत्र से संबंधित यूपीएससी भर्ती विज्ञापनों के बारे में सीधे ईमेल अलर्ट मिलेंगे। यूपीएससी नियमित परीक्षाओं के अलावा समय-समय पर भारत सरकार और केंद्र शासित प्रदेशों के मंत्रालयों/ विभागों में ग्रुप ए/ बी के विभिन्न राजपत्रित पदों पर भर्ती करता है। इन भर्तियों के लिए कार्य की प्रकृति के आधार पर जरूरी शैक्षिक योग्यता और अनुभव मानदंड आवश्यक हैं। इसके अलावा कई मामलों में वांछनीय योग्यताएं भी प्रदान की जाती हैं। यूपीएससी के अध्यक्ष अजय कुमार ने कहा, नियमित परीक्षाओं के अलावा आयोग को विभिन्न मंत्रालयों और विभागों से विभिन्न सरकारी पदों के लिए भर्ती अनुरोध प्राप्त होते हैं। प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और त्वरित बनाने के लिए यह सुनिश्चित कर रहे कि अनुरोध जनवरी से मार्च की अवधि के तीन महीने के भीतर अग्रिम रूप से प्राप्त हो जाएं, ताकि समान भर्ती मामलों को मिलाकर और उनकी सामान्य परीक्षाएं आयोजित करके प्रक्रिया को बेहतर ढंग से नियोजित किया जा सके और भर्ती अभियान को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जा सके।
स्कूटी चलाकर विवाद में घिरे कर्नाटक के डिप्टी सीएम, वाहन पर 34 ट्रैफिक केस
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार मंगलवार को बंगलूरू में नवनिर्मित हेब्बल फ्लाईओवर लूप का निरीक्षण करने पहुंचे। इस दौरान वह एक स्कूटी पर सवार दिखे, जो अब विवाद का कारण बन गई है। बंगलूरू ट्रैफिक पुलिस की वेबसाइट के अनुसार, जिस स्कूटी पर शिवकुमार बैठे थे, उस पर ट्रैफिक नियम उल्लंघन के 34 मामले दर्ज हैं और कुल 18,500 रुपये का जुर्माना बकाया है। इन मामलों में बिना हेलमेट के स्कूटी चलाना, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल का इस्तेमाल करना और नो-एंट्री वाले क्षेत्र में प्रवेश करना जैसे उल्लंघन शामिल हैं। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों ने सफाई दी है कि यह वाहन डीके शिवकुमार का नहीं है। उन्होंने सिर्फ निरीक्षण के दौरान उसे कुछ समय के लिए चलाया था। इस वाहन के पंजीकृत मालिक के खिलाफ कार्रवाई हुई है या नहीं, इस पर ट्रैफिक पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है। विपक्ष ने इसे नियमों की अनदेखी का उदाहरण बताते हुए आलोचना शुरू कर दी है।
बारासात में भाजपा की रैली पर पथराव, भाजपा-टीएमसी कार्यकर्ताओं में झड़प
पश्चिम बंगाल के बारासात में बुधवार को उस वक्त तनाव फैल गया जब भाजपा की कन्या सुरक्षा यात्रा पर पथराव हुआ। यह रैली महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों को उजागर करने के लिए निकाली गई थी। भाजपा कार्यकर्ताओं का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ताओं ने पथराव किया और काले झंडे भी दिखाए। रैली का नेतृत्व विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी कर रहे थे। चंपादाली मोड़ के पास जैसे ही रैली पहुंची, भाजपा कार्यकर्ताओं ने लाठियों और पानी की बोतलों से जवाबी प्रतिक्रिया दी। झड़प के दौरान कई मोटरसाइकिलें क्षतिग्रस्त हो गईं। मौके पर पुलिस और रैपिड एक्शन बटालियन (आरएबी) को तैनात किया गया। सुवेंदु अधिकारी ने दावा किया कि यह हमला कोचबिहार की घटना जैसा था और वह बाल-बाल बचे। उन्होंने कहा कि राज्य की कानून-व्यवस्था चरमरा गई है, जिससे महिलाओं पर अत्याचार बढ़े हैं। टीएमसी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।
फिल्म 'किंगडम' को लेकर मद्रास हाईकोर्ट का बड़ा आदेश
तमिल फिल्म 'किंगडम' के प्रदर्शन से जुड़ी याचिका पर सुनवाई करते हुए मद्रास उच्च न्यायालय ने बुधवार को तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक, चेन्नई और कोयंबटूर के पुलिस आयुक्तों के साथ-साथ नाम तमिलर काची (एनटीके) के नेता सीमन को नोटिस जारी करने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति डी. भरत चक्रवर्ती ने फिल्म निर्माता कंपनी मेसर्स एसएसआई प्रोडक्शन की याचिका पर सुनवाई करते हुए अगली तारीख 7 अगस्त तय की है। याचिका में मांग की गई है कि पुलिस सिनेमाघरों को पर्याप्त सुरक्षा दे ताकि 'किंगडम' फिल्म का प्रदर्शन शांतिपूर्ण और बिना किसी व्यवधान के हो सके। साथ ही याचिका में यह भी मांग की गई है कि सीमन और उनके समर्थकों को फिल्म के प्रदर्शन में बाधा डालने से रोका जाए। फिल्म को लेकर कुछ राजनीतिक विरोध के संकेत पहले से मिल रहे थे, जिस पर अब अदालत ने हस्तक्षेप किया है।
क्लोजर रिपोर्ट न देने पर मद्रास हाईकोर्ट सख्त, चार आईपीएस अधिकारियों पर कार्रवाई का निर्देश
तमिलनाडु में एक आपराधिक मामले में क्लोजर रिपोर्ट समय पर दायर न करने पर मद्रास उच्च न्यायालय ने सख्त रुख अपनाते हुए राज्य के पुलिस महानिदेशक को चार आईपीएस अधिकारियों और एक अन्य पुलिस अधिकारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति पी वेलमुरुगन ने यह निर्देश विजयरानी की याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। याचिकाकर्ता ने कुड्डालोर पुलिस को अंतिम रिपोर्ट (क्लोजर रिपोर्ट) दाखिल करने के लिए अदालत से आदेश मांगा था। न्यायालय ने डीजीपी को विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट पेश करने का भी निर्देश दिया है। कोर्ट ने यह स्पष्ट किया कि ऐसे मामलों में पुलिस की लापरवाही से न्याय प्रक्रिया प्रभावित होती है, जो अस्वीकार्य है। इस आदेश से राज्य पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
डोभाल कल रूसी अधिकारियों से करेंगे मुलाकात
भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कल मॉस्को में वरिष्ठ रूसी अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे और भारत-रूस रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग पर चर्चा करेंगे।
चेन्नई मेट्रो रेल के साथ एमआरटीएस ट्रेन नेटवर्क के विलय को मंजूरी
रेल मंत्रालय ने चेन्नई के मास रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (एमआरटीएस) ट्रेन नेटवर्क को चेन्नई मेट्रो रेल लिमिटेड (सीएमआरएल) के साथ मिलाने की मंजूरी दे दी है। अब एमआरटीएस ट्रेनों का संचालन और रखरखाव भी चेन्नई मेट्रो ही करेगी। दक्षिण रेलवे ने मंगलवार को बताया कि इस फैसले का मकसद चेन्नई शहर में अलग-अलग प्रकार के सार्वजनिक परिवहन को आपस में बेहतर तरीके से जोड़ना है, ताकि लोगों को सफर में आसानी हो। रेलवे ने बताया कि यह फैसला रेलवे बोर्ड की 16 जुलाई 2025 को हुई बैठक के बाद लिया गया, और इसकी औपचारिक घोषणा 31 जुलाई 2025 को की गई। इस मंजूरी के बाद एमआरटीएस से जुड़ी सभी चीजें- जैसे ट्रैक, पुल, बिजली की लाइनें, स्टेशन, जमीन, आदि अब तमिलनाडु सरकार या चेन्नई मेट्रो को सौंप दी जाएंगी। इसके लिए एक खास समझौता (MoU) तैयार किया जा रहा है।
ओडिशा: छात्रा आत्मदाह मामले में दो सदस्यों की गिरफ्तार का ABVP ने किया विरोध
फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज की एक छात्रा द्वारा आत्मदाह किए जाने के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तारी के बाद एबीवीपी ने मंगलवार को विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा पर पक्षपाती जांच करने का आरोप लगाया। एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने भुवनेश्वर के संगठन सचिव विश्वजीत पात्रा के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। उन्होंने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर नारे लगाए। साथ ही ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा का पुतला भी जलाया। पात्रा ने आरोप लगाया कि एक निर्दोष छात्र, जिसने जलती हुई छात्रा को बचाने की कोशिश की थी, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को इस पर सफाई देनी चाहिए। पात्रा ने यह भी कहा कि अपराध शाखा बीजद और कांग्रेस के उन कार्यकर्ताओं को बचा रही है, जिन्होंने मरने वाली छात्रा के खिलाफ अफवाहें फैलाई थीं। उन्होंने यह मांग भी की कि गिरफ्तार किए गए दोनों छात्रों को तुरंत रिहा किया जाए।
बिहार : मसौदा सूची पर 2,864 मतदाताओं ने किए दावे, दल चुप
चुनाव आयोग बार-बार कह रहा है कि संशोधित मसौदा सूची में कोई भी योग्य मतदाता छूटे ना और कोई अयोग्य शामिल ना हो सुनिश्चित किया जाएगा। आयोग के 1 अगस्त को जारी मसौदा सूची के बाद से अब तक 2,864 ने दावे किए हैं।
आयोग के मुताबिक, ये दावे और आपत्तियां कुछ नाम हटाने और कुछ जोड़ने के संदर्भ में दर्ज कराई गई हैं। हालांकि, आयोग के सूत्रों के अनुसार 1,60,813 बूथ स्तर के एजेंटो के बाद भी राजनीतिक दलों की तरफ से पांच दिन बाद भी कोई आपत्ति दर्ज नहीं कराई गई है। 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले या उससे अधिक आयु के नए मतदाताओं से 14,914 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
केरल में बिल्ली की हत्या के मामले में आरोपी पर एफआईआर दर्ज
केरल में एक व्यक्ति के खिलाफ कथित तौर पर एक बिल्ली की हत्या कर उसका वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर करने के आरोप में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। मामले में चेरपुलसेरी निवासी 32 वर्षीय शजीर को एक पशु अधिकार कार्यकर्ता की शिकायत पर पुलिस ने हिरासत में ले लिया। यह विचलित करने वाला वीडियो वायरल होने के बाद यह घटना हुई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, कथित तौर पर वीडियो, जिसमें वह बिल्ली को खाना खिलाते, उसे मारते और बाद में उसके शव के कुछ हिस्से दिखाते हुए दिखाई दे रहा था, हाल ही में उसके इंस्टाग्राम हैंडल पर एक स्टोरी के रूप में पोस्ट किया गया था। वहीं एक पुलिस अधिकारी ने कहा, "उसने कथित तौर पर कोयंबटूर में वीडियो रिकॉर्ड किया था। उससे पूछताछ जारी है और उसकी गिरफ्तारी अभी बाकी है। पुलिस ने बताया कि पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 325 (किसी भी जानवर को मारना, जहर देना, अपंग बनाना या बेकार करना) और धारा 11(1) (पशुओं के प्रति क्रूरता माने जाने वाले कृत्य और उनके लिए दंड) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
श्रीलंकाई महिला से छेड़छाड़ का आरोप, एयरपोर्ट के इमिग्रेशन अफसर पर मामला दर्ज
एक श्रीलंकाई छात्रा ने चेन्नई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर तैनात एक इमिग्रेशन अधिकारी पर बार-बार फोन कर परेशान करने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर पुलिस ने स्टॉकिंग की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और मामले की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, यह घटना 3 अगस्त को उस समय हुई जब श्रीलंकाई छात्रा भारत से होकर ट्रांजिट यात्रा कर रही थी। इमिग्रेशन काउंटर पर एक अधिकारी ने छात्रा को अपनी निजी मोबाइल नंबर दिया और कहा कि अगर कोई मदद चाहिए तो वह संपर्क कर सकती है।
लेकिन इसके बाद अधिकारी ने छात्रा को कई बार फोन कर बुलाने की कोशिश की और कहा कि वह एयरपोर्ट से बाहर चलकर शहर घूमने चले। छात्रा ने बताया कि अधिकारी ने उसे पार्किंग एरिया में मिलने के लिए भी कहा। घबराई छात्रा ने तुरंत अपने एक दोस्त को फोन किया, जिसने उसे पुलिस में शिकायत करने की सलाह दी।
तमिलनाडु में पुलिस सब-इंस्पेक्टर की हत्या, झगड़ा सुलझाने पहुंचे थे मौके पर
तमिलनाडु के तिरुप्पुर जिले के गुडिमंगलम इलाके में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर की हत्या कर दी गई। यह घटना उस समय हुई जब वह एक पिता-पुत्र के झगड़े को सुलझाने के लिए मौके पर पहुंचे थे। पुलिस के मुताबिक, एम. शन्मुगवेल (57), जो गुडिमंगलम थाने में स्पेशल सब-इंस्पेक्टर के रूप में कार्यरत थे, 5 अगस्त की रात करीब 11 बजे अपने साथी आर्म्ड रिजर्व कांस्टेबल अळगुराजा के साथ गश्त पर थे। तभी उन्हें सूचना मिली कि एक निजी फार्म में पिता और बेटे के बीच शराब के नशे में झगड़ा हो रहा है।
सूचना मिलते ही दोनों पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और झगड़ा शांत कराने की कोशिश करने लगे। लेकिन अचानक उनमें से एक व्यक्ति ने दरांती से शन्मुगवेल पर हमला कर दिया। आरोपी ने कांस्टेबल को भी वहां से भगा दिया। गंभीर रूप से घायल शन्मुगवेल को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्होंने दम तोड़ दिया। पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश जारी है। घटना के बाद पुलिस विभाग में शोक और आक्रोश का माहौल है।
ओडिशा में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार परिवार के 3 लोगों की मौत
ओडिशा के क्योंझर ज़िले में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में एक 11 साल की बच्ची भी शामिल है। यह हादसा तब हुआ जब एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना नेशनल हाईवे-40 पर जगमोहनपुर चैक के पास हुई, जो टेलकोई थाना क्षेत्र में आता है। बाइक सवार दंपती अपनी बेटी को कांजीपानी इलाके के आश्रम स्कूल छोड़ने जा रहे थे, तभी यह हादसा हुआ।
तीनों मृतक देवगढ़ जिले के बड़कोट थाना क्षेत्र के बहादापाशी गांव के रहने वाले थे। हादसे के बाद ट्रक मौके से फरार हो गया, लेकिन बाद में उसे जनासनपुर टोल गेट के पास पकड़ लिया गया। हालांकि ड्राइवर मौके से भाग निकला, जिसकी तलाश जारी है। घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने हाईवे को कुछ समय के लिए जाम कर दिया और इलाके में लगातार हो रहे सड़क हादसों पर नाराज़गी जताई। उन्होंने सरकार से स्थायी समाधान की मांग की है।