लालू बोले मोदी सरकार के पास नहीं है कोई ठोस उपलब्धि
लालू प्रसाद यादव ने मोदी सरकार के दो साल पूरा होने पर उसे हर मोर्चे पर नाकाम करार दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के पास दो साल में कहीं कोई ठोस उपलब्धि नहीं है| मोदी सरकार इन दो सालों में चुनावी वायदों के साथ-साथ भारतीय संविधान के मूल्यों की रक्षा करने में भी पूरी तरह असमर्थ रही है।
दो साल में कहीं कोई ठोस उपलब्धि नहीं| केंद्र सरकार चुनावी वायदों के साथ-साथ भारतीय संविधान के मूल्यों की रक्षा करने में पूरी तरह असमर्थ
— Lalu Prasad Yadav (@laluprasadrjd) May 26, 2016विज्ञापन
आरजेडी अध्यक्ष लालू यादव ने ट्विटर पर कहा है कि, मोदी सरकार ने "गरीबों के अच्छा जीवन जी पाने की लालसा का मजाक बनाते हुए 15-15 लाख देने का सपना दिखाया। सोचिए, गरीबों की गरीबी का कितना बेहूदा मजाक बनाया गया है"। उन्होंने कहा कि दो सालों में महंगाई रत्तीभर भी कम नहीं हुई है, उलटे दालें सचमुच मुर्गी के बराबर महंगी हो गई है। मोदी सरकार अब विकास की नहीं विनाश की बात कर रही है। किसान कर्ज और वादों के गम के मारे आत्महत्या कर रहे है। यह एक गहरे कृषि संकट का लक्षण है।
लालू यादव ने कहा कि सरकार बनने से पहले मोदी जी 100 दिनों में विदेशो से काला धन लाने की गगनचुम्बी बातें करते थे, लेकिन अब उल्टा हो रहा है। देश के मेहनतकशों की गाढ़ी कमाई का सफेद धन विदेश जा रहा है।
लालू यादव ने कहा कि मोदी सरकार के पास कोई उपलब्धि नहीं है। यह सरकार यूपीए की परियोजनाओं को अपना बताकर अपना झूठा महिमामण्डन कर रही है। उन्होंने कहा कि इस सरकार के पास यदि कोई उपलब्धि है तो वह है, प्रायोजित कार्यक्रमों में पैसों और प्रोपेगेंडा के दम पर अपना झूठा मन्त्रोच्चार कराना।