फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi

Updates: गुजरात कांग्रेस ने शुरू की 'न्याय यात्रा'; IIT गुवाहाटी के हॉस्टल में छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

Fri, 09 Aug 2024 11:09 PM IST
विशांत श्रीवास्तव न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: विशांत श्रीवास्तव Updated Fri, 09 Aug 2024 11:09 PM IST
विज्ञापन
News And Updates East West North South Northeast India National Incident News In Hindi
बड़ी खबरें - फोटो : amar ujala graphics

केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने कहा है कि फिलहालइडुक्की जिले में स्थित 125 साल से अधिक पुराने मुल्लापेरियार बांध की सुरक्षा के संबंध में किसी भी चिंता की आवश्यकता नहीं है।विजयन ने यह भी कहा कि इस मुद्दे पर राज्य सरकार ने अब तक जो रुख अपनाया है, वह जारी रहेगा। मुख्यमंत्री कांग्रेस सांसद डीन कुरियाकोस द्वारा कथित तौर पर लोकसभा में बांध पर सुरक्षा संबंधी चिंताएं उठाए जाने के संबंध में मीडिया के सवालों का जवाब दे रहे थे।

विज्ञापन


नवंबर में ओडिशा का भ्रमण करेंगे पटनायक
इस साल की शुरुआत में अपने राजनीतिक करियर की पहली हार के बाद, बीजद अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने के लिए नवंबर से राज्यव्यापी दौरा करने का फैसला किया। पार्टी के एक बयान में कहा गया कि गुरुवार को वरिष्ठ नेता देबी प्रसाद मिश्रा की अध्यक्षता में बीजद की पहली राज्य समन्वय समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया।
विज्ञापन


मिड डे मिल में मिली मरी छिपकली
ओडिशा के बालासोर जिले के एक स्कूल में गुरुवार को मध्याह्न भोजन खाने के बाद लगभग 100 छात्र बीमार पड़ गए। बालासोर के सिरापुर गांव में उदयनारायण नोडल स्कूल के छात्रों को उनके मध्याह्न भोजन के हिस्से के रूप में चावल और करी परोसी गई। कुछ समय बाद एक छात्र ने भोजन में छिपकली देखी, जिसके बाद स्कूल के अधिकारियों ने भोजन बांटना बंद दिया और छात्रों को खाना खाने से मना किया। कई छात्रों को पेट में दर्द और सीने में दर्द के लक्षण महसूस होने लगे, जिसके बाद उन्हें एंबुलेंस और अन्य वाहनों से पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। छात्रों का इलाज कराने के लिए एक मेडिकल टीम ने भी स्कूल का दौरा किया। कई छात्रों ने चिकित्सा देखभाल प्राप्त करने के बाद उल्टी की, जिसके बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने कहा कि जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन


सीपीआई (एम) ने बुद्धदेव भट्टाचार्य को दी अंतिम विदाई
बंगाल सीपीआई (एम) ने राज्य मुख्यालय में पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री बुद्धदेव भट्टाचार्य को शुक्रवार को अंतिम विदाई दी। शोक संतप्त लोगों ने नम आंखों और कुछ ने मुट्ठी बांधकर लाल सलामी दी और उस व्यक्ति को श्रद्धांजलि दी, जिसने राज्य के राजनीतिक परिदृश्य पर एक अमिट छाप छोड़ी थी। कई लोगों ने इस दौरान भट्टाचार्य की तस्वीर से सजे बैनर और तख्तियां ले रखी थीं, जबकि उनका पार्थिव शरीर पार्टी के लाल झंडे में लिपटा हुआ था, इसे फूलों से सजाया गया था। 

गुजरात : स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास दो आदिवासियों की हत्या 
गुजरात के नर्मदा जिले के केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के पास निर्माणाधीन जनजातीय संग्रहालय स्थल पर चोरी के संदेह में छह श्रमिकों के एक समूह ने दो आदिवासियों को पीटकर मार डाला। मामले में शामिल छह लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर हत्या का मामला दर्ज किया गया है। नर्मदा के पुलिस अधीक्षक प्रशांत सुम्बे ने बृहस्पतिवार को कहा, घटना 6 अगस्त की रात को हुई। मृतकों की पहचान जयेश तड़वी और संजय तड़वी के रूप में हुई है। छह निर्माण श्रमिकों के एक समूह ने जयेश और संजय को बांध दिया और फिर उनकी पिटाई की, जिससे दोनों की मौत हो गई।

वरिष्ठ पीआईबी अधिकारी धीरज सिंह एफटीआईआई के निदेशक नियुक्त
वरिष्ठ सूचना सेवा अधिकारी धीरज सिंह को बृहस्पतिवार को भारतीय फिल्म व टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे का निदेशक नियुक्त किया गया है। 1995 बैच के भारतीय सूचना सेवा के अधिकारी सिंह वर्तमान में प्रधानमंत्री कार्यालय के मीडिया व संचार प्रभारी प्रेस सूचना ब्यूरो में अतिरिक्त महानिदेशक हैं। एफटीआईआई निदेशक के रूप में उनका कार्यकाल पांच वर्ष का होगा। सिंह इस पद पर संदीप शहारे का स्थान लेंगे।

पांच दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचे संघ प्रमुख मोहन भागवत
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ओडिशा की पांच दिवसीय यात्रा पर बृहस्पतिवार को यहां पहुंचे। वह 9 अगस्त को पुरी जाएंगे, वहां श्री जगन्नाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद गोवर्धन पीठ पहुंचेंगे और पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती से भेंट करेंगे। 10 और 11 अगस्त को पुरी में संगठन के शीर्ष राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक में हिस्सा लेंगे।

शिंदे ने अजित पवार और देवेंद्र फडणवीस के साथ बैठक की
मुंबई में महाराष्ट्र के सीएम एकनाथ शिंदे ने महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार और देवेंद्र फड़नवीस के साथ बैठक की। विधानसभा चुनाव से पहले तैयारियों पर चर्चा की गई। 

आंध्र प्रदेश में कपड़े चुराने के आरोप में पांच महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज
आंध्र प्रदेश के कडप्पा में एक कपड़े की दुकान से कपड़े चुराने के आरोप में कुल पांच महिलाओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। दुकान के सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है महिलाओं ने किस अनोखे तरीके से कपड़े अपनी साड़ी के अंदर छिपाकर चुराए थे।

वीडियो में, पांच महिलाओं को दुकान में प्रवेश करते और हमेशा की तरह कपड़े देखते हुए देखा जा सकता है। हालांकि, दो महिलाओं को अपनी साड़ी के अंदर कपड़े छुपाते हुए देखा जा सकता है, जबकि अन्य महिलाएं उसे छिपाती हुईं दिखती हैं।महिलाओं में से एक को दुकान पर विक्रेता से उसे और कपड़े दिखाने के लिए कहते हुए देखा जा सकता है, जबकि दो अन्य महिलाएं अपनी साड़ी के अंदर कपड़े छुपाती हैं। कुछ देर बाद पांचों एक साथ दुकान से निकलीं।

दुकानदार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर महिला की शिनाख्त करने की कोशिश कर रही है और आगे की जांच जारी है।
 

कोलकाता: सरकारी अस्पताल में महिला डॉक्टर का अर्धनग्न शव बरामद

सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल के सेमिनार रूम से शुक्रवार सुबह एक जूनियर महिला डॉक्टर का अर्धनग्न शव बरामद हुआ। मृतक पोस्ट ग्रेजुएट की द्वितीय वर्ष की छात्रा थी। शुरुआती जांच के अनुसार दुष्कर्म के बाद हत्या का अनुमान लगाया जा रहा है। अस्पताल प्रबंधन ने जांच के लिए 11 सदस्यीय कमेटी गठित की गई है। घटना से गुस्साए जूनियर डॉक्टरों ने काम बंद करके विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टरों ने घटना की न्यायिक जांच की मांग पर शव को पोस्टमार्टम कराने ले जाने से रोका। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने में सफल रही। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मृतक के माता-पिता को निष्पक्ष जांच और दोषियों को सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया।

गुजरात कांग्रेस ने भाजपा के खिलाफ राज्य में शुरू की 'न्याय यात्रा'

गुजरात कांग्रेस ने शुक्रवार को 14 दिवसीय 'न्याय यात्रा' शुरू की, जो पिछले पांच वर्षों में भाजपा शासित राज्य में हुई चार बड़ी त्रासदियों के पीड़ितों के लिए न्याय की मांग करेगी। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा हाल ही में राजकोट गेम जोन में हुई आग समेत इन घटनाओं के असली दोषियों को बचा रही है। विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता अमित चावड़ा, सेवा दल के अध्यक्ष लालजी देसाई और विधायक जिग्नेश मेवाणी ने अभियान की शुरुआत की। पार्टी प्रवक्ता मनीष दोशी ने कहा कि यह यात्रा 23 अगस्त को गांधीनगर पहुंचने से पहले करीब 350 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।

IIT गुवाहाटी में हॉस्टल में छात्रा ने फांसी लगाकर दी जान

भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, गुवाहाटी की एक 23 वर्षीय स्नातकोत्तर छात्रा शुक्रवार को दिसांग हॉस्टल के कमरे की छत से मृत अवस्था में लटकी हुई पाई गई। संस्थान के एक प्रवक्ता ने कहा, छात्रा उत्तर प्रदेश की रहने वाली थी। दिन में कक्षाओं से अनुपस्थित रहने पर उसके दोस्तों ने छात्रा की तलाश की और शव का पता लगाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वह एमटेक कर रही थी और छात्रा के परिवार को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है। पुलिस ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। अधिकारियों ने मृत छात्र के पाठ्यक्रम या किसी अन्य विवरण का खुलासा नहीं किया है। इस साल आईआईटी, गुवाहाटी में किसी छात्र की आत्महत्या की यह तीसरी घटना है।

मोहन भागवत ने जगन्नाथ मंदिर में की पूजा, पुरी शंकराचार्य से मुलाकात की

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को जगन्नाथ मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की। सेवादारों के अनुसार, आरएसएस प्रमुख ने मंदिर के अंदर करीब आधा घंटा बिताया और पुजारियों से बात की। मंदिर प्रशासन के अधिकारियों ने सिंह द्वार पर उनका स्वागत किया। बाद में भागवत ने गोबर्धन पीठ में पुरी के शंकराचार्य स्वामी निश्चलानंद सरस्वती से मुलाकात की और कई मुद्दों पर चर्चा की। हालांकि, उनकी चर्चा के विषयों की जानकारी नहीं दी गई। मोहन भागवत 10 और 11 अगस्त को आरएसएस के प्रांत सेवा प्रमुख की बैठक में भाग लेंगे और संगठन की गतिविधियों और इसकी योजनाओं से संबंधित कई मुद्दों पर चर्चा करेंगे। वह सोमवार तक पुरी में रहेंगे। सूत्रों ने बताया कि बृहस्पतिवार देर रात मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी और डिप्टी सीएम केवी सिंहदेव और पार्वती परिदा ने भी मोहन भागवत से मुलाकात की।

वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता ए. काली कृष्ण श्रीनिवास ने छोड़ी पार्टी 

वाईएसआरसीपी के वरिष्ठ नेता ए. काली कृष्ण श्रीनिवास ने शुक्रवार को निजी कारणों का हवाला देते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया। वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी को लिखे एक पत्र में, श्रीनिवास, जो वाईएसआरसीपी सरकार में स्वास्थ्य मंत्री के रूप में भी काम कर चुके हैं, ने अपना इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा, व्यक्तिगत कारणों से मैंने भविष्य में सक्रिय राजनीति से दूर रहने का फैसला किया है। नतीजतन, मैं एलुरु विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी और एलुरु पार्टी (वाईएसआरसीपी) के अध्यक्ष की भूमिका से इस्तीफा दे रहा हूं। 2024 के एलुरु विधानसभा चुनाव में, श्रीनिवास टीडीपी के बी. राधा कृष्णय्या से 62,388 मतों के अंतर से हार गए

अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट की शिकायत पर 10 कॉल सेंटरों पर केस दर्ज

सीबीआई ने तकनीकी सहायता देने और प्लान अपग्रेड के लिए आकर्षक ऑफर का लालच देकर अमेरिकी प्रौद्योगिकी दिग्गज अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट के ग्राहकों को ठगने के आरोप में 10 कॉल सेंटर संचालकों पर मामला दर्ज किया है। बता दें कि केंद्रीय जांच एजेंसी ने माइक्रोसॉफ्ट की शिकायत पर 10 कॉल सेंटरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी, जिनमें से पांच अमेजन की शिकायत के आधार पर दर्ज मामले में संदिग्ध भी हैं। अधिकारियों ने बताया कि पिछले साल 4 अक्टूबर को दो मामले दर्ज किए गए थे, लेकिन विशेष अदालत के आदेश पर इन्हें सार्वजनिक कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इन कॉल सेंटरों ने विदेशियों को उनके फायर स्टिक या अमेजन के अन्य उपकरणों को सक्रिय करने का प्रयास करने पर तकनीकी समाधान देने का लालच देकर उनके खातों से पैसे निकाल लिए। माइक्रोसॉफ्ट के मामले में, यह आरोप लगाया गया है कि अपराधियों ने पीड़ितों को 'पॉप-अप' संदेश भेजे, जिसमें उन्हें अपने कंप्यूटर पर आने वाले खतरे को हल करने के लिए नंबर पर कॉल करने के लिए कहा गया। एजेंसी ने आरोप लगाया कि जब ग्राहक ने नंबर पर कॉल किया तो कॉल सेंटर संचालकों ने उन्हें ठग लिया।
 

सीएम स्टालिन ने युवाओं के लिए शुरू की सहायता योजना 

तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शुक्रवार को सरकारी और राज्य-सहायता प्राप्त स्कूलों के लड़कों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद करने के लिए 1,000 रुपये प्रति माह सहायता वाली 'तमीज़ पुधलवन' (तमिल बेटा) योजना शुरू की। यहां सरकारी कला महाविद्यालय में योजना शुरू करते हुए स्टालिन ने कहा कि 'द्रविड़ मॉडल' सरकार सामाजिक न्याय के लिए प्रतिबद्ध है और इसके अनुसार तैयार की गई कई कल्याणकारी योजनाओं की रूपरेखा तैयार की। वहीं कलैगनार मगलिर उरीमाई थिट्टम (महिलाओं के अधिकार के लिए कलैगनार योजना) के तहत, लगभग 1.15 करोड़ महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जा रहे हैं।

भारत-पे धोखाधड़ी केस: मामले में एक शख्स गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) ने भारत-पे धोखाधड़ी मामले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अमित कुमार बंसल को 6 अगस्त को गिरफ्तार किया गया और अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे छह दिनों की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया। अमित बंसल के रिमांड दस्तावेजों के अनुसार, वह गैर-मौजूद फर्मों के सदस्यों में से एक था, जिन्हें 2019 और 2021 के बीच भारतपे के तत्कालीन निदेशकों से 72 करोड़ रुपये का भुगतान मिला था। अपने रिमांड आवेदन में, ईओडब्ल्यू ने कहा था कि ऐसे 33 गैर-मौजूद विक्रेताओं के विवरण की पहचान की गई और जांच की गई, जिसमें पता चला कि आरोपी और उसका भाई उक्त गैर-मौजूद फर्मों से जुड़े थे।

असम: पूर्व भाजपा विधायक अशोक सरमा कांग्रेस में शामिल

पूर्व भाजपा विधायक अशोक सरमा शुक्रवार को अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गए। यहां एक सदस्यता कार्यक्रम में वरिष्ठ भाजपा नेता ने लोकसभा में पार्टी के उपनेता गौरव गोगोई, प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, विपक्ष के नेता देवव्रत सैकिया के साथ-साथ एआईसीसी नेता पृथ्वीराज साठे और विकास उपाध्याय की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। अशोक सरमा ने भारी भीड़ को संबोधित करते हुए कहा, इस दिन अंग्रेजों से आजादी पाने के लिए भारत छोड़ो आंदोलन शुरू हुआ था। मैंने पार्टी और उसके नेताओं द्वारा किए गए बलिदान के सम्मान में कांग्रेस में शामिल होने के लिए इस दिन को चुना। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में शामिल होना एक कठिन निर्णय था क्योंकि उनके परिवार, जिसमें उनके तीन भाई और दो बहनें शामिल हैं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े थे।
 

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed