Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   yogi-adityanath-mother-passed-away-matru-rin-sanyas-sanatan-tradition-scriptural-answer

योगी की मां के निधन के बाद उठे सवाल का शास्त्रीय उत्तर: संन्यासी सब कुछ छोड़ सकता है, मां को नहीं

Sun, 22 Nov 2026 03:41 AM IST
Rajkishor राजकिशोर
Updated Sun, 22 Nov 2026 03:41 AM IST
सार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अपनी मां सावित्री देवी के अंतिम दर्शन की तस्वीर साझा करने के बाद संन्यास और मातृऋण को लेकर चर्चा शुरू हुई है। सनातन परंपरा में संन्यास को सांसारिक रिश्तों और मोह से मुक्ति का मार्ग माना गया है, लेकिन मां को इससे अलग स्थान दिया गया है।

विज्ञापन
yogi-adityanath-mother-passed-away-matru-rin-sanyas-sanatan-tradition-scriptural-answer
मां के अंतिम संस्कार में शामिल होते यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मां.. बस यही एक शब्द। उसके बाद कुछ बिंदु और ओम शांति। शुक्रवार की शाम पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मां सावित्री देवी के अंतिम दर्शन की तस्वीर के साथ यह लिखा। संवेदनाओं के बीच एक सवाल भी चुपचाप तैरने लगा। जो व्यक्ति संन्यास ले चुका, जिसने घर छोड़ा, नाम छोड़ा, गोत्र छोड़ा..उसका मां से अब क्या रिश्ता बचता है? क्या संन्यासी मां के ऋण से मुक्त हो जाता है?सवाल वाजिब है, पर उत्तर उतना सीधा नहीं। सनातन परंपरा ने संन्यासी के लिए लगभग हर सांसारिक रिश्ते का दरवाजा बंद किया है। एक दरवाजा उसने खुला छोड़ा है। वह दरवाजा मां का है।
विज्ञापन


जीते जी अपनी ही मृत्यु
संन्यास कोई साधारण वैराग्य नहीं है। दशनामी परंपरा में दीक्षा से पहले साधक अपना ही श्राद्ध करता है, अपना ही पिंडदान। विरजा होम की अग्नि में तीन कामनाओं की आहुति दी जाती है-पुत्र की कामना, धन की कामना और लोक में यश की कामना। पुराना नाम छूट जाता है, गोत्र छूट जाता है। शास्त्र की भाषा में वह व्यक्ति संसार के लिए मर चुका होता है।
विज्ञापन


तो फिर मां अलग क्यों?
संन्यासी किसी गृहस्थ को प्रणाम नहीं करता, अपने पिता को भी नहीं। उल्टे पिता अपने संन्यासी पुत्र के आगे सिर झुकाता है। पर यहीं धर्मशास्त्र एक वचन रख देता है।सर्ववन्द्येन यतिना प्रसूर्वन्द्या प्रयत्नतः, यानी जिस संन्यासी को सारा संसार प्रणाम करता है, उसे भी अपनी जन्मदात्री को यत्नपूर्वक प्रणाम करना चाहिए। वसिष्ठ धर्मसूत्र इससे भी आगे जाता है। पतितः पिता परित्याज्यो, माता तु पुत्रे न पतति। अर्थात पतित पिता का त्याग किया जा सकता है, लेकिन पुत्र के लिए मां कभी पतित नहीं होती। वह ऋण जो गिना ही नहीं गया: वैदिक परंपरा कहती है कि मनुष्य तीन ऋणों के साथ जन्म लेता है। ऋषि ऋण, जो अध्ययन और ब्रह्मचर्य से चुकता है। देव ऋण, जो यज्ञ से चुकता है। पितृ ऋण, जो संतान से चुकता है। मनुस्मृति का आदेश है कि इन तीनों को चुकाकर ही मन को मोक्ष की ओर लगाओ। दिलचस्प यह है कि इस सूची में मातृऋण है ही नहीं। उसे चुकाने लायक माना ही नहीं गया। मनुस्मृति कहती है कि गौरव में मां पिता से हजार गुना बड़ी है । संन्यास कर्मकांड से मुक्ति देता है, ऋण से नहीं। आदि शंकराचार्य के नाम से प्रसिद्ध मातृपंचकम् में यह बात सबसे मार्मिक ढंग से आती है। एकस्यापि न गर्भभारभरणक्लेशस्य यस्याक्षमः दातुं निष्कृतिमुन्नतोऽपि तनयस्तस्यै जनन्यै नमः। पुत्र कितना भी ऊंचा उठ जाए, गर्भ का बोझ उठाने के एक कष्ट का भी बदला नहीं चुका सकता।
विज्ञापन
विज्ञापन


शंकर, जो मां के लिए लौटे
इस सवाल का सबसे बड़ा उत्तर स्वयं शंकराचार्य का जीवन है। कथा है कि बालक शंकर ने मां आर्यांबा से संन्यास की अनुमति इस वचन पर ली थी कि उनके अंतिम समय में वे लौट आएंगे। वे लौटे। मां ने उनकी गोद में प्राण छोड़े। फिर वह हुआ जिसकी कल्पना उस समाज ने नहीं की थी। एक संन्यासी ने मां का दाह संस्कार स्वयं करने का निर्णय लिया। नंबूदिरी समाज ने सहयोग से इनकार कर दिया। शंकर ने घर के आंगन में ही चिता सजाई और मां को अग्नि दी। यानी जो काम संन्यासी के लिए आमतौर पर वर्जित है, वह भी शंकर ने मां के लिए किया। यह कथा इस हफ्ते पंचूर में अपने ढंग से दोहराई गई।


नाथ योगी की अपनी राह
योगी आदित्यनाथ दशनामी संन्यासी नहीं, नाथ पंथ के योगी हैं। गोरक्षपीठ के महंत। नाथ दीक्षा की अपनी परंपरा है, जिसमें कान छेदकर कुंडल धारण करना उसकी पहचान है। आत्मपिंडदान की विधि मुख्यतः दशनामी संन्यास से जुड़ी है। लेकिन घर और रिश्तों से विरक्ति का भाव दोनों धाराओं में समान है। और मां का अपवाद भी। अप्रैल 2020 में जब योगी के पिता आनंद सिंह बिष्ट का देहांत हुआ, तब कोविड की पहली लहर और लॉकडाउन के बीच वे अंतिम संस्कार में नहीं गए थे। कारण प्रशासनिक बताया गया था, शास्त्रीय नहीं। फिर भी पिता और मां में शास्त्रों का भेद इन दो प्रसंगों में अनायास दिख जाता है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed