Updates: डीआरडीओ ने किया क्यूटीआरसी का उद्घाटन; दिल्ली में श्रीलंका के सांसदों से मिले विदेश मंत्री जयशंकर
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) ने 27 मई को दिल्ली के मेटकाफ हाउस में क्वांटम प्रौद्योगिकी अनुसंधान केंद्र (क्यूटीआरसी) का उद्घाटन किया। इस सुविधा का उद्घाटन रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ समीर वी कामत ने रणनीतिक और रक्षा अनुप्रयोगों के लिए स्वदेशी क्वांटम क्षमताओं को मजबूत करने के लिए किया। उद्घाटन समारोह में महानिदेशक (माइक्रो इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस, कम्प्यूटेशनल सिस्टम और साइबर सिस्टम) सुमा वरुघी की उपस्थिति रही, जिनकी दूरदर्शिता और नेतृत्व ने इस अत्याधुनिक सुविधा की अवधारणा को मूर्त रूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। महानिदेशक (संसाधन और प्रबंधन) डॉ मनु कोरुल्ला और एसएसपीएल और एसएजी के निदेशक, वरिष्ठ वैज्ञानिक और अन्य गणमान्य व्यक्ति समारोह में शामिल हुए।
मिजोरम में चार करोड़ की नशीले पदार्थ के साथ दो गिरफ्तार
मिजोरम की राजधानी आइजोल के बाहरी इलाके में पुलिस ने 4 करोड़ रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने सोमवार को बताया कि आबकारी एवं नारकोटिक्स विभाग के कर्मियों ने यंग मिजो एसोसिएशन के केंद्रीय मादक पदार्थ निरोधक दस्ते की मदद से पिछले दो दिनों में 2 किलोग्राम हेरोइन और 9.8 किलोग्राम मेथम्फेटामाइन की गोलियां जब्त की हैं। रविवार को फुंचावंग इलाके में छापे के दौरान दो आरोपियों से 549 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। बाद की जांच में शेष मादक पदार्थ भी पकड़ा गया।
ड्रग्स की ढुलाई में इस्तेमाल की जाने वाली एक पिक-अप ट्रक भी जब्त की गई। आरोपियों के नाम सी लालरामनुनमावी (37) और लालनुनमाविया (35) बताए गए हैं। उनके खिलाफ एनडीपीएस कानून के तहत केस दर्ज किया गया है। इस साल अब तक राज्य में 26.4 किलो हेरोइन, 67.1 किलो मेथ, 48 किलो क्रिस्टल मेथ, 132.9 किलो गांजा और 945 ग्राम अफीम बरामद की जा चुकी है।
विक्रम मिस्री आज से अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे
विदेश सचिव विक्रम मिस्री मंगलवार से अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर जाएंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि विदेश सचिव विक्रम मिस्री 27-29 मई को वाशिंगटन डीसी का दौरा करेंगे और अमेरिकी प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात करेंगे। मंत्रालय ने कहा, यह यात्रा प्रधानमंत्री की फरवरी में हुई अमेरिका यात्रा के बाद हो रही है। उस वक्त दोनों पक्षों ने 21वीं सदी के लिए भारत-अमेरिका कॉम्पैक्ट (सैन्य साझेदारी, त्वरित वाणिज्य और प्रौद्योगिकी के लिए अवसरों को बढ़ावा देना) लॉन्च किया था।
एनएसडीसी बोर्ड ने अपने सीईओ को बर्खास्त किया
राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी ) के बोर्ड ने अपने मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) वेद मणि तिवारी की सेवाओं को आधिकारिक रूप से समाप्त कर दिया है। वह मार्च 2021 से एनएसडीसी में वरिष्ठ पदाधिकारी के रूप में कार्यरत थे। समझा जाता है कि तिवारी को पिछले महीने ही बोर्ड से हटा दिया गया था, फिर भी वह शर्तों के अनुसार सीईओ के पद पर बने रहे। पिछले दिनों आयोजित एनएसडीसी बोर्ड की बैठक में उनकी सेवाओं को समाप्त करने का फैसला हो गया ।
राष्ट्रपति मुर्मू ने किया सीजेआई गवई के लिए रात्रिभोज का आयोजन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को भारत के नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) न्यायमूर्ति भूषण रामकृष्ण गवई के स्वागत में राष्ट्रपति भवन सांस्कृतिक केंद्र में रात्रिभोज का आयोजन किया। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी।
जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति मुर्मू की मेजबानी में हुए रात्रिभोज में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस जयशंकर, कानून और न्याय तथा संसदीय मामलों के राज्य मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, पूर्व सीजेआई न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और सुप्रीम कोर्ट के न्यायाधीशों और उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी शामिल हुए।
करुवन्नूर सहकारी बैंक घोटाले में ईडी ने माकपा को बनाया आरोपी
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 150 करोड़ के करुवन्नूर सहकारी बैंक घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में केरल की सत्तारूढ़ पार्टी मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) को अपनी नई चार्जशीट में आरोपी बनाया है। यह दूसरा ऐसा मामला है, जब ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में किसी राजनीतिक पार्टी को आरोपी बनाया है। पिछले साल ईडी ने दिल्ली शराब नीति घोटाले में आम आदमी पार्टी (आप) को आरोपी बनाया था।
सूत्रों ने बताया कि ईडी ने घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में कोच्चि की विशेष अदालत में दायर अपने पहले पूरक आरोपपत्र में कुल 28 संस्थाओं और व्यक्तियों को आरोपी बनाया है। इनमें माकपा के अलावा पार्टी सांसद के. राधाकृष्णन, पार्टी विधायक एसी मोइदीन और अन्य शामिल हैं। ईडी की चार्जशीट में माकपा का नाम त्रिशूर जिला समिति के पार्टी सचिव के माध्यम से रखा गया है। ईडी ने 2023 में पहली चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें 55 लोग आरोपी बनाए गए थे। नई चार्जशीट के साथ आरोपियों की संख्या बढ़कर 83 हो गई। हालांकि, माकपा ने ईडी के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा था कि वह इसका कानूनी और राजनीतिक रूप से सामना करेगी।
पेंशन वितरण में देरी अस्वीकार्य, यह समानता और न्याय के सिद्धांतों के विपरीत : कलकत्ता हाईकोर्ट
कलकत्ता हाईकोर्ट ने कहा कि किसी कर्मचारी की अर्जित पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों में एक दिन की भी देरी नहीं की जा सकती है। 23 मई को अपने आदेश में जस्टिस गौरांग कंठ ने कहा कि ऐसे मामलों में देरी से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को परेशानी होती है, जो जीविका के लिए इन बकाया राशि पर निर्भर हैं।
अदालत ने कहा, पेंशन के वितरण में कोई भी अनुचित देरी अस्वीकार्य है। यह समानता और न्याय के सिद्धांतों के विपरीत है। यह टिप्पणी पश्चिम बंगाल में एक नागरिक निकाय के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की दायर याचिका के जवाब में आई है। याचिकाकर्ता ने कहा कि वह 30 नवंबर, 2023 को सेवा से सेवानिवृत्त हुई और उसका अंतिम मासिक वेतन लगभग 40,000 रुपये था। उनके पद के पदनाम में विसंगतियों के कारण उन्हें अभी तक कोई पेंशन स्वीकृत नहीं की गई है।
कर्नाटक सरकार भाजपा के खिलाफ दायर करेगी मानहानि का मुकदमा
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार ने अपने प्रदर्शन के बारे में कथित तौर पर दुष्प्रचार करने को लेकर भाजपा की प्रदेश इकाई के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने का फैसला किया है। रविवार को जारी एक अधिसूचना में राज्य सरकार ने भाजपा के मीडिया में चलाए गए अभियान के माध्यम से कथित रूप से गलत और झूठी सूचना पेश करने का हवाला दिया है। विपक्षी भाजपा ने इस कदम को कर्नाटक में आपातकाल के दूसरे अध्याय की शुरुआत करार दिया है।
अधिसूचना में कहा गया कि सरकार ने इस संबंध में बंगलूरू की 42वीं मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट अदालत में मानहानि का मुकदमा दायर करने का फैसला किया है। कार्मिक एवं प्रशासनिक सुधार विभाग (डीपीएआर) के सचिव को शिकायत दर्ज करने के लिए अधिकृत किया गया है।
सरकार ने 67वीं दीवानी और सत्र अदालत से लोक अभियोजक बीएस पाटिल और 61वें दीवानी और सत्र न्यायालय से शैलजा नायक को कानूनी कार्यवाही संभालने के लिए नियुक्त किया है। साथ ही, गृह विभाग (कानून और व्यवस्था) के उप सचिव कुमता प्रकाश को इस मामले में सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय करने व लोक अभियोजक को पूरी जानकारी प्रदान करने का आदेश दिया है।
लाइबेरियाई जहाज के नौ कंटेनर केरल के तटों पर पहुंचे
अरब सागर में डूबे लाइबेरियाई मालवाहक जहाज एमएससी एल्सा-3 के नौ कंटेनर बहकर केरल के कोल्लम और अलपुझा जिलों के तट पर पहुंचे हैं। प्रशासन ने लोगों से इन कंटेनरों से दूर रहने की अपील की है। तटीय इलाकों में जारी हाई अलर्ट के बीच भारतीय तटरक्षक बल जहाज से तेल रिसाव को रोकने के काम में जुटा है।
सोमवार को पुलिस ने बताया कि कोल्लम के तट पर चार और अलपुझा में पांच कंटेनर किनारे तक पहुंचे हैं। तटीय इलाकों में पुलिस बल की तैनाती के साथ लोगों से कंटेनरों से दूर रहने को कहा गया है। केरल तट पर जहाज के डूबने की घटना के बाद स्थिति का आकलन करने के लिए सोमवार को मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई। जिसके बाद तटीय इलाकों में रह रहे लोगों से सतर्क रहने का आग्रह करते हुए एडवाइजरी जारी की गई है।
भारतीय तटरक्षक बल जहाज से तेल रिसाव को रोकने के काम में जुटा है। मालवाहक जहाज पर 640 लदे हुए थे, जिनमें 13 कंटेनरों में खतरनाक रसायन के अलावा 12 में कैल्शियम कार्बाइड थे। जहाज के टैंकों में 84.44 मीट्रिक टन डीजल और 367.1 मीट्रिक टन फर्नेस ऑयल था। यह जहाज 23 मई को विझिनजाम बंदरगाह से कोच्चि के लिए रवाना हुआ था। अगले दिन केरल के तट से 38 नॉटिकल मील दूर 26 डिग्री झुक गया था और रविवार सुबह समुद्र में डूब गया। इस पर सवार चालक दल के सभी 24 सदस्यों को बचा लिया गया था।
कोलकाता पुलिस ने बताया कि पश्चिम बंगाल स्वास्थ्य विभाग के मुख्यालय 'स्वास्थ्य भवन' के अधिकारियों को मंगलवार को एक ईमेल मिला, जिसमें इमारत को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। एक दिन पहले इसी तरह का एक ऑनलाइन संचार फर्जी निकला था। एक अधिकारी ने बताया कि बम निरोधक और डॉग स्क्वॉड के साथ पुलिस कर्मियों की एक बड़ी टीम को साल्ट लेक इलाके के सेक्टर वी में 'स्वास्थ्य भवन' भेजा गया।
इलेक्ट्रॉनिक कॉम्प्लेक्स पुलिस स्टेशन के अधिकारी ने बताया, 'हम स्वास्थ्य भवन में व्यापक तलाशी ले रहे हैं। हम इसके पीछे के लोगों की पहचान करने की भी कोशिश कर रहे हैं। मेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।' उन्होंने बताया कि मेल में यह भी धमकी दी गई थी कि स्वास्थ्य भवन के परिसर के अंदर आईईडी लगाए गए हैं और शाम 5 बजे के बाद 30 मिनट के भीतर सब कुछ फट जाएगा। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य अधिकारियों को सोमवार को भी इसी तरह का ईमेल मिला था, जो फर्जी निकला।
सरकारी बस की विंडशील्ड (वाहन के आगे का शीशा) पर राज्य का नाम छिपाने को लेकर जारी प्रदर्शन के बीच मणिपुर कांग्रेस अध्यक्ष केशम मेघचंद्र ने आरोप लगाया है कि राज्य में राष्ट्रपति शासन शांति बनाए रखने में 'नाकाम' रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि जनवरी 2024 में पद ग्रहण करने वाले राज्यपाल अजय कुमार भल्ला को केंद्र सरकार को वापस बुलाना चाहिए। केंद्र ने 13 फरवरी को मणिपुर में राष्ट्रपति शासन लगाया था, जब मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने इस्तीफा दिया था। इससे पहले राज्य में लंबे समय तक जातीय हिंसा चल रही थी। राज्य विधानसभा का कार्यकाल 2027 तक है, जिसे निलंबित किया गया है।
मणिपुर के थौबल, तेंगनोउपल और ककचिंग जिलों में कई प्रतिबंधित संगठनों के पांच उग्रवादी गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ये गिरफ्तारियां राज्य में चल रहे खुफिया आधारित तलाशी अभियान के तहत की गई हैं। थौबल के सामरम लमखाई से प्रतिबंधित कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के दो सक्रिय सदस्य पकड़े गए। ये दोनों वसूली के काम में संलिप्त थे और उनके पास से कांगलेपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) के दो मांग पत्र भी बरामद हुए। सुरक्षा बलों ने तेंगनोउपल की म्यांमार सीमा के पास मोइरेंथेल गांव से प्रतिबंधित पीपुल्स लिबरेशन आर्मी के दो सदस्यों को भी गिरफ्तार किया। ककचिंग के चाजिंग खुनौ इलाके से कांगलेई यावोल कन्ना लुप (सोरेपा) का एक सक्रिय सदस्य भी पकड़ा गया। जातीय हिंसा के शुरू होने के बाद से सुरक्षा बल मणिपुर में तलाशी अभियान चला रहे हैं।
ओडिशा पुलिस ने मंगलवार को बोलनगीर जिले में एक पत्रकार पर कथित हमले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। एक अधिकारी ने बताया कि पुलिस के अनुसार, स्थानीय टीवी चैनल के रिपोर्टर बिजॉय प्रधान शनिवार को कुलथीपाली गांव में गार्ड वॉल के निर्माण में कथित अनियमितताओं की रिपोर्ट करने गए थे, तभी आरोपियों ने कथित तौर पर उनका मोबाइल फोन, बूम और अन्य उपकरण छीन लिए। उन्होंने उनके हाथ भी बांध दिए और ग्रामीणों के सामने उन पर हमला किया। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुख्य आरोपी और गार्ड वॉल के निर्माण में लगे ठेकेदार गजेंद्र दलाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। सोमवार को पुलिस ने घटना में कथित संलिप्तता के लिए एक किशोर सहित चार अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। बोलनगीर के एसपी अभिलाष जी ने बताया कि पुइंतला पुलिस स्टेशन में प्रधान की शिकायत और वीडियो साक्ष्य के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को श्रीलंका के संसदीय सहयोगियों के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। यह प्रतिनिधिमंडल पीआरआईडीई क्षमता निर्माण कार्यक्रम के लिए भारत आया हुआ है। इस दौरान उन्होंने भारत की पड़ोसी प्रथम नीति पर भी चर्चा की। जयशंकर ने आतंकवाद के खिलाफ श्रीलंका की नीति भी सरहाना की। उन्होंने क्षेत्रीय सहयोग और विकास को बढ़ावा देने में लोगों के बीच मजबूत संबंधों के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने श्रीलंका के विकास और प्रगति का समर्थन करने के लिए भारत की प्रतिबद्धता को दोहराया।
बता दें कि श्रीलंका ने पहलगाम हमले की निंदा की थी, आतंकवाद के खिलाफ भारत का साथ देने की प्रतिबद्धता दोहराई थी। सोशल मीडिया पोस्ट जयशंकर ने कहा, पीआरआईडीई क्षमता निर्माण कार्यक्रम के लिए भारत आए श्रीलंका के संसदीय सहयोगियों के साथ गर्मजोशी से बातचीत हुई। मैं आतंकवाद की उनकी निंदा और पहलगाम हमले पर सहानुभूति व्यक्त करने की सराहना करता हूं। हमने लोगों के बीच मजबूत संबंधों पर आधारित हमारी पड़ोस पहले नीति पर चर्चा की।
पूर्वी रेलवे ने सभी ‘ब्लॉगर’ और ‘यूट्यूबर’ से आग्रह किया है कि वे राष्ट्रीय सुरक्षा के हित में उसके अधिकार क्षेत्र के तहत आने वाले स्टेशनों की ना तो विस्तृत फोटो खींचे और ना ही इनके वीडियो बनाएं। उन्होंने कहा कि संबंधित अधिकारी निगरानी बढ़ाएंगे और यह सुनिश्चित करेंगे कि कोई भी महत्वपूर्ण स्टेशनों की विस्तृत तस्वीरें नहीं ले सके। पूर्वी रेलवे के अधिकारियों की यह अपील हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को पाकिस्तानी खुफिया एजेंटों को संवेदनशील जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किए जाने के कुछ दिनों बाद आई है।
पूर्वी रेलवे के प्रवक्ता ने कहा, 'स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म की तस्वीरें या वीडियो लेने पर प्रतिबंध लागू हैं। अब हमने देश भर में उभरती स्थितियों और सुरक्षा अलर्ट के साथ निगरानी बढ़ाने का फैसला किया है।' अधिकारी ने कहा कि कुछ ब्लॉगर या यूट्यूबर रेलवे स्टेशनों के ‘वीडियो ब्लॉग’ बनाने की कोशिश करते हैं, जो बहुत ही चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि सभी सेक्शन और मंडलों में प्रतिबंध लागू हैं, लेकिन कुछ लोग दिशानिर्देशों का पालन नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने कहा, 'हमारा सभी ब्लॉगर और यूट्यूबर से अनुरोध है कि वे अब ऐसी गतिविधियां न करें। सुरक्षा से समझौता नहीं किया जा सकता, इसलिए यह पाबंदी जरूरी थी।’'