फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News Updates 3rd Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi

News Update: कर्नाटक में बाघ की मौत पर जांच के आदेश जारी; कोलकाता- दुर्गा विसर्जन जुलूस में हादसा, युवक की मौत

Fri, 03 Oct 2025 03:42 PM IST
ज्योति भास्कर न्यूज डेस्क, अमर उजाला।
न्यूज डेस्क, अमर उजाला। Published by: ज्योति भास्कर Updated Fri, 03 Oct 2025 03:42 PM IST
विज्ञापन
News Updates 3rd Oct North East West South India Elections 2025 Politics Crime National News In Hindi
आज की बड़ी खबरें। - फोटो : अमर उजाला

माले महादेश्वर हिल्स वन्यजीव क्षेत्र में एक नर बाघ मृत पाया गया। शुरुआती जांच में जहर देकर मारने की आशंका जताई गई है। यह बाघ लगभग 12 साल का था और दांत कमजोर होने के कारण वह मवेशियों पर निर्भर हो गया था। वन अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम में शिकार, फंदा या गोली के निशान नहीं मिले और शरीर से कोई अंग भी गायब नहीं था। एक संदिग्ध की पहचान हुई है लेकिन वह फरार है। उसकी तलाश जारी है। 

विज्ञापन


राज्य के वन मंत्री ईश्वर खंडरे ने इस मामले की गंभीर जांच के आदेश दिए हैं। प्रधान मुख्य वन संरक्षक स्मिता बिज्जूर को विशेष जांच दल की जिम्मेदारी दी गई है। वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो की टीम भी मौके का दौरा करेगी। मंत्री ने कहा कि पिछले तीन वर्षों में इस इलाके में कई बार शिकार की घटनाएं सामने आई हैं। उन्होंने आठ दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी है और दोषियों व लापरवाह अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही है। गौरतलब है कि इसी साल जून में यहां एक बाघिन और उसके चार शावकों की मौत जहरीला चारा खाने से हुई थी।
विज्ञापन


रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जाना खरगे का हालचाल
कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से उनके आवास पर मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य का हालचाल जाना। 83 वर्षीय मल्लिकार्जुन खरगे का हाल ही में शहर के एमएस रमैया अस्पताल में पेसमेकर प्रत्यारोपण हुआ था। उन्हें मंगलवार को भर्ती कराया गया था और बुधवार को उनकी सर्जरी हुई। डॉक्टरों ने उन्हें प्रक्रिया के बाद आराम करने की सलाह दी है। सुरजेवाला ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, 'कांग्रेस अध्यक्ष खरगे जी से उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। खरगे जी के उत्साह को देखकर और उनसे प्रेरणा लेकर, यह वाकई उत्साहजनक है। हम उनके निरंतर मार्गदर्शन की आशा करते हैं।'
विज्ञापन
विज्ञापन


पीएम मोदी कल शुरू करेंगे 62,000 करोड़ रुपये की योजनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल सुबह 11 बजे नई दिल्ली के विज्ञान भवन से युवाओं को ध्यान में रखते हुए कई नई योजनाएं शुरू करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, इन योजनाओं की कुल लागत 62,000 करोड़ रुपये से ज्यादा होगी। सबसे बड़ी योजना का नाम प्रधानमंत्री-सेतु है, जिसका पूरा नाम है उन्नत आईटीआई के माध्यम से प्रधानमंत्री कौशल और रोजगार क्षमता परिवर्तन। यह एक केंद्र प्रायोजित योजना है, जिसमें 60,000 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

इस योजना के तहत देशभर के 1,000 सरकारी आईटीआई संस्थानों को अपग्रेड किया जाएगा। यह काम हब और स्पोक मॉडल के तहत होगा, जिसमें 200 हब आईटीआईज और 800 स्पोक ITIs शामिल होंगे। योजना का मकसद युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और रोजगार के लिए तैयार करना है। योजना के पहले चरण में बिहार के पटना और दरभंगा के आईटीआई संस्थानों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

चेन्नई पहुंचे श्रीलंकाई जेल से रिहा 15 मछुआरे
आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में विजयदशमी के मौके पर मनाए गए देवरगट्टू बन्नी उत्सव के दौरान हुए परंपरागत लाठी युद्ध में दो लोगों की मौत हो गई और करीब 90 लोग घायल हो गए। यह जानकारी जिले के अधिकारियों ने शुक्रवार को दी। बता दें कि यह अनोखा उत्सव विजयदशमी की रात शुरू होता है और अगली सुबह तक चलता है। उत्सव माला मल्लेश्वरा स्वामी के विवाह के बाद होता है, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीण हिस्सा लेते हैं। परंपरा के अनुसार, लोग उपवास, ब्रह्मचर्य और विशेष आहार नियमों का पालन करते हुए इस आयोजन में भाग लेते हैं। इसमें लाठी युद्ध के माध्यम से प्रतीकात्मक रूप से भगवान की मूर्ति को छीनने की परंपरा है। चोट लगने पर हल्दी लगाई जाती है, जो परंपरा का हिस्सा मानी जाती है।

आंध्र में देवरगट्टू बन्नी उत्सव के दौरान दौ की मौत
श्रीलंकाई जेल से रिहा हुए 15 मछुआरे चेन्नई हवाई अड्डे पहुंच गए हैं। इनमें से दो मछुआरों को 19 फरवरी को, सात को 13 जुलाई को, दो को 21 जुलाई को और चार को 8 अगस्त को सीमा पार से मछली पकड़ने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

कृष्णा जिले को 4 स्वच्छ आंध्र पुरस्कार मिले
आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले ने राज्य स्तर पर चार स्वच्छ आंध्र पुरस्कार जीते हैं। जिला कलेक्टर डीके बालाजी ने बताया कि ये पुरस्कार स्वच्छ आंध्र स्वर्णांध्र कार्यक्रम के तहत मिले हैं। पुरस्कारों में सबसे स्वच्छ ग्राम पंचायत (चल्लापल्ली), सबसे स्वच्छ किसान बाजार (मोव्वा), सबसे स्वच्छ हॉस्टल (बीसी हॉस्टल, दवाजिगुडेम), और सबसे स्वच्छ उद्योग (कृष्णा जिला दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ) शामिल हैं। जिले ने विभिन्न श्रेणियों में ज़िला स्तर पर कुल 44 पुरस्कार भी प्राप्त किए। यह कार्यक्रम 2047 तक आंध्र प्रदेश को 'स्वर्णांध्र प्रदेश' (सोने का राज्य) बनाने के लक्ष्य के साथ स्वच्छता और विकास को बढ़ावा देता है।

विमानन कंपनी एयरबस बोर्ड के सदस्यों का भारत का 4 दिवसीय दौरा संपन्न
एयरबस बोर्ड के सदस्यों ने भारत में चार दिवसीय दौरा पूरा कर लिया। कंपनी के लिए एक प्रमुख बाजार बन चुके भारत में पहली बार ऐसा हुआ जब एयरबस बोर्ड ने इसी देश में बैठक की। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल से मुलाकात की। उन्होंने हैदराबाद में टाटा एडवांस्ड सिस्टम्स और बंगलूरू में डायनामैटिक टेक्नोलॉजिज के केंद्रों का जायजा भी लिया। एयरबस ने एअर इंडिया के साथ हरियाणा में ₹1,000 करोड़ की लागत से पायलट प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की घोषणा की। कंपनी भारत में H125 हेलीकॉप्टर और C295 सैन्य विमान के लिए असेंबली लाइनें भी स्थापित कर रही है। एयरबस ने भारत से $1.4 बिलियन से अधिक के पुर्जे और सेवाएं प्राप्त करने की बात कही है। कंपनी के मुताबिक भविष्य में इसे और बढ़ाने की योजना भी है। बता दें कि इंडिगो और एअर इंडिया ने एयरबस से 1,000 से अधिक विमानों का ऑर्डर दिया है।

आई लव मोदी कहना आसान पर आई लव मोहम्मद पर आपत्ति- असदुद्दीन ओवैसी
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि संभल मस्जिद का मामला अदालत में चल रहा है, लेकिन देश में मस्जिदों को छीना जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि इस देश में आई लव मोदी कहना तो आसान है, लेकिन आई लव मोहम्मद कहने पर आपत्ति क्यों होती है।

ओवैसी ने कहा कि अगर मैं मुसलमान हूं तो मोहम्मद साहब की वजह से हूं। आजादी की लड़ाई में 17 करोड़ भारतीयों ने हिस्सा लिया था। हिंसा की हम निंदा करते हैं, लेकिन वीडियो में दिख रहा है कि पुलिस लाठीचार्ज कर रही है और दुकानदार उन पर फूल बरसा रहे हैं। पुलिस सिर्फ सत्ता में बैठे लोगों की जवाबदेह है। सत्ता बदलेगी तो वही पुलिस आपको भी पीटेगी।

उन्होंने कहा कि पैगंबर मोहम्मद का नाम किसी और का नहीं हो सकता। अगर उनकी तस्वीरें या पोस्टर लगाए जाते हैं तो उनका सम्मान करना चाहिए। ओवैसी ने सरकार से पूछा कि इतने कानून क्यों बनाए जा रहे हैं? असम में 3000 मुसलमानों को यह कहकर बेघर कर दिया गया कि वे सरकारी जमीन पर रह रहे थे। उन्होंने अपील की कि हालात से घबराने की जरूरत नहीं है।

केरल में BJP नेता के घर पर बम फेंका गया
केरल में एक स्थानीय भाजपा नेता पर बेम फेंके जाने की खबर है। गुरुवार तड़के कन्नापुरम के पास बीजेपी नेता विजु नारायणन के घर पर बम फेंका गया। घटना 2:30 बजे के आसपास हुई, जब उनके माता-पिता घर में मौजूद थे। किसी को चोट नहीं आई, लेकिन खिड़कियों और दीवारों को नुकसान पहुंचा। पुलिस ने अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। बम और डॉग स्क्वॉड को सुराग जुटाने के लिए तैनात किया गया। बीजेपी ने इस हमले के पीछे CPI(M) का हाथ बताया, जिसे वाम दल ने खारिज कर दिया। बीजेपी ने पुलिस पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया, यह कहते हुए कि उनकी शिकायतों को नजरअंदाज किया गया।

मेघालय में दशहरे पर 600 साल पुराने मंदिर में भक्तों का रेला
पूर्वोत्तर भारत में भी नवरात्र के अंतिम दिन यानी विजयदशमी हर्षोल्लास से मनाई गई। मेघालय के वेस्ट जयंतिया हिल्स जिले में स्थित 600 वर्ष पुराने नार्टियांग दुर्गा मंदिर में विजयदशमी के अवसर पर हजारों श्रद्धालु एकत्र हुए। यह मंदिर 51 शक्तिपीठों में से एक माना जाता है, जहां हिंदू परंपराएं खासी-जयंतिया जनजातीय संस्कृति के साथ घुल-मिल गई हैं। यहां देवी की मूर्ति की जगह केले के तने को देवी का प्रतीक माना जाता है, जो स्थानीय परंपरा के अनुसार मूर्तियों के उपयोग को निषिद्ध करता है। मंदिर में महाराष्ट्र के देशमुख पुजारी परिवार पीढ़ियों से सेवा दे रहा है। स्थानीय प्रमुख दल्लोई समारोहों में मुख्य भूमिका निभाते हैं। अंतिम दिन, दल्लोई ने पारंपरिक नृत्य किया और केले के तने को नदी में विसर्जित किया गया। पूजा के दौरान पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि और मंत्रोच्चार गूंजते रहे। एक विशेष बात यह रही कि पूजा में प्रयुक्त मंत्र एक प्राचीन भाषा में हैं, जिसे आज कोई नहीं समझता, फिर भी श्रद्धा से पढ़े जाते हैं।

गोवा से अंटार्कटिका के लिए सीधी कार्गो फ्लाइट रवाना, भारत की ध्रुवीय शोध में बड़ी सफलता
भारत ने अंटार्कटिका में अपने अनुसंधान स्टेशनों तक ज़रूरी सामान पहुंचाने के लिए एक सीधी कार्गो फ्लाइट भेजकर लॉजिस्टिक्स (आपूर्ति व्यवस्था) के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। यह उड़ान गोवा स्थित नेशनल सेंटर फॉर पोलर एंड ओशन रिसर्च (NCPOR) के नेतृत्व में भेजी गई है।

क्या है इस फ्लाइट में खास?
यह फ्लाइट गोवा के मनोहर इंटरनेशनल एयरपोर्ट (मोपा) से गुरुवार को रवाना हुई। इसमें 18 टन जरूरी सामान लादा गया था, जिसमें वैज्ञानिक उपकरण, दवाइयां और सालभर के लिए जरूरी राशन शामिल हैं। फ्लाइट IL-76 कार्गो विमान थी, जिसे DROMLAN नेटवर्क के तहत ऑपरेट किया गया। यह कार्गो उड़ान दक्षिण अफ्रीका के केप टाउन के रास्ते अंटार्कटिका पहुंचेगी।

बरसों बाद फिर फूटा भारत का इकलौता कीचड़ ज्वालामुखी
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के बाराटांग में स्थित भारत का एकमात्र कीचड़ ज्वालामुखी करीब दो दशकों बाद फिर से सक्रिय हो गया है। यह ज्वालामुखी 2 अक्टूबर को जोरदार धमाके के साथ फटा। इससे पहले इतनी तेज़ गतिविधि 2005 में दर्ज की गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि यह ज्वालामुखी धरती के अंदर सड़ते जैविक तत्वों से निकलने वाली गैसों की वजह से बनता है। गैस मिट्टी को ज़मीन की सतह तक धकेलती है, जिससे बुलबुले और गड्ढे बनते हैं।

बाराटांग, उत्तर और मध्य अंडमान जिले में स्थित है और पोर्ट ब्लेयर से करीब 150 किलोमीटर दूर है। यह जगह पर्यटन के लिहाज से बहुत मशहूर है। अधिकारियों के अनुसार, ज्वालामुखी फटने से करीब 3-4 मीटर ऊंचा मिट्टी का टीला बन गया है और 1000 वर्ग मीटर क्षेत्र में कीचड़ फैल गया है। धुंआ और कीचड़ अभी भी लगातार निकल रहा है, इसलिए सुरक्षा के तहत सभी पर्यटकों की आवाजाही रोक दी गई है और वन विभाग ने रास्ते बंद कर दिए हैं।

UKLF ने मणिपुर पुलिस को दी चेतावनी, कहा- चुप नहीं बैठेंगे, अगर छापे जारी रहे
मणिपुर में कुकी उग्रवादी संगठन यूनाइटेड कुकी लिबरेशन फ्रंट (UKLF) ने शुक्रवार को मणिपुर पुलिस को चेतावनी दी है कि अगर उनके खिलाफ कार्रवाई जारी रही तो वे चुप दर्शक नहीं बने रहेंगे।UKLF का आरोप है कि चांडेल जिले के SP धर्मेंद्र कुमार ने बुधवार रात सजिक टंपाक क्षेत्र में संगठन के एक नेता के घर पर छापा मारा। संगठन ने इसे गंभीर उल्लंघन बताया और कहा कि वे अब सहन नहीं करेंगे। UKLF ने अपने बयान में कहा कि उन्होंने परिचालन निलंबन समझौते के तहत शांति बनाए रखी है और कुकी-जो समुदाय के लिए राजनीतिक समाधान की दिशा में काम कर रहे हैं।

वहीं, पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई एक संदिग्ध ड्रग माफिया को पकड़ने के लिए की गई थी। पुलिस के मुताबिक, उन्हें खुफिया सूचना मिली थी कि टी कोटलन गांव में एक ड्रग तस्कर छिपा है, लेकिन वह फरार हो गया। पुलिस ने यह भी बताया कि लौटते समय एक भीड़ ने टीम पर हमला करने की कोशिश की, लेकिन स्थानीय नेताओं, असम राइफल्स और केंद्रीय बलों (CAPF) की मदद से बातचीत के जरिए स्थिति को शांतिपूर्वक सुलझा लिया गया और पुलिस टीम सुरक्षित लौट आई।

ओडिशा की चौदवार जेल से दो विचाराधीन कैदी फरार, दीवार फांदकर भागे
ओडिशा के कटक जिले की चौदवार सर्कल जेल से दो विचाराधीन कैदी गुरुवार रात दीवार फांदकर फरार हो गए। यह घटना दशहरे की रात उस समय हुई जब जेल में कैदी और स्टाफ त्योहार मना रहे थे। फरार कैदियों की पहचान राजा साहनी और चंद्रकांत कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के निवासी हैं। दोनों को इसी साल जनवरी में जाजपुर जिले में एक ज्वेलरी शॉप की लूट और दो लोगों की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।

जेल महानिदेशक सुसांत कुमार नाथ ने शुक्रवार को जेल का दौरा कर मामले की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि लापरवाही के आरोप में एक मुख्य वार्डन और एक वार्डन को सस्पेंड कर दिया गया है और चौदवार थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।

केरल में विधायक की कार रोकने पर 10 के खिलाफ केस दर्ज
उत्तरी केरल के करीयाड में पूर्व मंत्री व कुथुपरांबा के विधायक केपी मोहनन के साथ बदसलूकी करने वालों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मंत्री पेरिंगथुर में एक आंगनवाड़ी का उद्घाटन करने जा रहे थे। जहां एक चैरिटी ट्रस्ट का कचरा फेंके जाने के विरोध में प्रदर्शन चल रहा था। तभी 15 लोगों की भीड़ ने मोहनन की कार को रोककर उन्हें बाहर निकालने की कोशिश की। पुलिस ने बताया कि सारी घटना सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई है। लोगों ने यातायात बाधित कर दंगा भड़काने की कोशिश की है। पुलिस ने विधायक से शिकायत दर्ज कराने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने मना कर दिया। इस पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत खुद 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। पुलिस ने कहा कि जांच के दौरान मोहनन का बयान भी दर्ज किया जाएगा।

गुजरात भाजपा के नए अध्यक्ष होंग जगदीश विश्वकर्मा
गुजरात के मंत्री और ओबीसी नेता जगदीश विश्वकर्मा राज्य भाजपा के नए अध्यक्ष बनने जा रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को अध्यक्ष पद के लिए अकेले नामांकन पत्र दाखिल किए, इसलिए उन्हें अधिकारिक रूप से अध्यक्ष घोषित किया गया है। राज्य भाजपा के मीडिया समन्वयक याग्नेश देव ने कहा कि शनिवार को गांधीनगर में वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में अधिकारिक घोषणा और शपथ ग्रहण समारोह होगा।

जगदीश विश्वकर्मा 52 वर्ष के हैं और अहमदाबाद की निकोल सीट से तीन बार विधायक रह चुके हैं। वर्तमान में वे सहकारिता, नमक उद्योग, MSME, कुटीर, खादी और ग्रामीण उद्योग मंत्री के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा, उन्होंने पहले अहमदाबाद शहर भाजपा के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। वे, केंद्रीय जल शक्ति मंत्री और नासरी सांसद सीआर पाटिल का स्थान लेंगे, जिनका तीन साल का कार्यकाल जुलाई 2023 में समाप्त हुआ था।

चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षकों की ब्रीफिंग की
चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव और कुछ राज्यों में उपचुनावों के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किए जाने वाले जनरल, पुलिस और व्यय पर्यवेक्षकों की ब्रीफिंग आयोजित की। इस बैठक में 425 अधिकारी शामिल हुए, जिनमें 287 आईएएस अधिकारी, 58 आईपीएस अधिकारी और 80 अन्य सेवा जैसे आईआरएस/आईआरएएस/आईसीएएस के अधिकारी थे। इस बैठक नई दिल्ली स्थित आईआईआईडीईएम में आयोजित की गई। अधिकारियों को आगामी चुनाव में अपनी जिम्मेदारियों और पर्यवेक्षण कार्यों के बारे में जानकारी दी गई। यह ब्रीफिंग यह सुनिश्चित करने के लिए की गई कि चुनाव सुरक्षित, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से संपन्न हो।

बच्ची की किडनैपिंग और दुष्कर्म के आरोपी को 22 साल की सजा
तिरुवनंतपुरम में शुक्रवार को एक अदालत ने 41 वर्षीय एक व्यक्ति को इस साल फरवरी में चक्का में एक खानाबदोश परिवार की 18 महीने की बच्ची का अपहरण और यौन उत्पीड़न करने के जुर्म में 22 साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई। तिरुवनंतपुरम के अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायालय के न्यायाधीश एमपी शिबू ने आरोपी हसन कुट्टी उर्फ कबीर, जो अयिरूर के पास एडवा का निवासी है, को कई आरोपों में दोषी पाया। यद्यपि अदालत ने कई धाराओं में सजा के साथ-साथ 72000 रुपये का जुर्माना भी लगाया, लेकिन प्रभावी कारावास अवधि 22 साल निर्धारित करते हुए, सभी सजाएं साथ-साथ चलने का आदेश दिया।

कट्टायिकोनम के लोक अभियोजक जेके अजित प्रसाद ने कहा कि अदालत ने यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के तहत बलात्कार और हत्या के प्रयास के लिए 22-22 साल के कारावास की सजा सुनाई। कुट्टी को आईपीसी के तहत अपहरण और हत्या के प्रयास के लिए 10-10 साल की कैद और बच्ची की गरिमा को ठेस पहुंचाने के लिए एक साल की सजा भी मिली। अभियोजन पक्ष के अनुसार, यह अपराध 19 फरवरी, 2024 की रात को हुआ था, जब कुट्टी ने बच्ची का उस समय अपहरण कर लिया था जब वह चक्का के पास सड़क किनारे अपने माता-पिता के साथ सो रही थी। उसके माता-पिता, जो हैदराबाद से प्रवासी शहद संग्रहकर्ता थे, सड़कों पर रहते थे। वह बच्ची को ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड के पीछे रेलवे ट्रैक के पास एक सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने उसका यौन उत्पीड़न किया और उसे यह मानकर छोड़ दिया कि उसकी मौत हो गई है।

कासरगोड- नाबालिग बेटी के यौन उत्पीड़न के आरोप में पिता गिरफ्तार
उत्तरी केरल के कासरगोड जिले में पुलिस ने कर्नाटक के एक 43 वर्षीय व्यक्ति को अपनी 13 वर्षीय बेटी का यौन उत्पीड़न और उसे गर्भवती करने के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी, कर्नाटक के कोडागु का रहने वाला है और कई वर्षों से अपने परिवार के साथ कान्हांगड़ इलाके में रह रहा था। उन्होंने बताया कि यह अपराध तब प्रकाश में आया जब लड़की को पीठ में तेज दर्द के बाद अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पाया कि वह गर्भवती है और पुलिस को सूचित किया।

जब तक पुलिस अस्पताल पहुंची, तब तक आरोपी भाग चुका था। पुलिस ने बताया कि बाद में लड़की ने खुलासा किया कि कुछ महीने पहले उसके पिता ने उसका यौन उत्पीड़न किया था, लेकिन वह डर के मारे चुप रही। होसदुर्ग पुलिस स्टेशन में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था और वह कई दिनों से फरार था। पुलिस ने स्थानीय लोगों को उसकी मौजूदगी की सूचना देने के लिए सतर्क किया। पुलिस ने बताया कि शुक्रवार को वह व्यक्ति विदेश भागने की फिराक में दस्तावेज और पासपोर्ट लेने घर लौटा था, लेकिन एक गुप्त सूचना के आधार पर उसे पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी को अदालत में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

गुजरात: वापी में ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़, 30 करोड़ का मेफेड्रोन जब्त
गुजरात आतंकवाद निरोधी दस्ते (एटीएस) ने वापी के चाला क्षेत्र में एक सीलबंद बंगले में चल रही मेफेड्रोन (एमडी) ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। एटीएस ने परिसर पर छापे मारे और अंतरराष्ट्रीय बाजार में 30 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की 5.9 किलोग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की। एटीएस ने पैरोल से फरार हुए नरसिंह पटेल, उनके बेटे ध्रुव पटेल और तीन सहयोगियों समेत पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एटीएस को मौके से 300 किलोग्राम मेफेड्रोन बनाने के लिए पर्याप्त कच्चा माल भी मिला है। शुरुआती जांच में पता चला है कि ड्रग्स मुंबई में सप्लाई के लिए तैयार की जा रही थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर अंतर्राष्ट्रीय संबंधों की जांच की जा रही है।

सरकार ने 11 पशु आधारित फसल जैव उत्तेजकों की मंजूरी ली वापस
कृषि मंत्रालय ने हिंदू और जैन समुदायों की ओर से उठाई गई नैतिक और धार्मिक चिंताओं का हवाला देते हुए पशु स्रोतों से प्राप्त 11 जैव उत्तेजकों के लिए दी गई मंजूरी वापस ले ली है।
पशु आधारित प्रोटीन हाइड्रोलाइजेट से बने इन उत्पादों को इस वर्ष के प्रारंभ में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) से अनुमोदन के आधार पर धान, मिर्च, टमाटर, कपास, खीरा, सोयाबीन, अंगूर और मूंग समेत अन्य फसलों पर उपयोग के लिए मंजूरी दे दी गई थी। आईसीएआर के महानिदेशक एमएल जाट ने बताया कि इन 11 बायोस्टिमुलेंट्स को पहले ही मंजूरी दे दी गई थी और ये बाजार में बिक रहे थे। कई हितधारकों की ओर से उठाई गई नैतिक, धार्मिक और आहार संबंधी चिंताओं के कारण अब इन्हें रोक दिया गया है। उन्होंने कहा, बायोस्टिमुलेंट्स का प्रयोग तब तक स्थगित रहेगा, जब तक कि कटाई-पूर्व अंतराल के उचित आंकड़े तैयार नहीं हो जाते तथा तब उत्पादों का उपयोग पत्तियों पर छिड़काव के रूप में किया जाएगा। एमएल ने कहा कि इससे पहले उच्च पैदावार के मामले में तकनीकी मंजूरी के आधार पर ही मंजूरी दी जाती थी।

वरिष्ठ पत्रकार टीजेएस जॉर्ज का 97 वर्ष की आयु में निधन
प्रसिद्ध पत्रकार और लेखक थायिल जैकब सोनी जॉर्ज का शुक्रवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वे 97 वर्ष के थे। पद्मभूषण से सम्मानित जॉर्ज अपने तीखे व्यंग्य और कटाक्ष से भरपूर लेखन के लिए व्यापक रूप से जाने जाते थे। वह द न्यू इंडियन एक्सप्रेस के संपादकीय सलाहकार थे और अपने व्यापक रूप से पढ़े जाने वाले साप्ताहिक कॉलम पॉइंट ऑफ व्यू के लिए प्रसिद्ध थे, जिसे उन्होंने 2022 तक 25 वर्षों तक लिखा और 94 वर्ष की आयु तक लिखते रहे। केरल के रहने वाले जॉर्ज ने अपना अधिकांश जीवन बंगलूरू में बिताया।

दुर्गा विसर्जन जुलूस में हादसा, युवक की मौत
दक्षिण कोलकाता के अलीपुर इलाके में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हुआ। 32 वर्षीय उत्सव चटर्जी की मौत ऊँचाई पर बने लोहे के बैरियर से सिर टकराने से हो गई। पुलिस के अनुसार उत्सव चटर्जी गुरुवार रात क्लब के साथ मूर्ति ले जाने वाले वाहन के ऊपर बैठे थे। जब वाहन जीरुत पुल से पहले गुजरा तो उनका सिर बैरियर से टकरा गया। वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत एसएसकेएम अस्पताल ले जाया गया, जहां रात 2 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। यह घटना करीब रात 11 बजे हुई। उत्सव चटर्जी बेहाला इलाके के एक क्लब से जुड़े हुए थे और प्रतिमा विसर्जन जुलूस में शामिल हुए थे। पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और आयोजकों से भी पूछताछ की जाएगी ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

सूरत में बुलेट ट्रेन परियोजना का काम तेजी से जारी
 रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव और जापान के परिवहन मंत्री हिरोमासा नाकानो ने बुलेट ट्रेन परियोजना की समीक्षा के लिए शुक्रवार को सूरत में हाई-स्पीड रेल निर्माण स्थल का दौरा किया। रेल मंत्रालय के अनुसार, यह दौरा भारत के पहले हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर के कार्यान्वयन में भारत और जापान के बीच मजबूत सहयोग को दर्शाती है।

मंत्रालय ने कहा, मंत्रियों ने ट्रैक स्लैब बिछाने वाली कार और ट्रैक स्लैब समायोजन सुविधा समेत परियोजना के प्रमुख घटकों की समीक्षा की। मंत्रियों ने गुणवत्ता मानकों के पालन पर संतोष जताया और निर्माण की तीव्र गति की सराहना की। भारत की पहली बुलेट ट्रेन परियोजना का क्रियान्वयन कर रही नेशनल हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनएचएसआरसीएल) के अनुसार, 508 किलोमीटर में फैला मुंबई-अहमदाबाद हाई स्पीड रेल कॉरिडोर महाराष्ट्र और गुजरात के बीच तेज संपर्क प्रदान करेगा।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed