{"_id":"6b01f3f1888f379904026609","slug":"bulgaria-welcomes-india-efforts-to-resolve-black-sea-conflict-hails-india-eu-free-trade-agreement-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"बुल्गारिया ने की भारत की तारीफ: काला सागर में तनाव खत्म करने की कोशिशों का किया स्वागत, एफटीए पर क्या कहा?","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
बुल्गारिया ने की भारत की तारीफ: काला सागर में तनाव खत्म करने की कोशिशों का किया स्वागत, एफटीए पर क्या कहा?
Sun, 22 Nov 2026 01:21 AM IST
शिवम गर्ग
एएनआई, नई दिल्ली
एएनआई, नई दिल्ली
Published by: शिवम गर्ग
Updated Sun, 22 Nov 2026 01:21 AM IST
सार
भारत और बुल्गारिया ने व्यापार, तकनीक और सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने पर जोर दिया है। बुल्गारिया ने काला सागर में तनाव का समाधान खोजने के भारत के प्रयासों की सराहना की और भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता को नई आर्थिक साझेदारी का अवसर बताया।
विज्ञापन
बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने भारत की तारीफ में क्या कहा?
- फोटो : Amar Ujala Graphics
विस्तार
भारत और बुल्गारिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने की दिशा में अहम बातचीत हुई है। बुल्गारिया की विदेश मंत्री वेलिस्लावा पेट्रोवा-चामोवा ने काला सागर में जारी संघर्ष और तनाव का दीर्घकालिक समाधान खोजने के भारत के प्रयासों का स्वागत किया है। उन्होंने भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को भी बड़ी उपलब्धि बताया। उनका कहना है कि इस समझौते से दोनों पक्षों के बीच व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खुलेंगे।
विज्ञापन
काला सागर में तनाव कम करने के भारत के प्रयासों की सराहना
विदेश मंत्री एस जयशंकर के साथ नई दिल्ली में द्विपक्षीय बैठक के दौरान पेट्रोवा-चामोवा ने काला सागर की सुरक्षा स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में बढ़ते संघर्ष का असर समुद्री जहाजों के चालक दल और आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही पर पड़ा है। उन्होंने बताया कि इस संघर्ष से भारतीय चालक दल के सदस्य भी प्रभावित हुए हैं। बुल्गारिया ने उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने और खोज एवं बचाव अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी ओर से हरसंभव प्रयास किए हैं।
विज्ञापन
बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने कहा कि उनका देश काला सागर में सुरक्षा स्थिति सुधारने के लिए भारत के साथ मिलकर काम करना चाहता है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में शांति और सुरक्षा केवल आसपास के देशों के लिए ही नहीं, बल्कि खाद्यान्न, उर्वरक और तेल जैसी जरूरी वस्तुओं पर निर्भर देशों के लिए भी महत्वपूर्ण है।
विज्ञापन
भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते को बताया बड़ी उपलब्धि
बैठक के दौरान बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) का भी स्वागत किया। उन्होंने इसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि अब इस समझौते को जमीन पर उतारने और लागू करने की दिशा में काम करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया की भौगोलिक स्थिति उसे यूरोप के प्रवेश द्वार के रूप में महत्वपूर्ण बनाती है। ऐसे में भारत-EU FTA से भारतीय और यूरोपीय कंपनियों के बीच नए कारोबारी संबंध विकसित हो सकते हैं। इससे दोनों पक्षों में निवेश और आर्थिक साझेदारी को भी बढ़ावा मिलेगा।
AI, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग पर जोर
बुल्गारिया की विदेश मंत्री ने भारत के साथ उभरती तकनीकों के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने की भी इच्छा जताई। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), मजबूत डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर और अंतरिक्ष अन्वेषण जैसी तकनीकों में दोनों देश मिलकर नए अवसर तलाश सकते हैं।
उनके मुताबिक, इन क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग की संभावनाएं हैं, जिन पर पहले उतनी गहराई से काम नहीं हुआ है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आर्थिक और तकनीकी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय कारोबारी प्रतिनिधिमंडल जल्द बुल्गारिया का दौरा करेगा।
एस जयशंकर ने किन मुद्दों पर की चर्चा?
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बैठक की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बुल्गारिया की विदेश मंत्री के साथ व्यापार, कनेक्टिविटी, निवेश, तकनीक, सुरक्षा और प्रतिभा के आवागमन समेत कई क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की समीक्षा की गई। जयशंकर ने कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-EU मुक्त व्यापार समझौते को प्रभावी बनाने के लिए कारोबारी समुदायों के बीच सक्रिय बातचीत पर सहमति जताई। इसके अलावा भारत-मध्य पूर्व-यूरोप आर्थिक गलियारे (IMEC) और अन्य कनेक्टिविटी परियोजनाओं की संभावनाओं पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। उन्होंने काला सागर की स्थिति और यूक्रेन संघर्ष पर हुई चर्चा को भी महत्वपूर्ण बताया।
17 साल बाद बुल्गारिया के विदेश मंत्री का भारत दौरा
पेट्रोवा-चामोवा 20 से 22 नवंबर तक तीन दिवसीय आधिकारिक दौरे पर भारत आई हैं। उन्होंने कहा कि बुल्गारिया के विदेश मंत्री ने 17 साल बाद भारत का दौरा किया है। वहीं, भारतीय विदेश मंत्री के बुल्गारिया दौरे के बीच भी काफी लंबा अंतर रहा है। उन्होंने कहा कि इस साल दोनों देशों ने पुराने अंतराल को खत्म करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को नई गति देने की दिशा में कदम उठाए हैं। इस यात्रा का उद्देश्य व्यापार, तकनीक, सुरक्षा और अन्य क्षेत्रों में सहयोग को मजबूत करना है।
