{"_id":"6b020c90ee53504232084b3b","slug":"nepal-pm-balendra-shah-to-visit-india-on-sunday-for-first-bilateral-trip-key-issues-on-agenda-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"नेपाल के पीएम बालेन शाह का भारत दौरा आज से: पहली विदेश यात्रा में मोदी से मुलाकात, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?","category":{"title":"World","title_hn":"दुनिया","slug":"world"}}
नेपाल के पीएम बालेन शाह का भारत दौरा आज से: पहली विदेश यात्रा में मोदी से मुलाकात, किन मुद्दों पर होगी चर्चा?
Sun, 22 Nov 2026 02:57 AM IST
शिवम गर्ग
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: शिवम गर्ग
Updated Sun, 22 Nov 2026 02:57 AM IST
सार
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह अपने पहले विदेश द्विपक्षीय दौरे पर भारत आ रहे हैं। पीएम मोदी के साथ उनकी बातचीत में व्यापार, ऊर्जा, तकनीक और कनेक्टिविटी के साथ बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण का मुद्दा भी अहम रहेगा। दोनों देशों के रिश्तों को इस यात्रा से क्या नई दिशा मिलेगी? आइए, जानते हैं...
विज्ञापन
नेपाल के पीएम बालेन शाह
- फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स
विस्तार
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह (बालेन शाह) रविवार को दो दिवसीय राजकीय दौरे पर भारत पहुंचेंगे। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद यह उनकी पहली विदेश यात्रा होगी। इस दौरान वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, कनेक्टिविटी, निवेश और तकनीक समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित नेपाल के इलाकों के पुनर्निर्माण में भारत की मदद और हवाई संपर्क बढ़ाने का मुद्दा भी बातचीत में शामिल हो सकता है।
विज्ञापन
नेपाल के विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि यह यात्रा दोनों देशों के बीच व्यापक सहयोग की समीक्षा करने और भविष्य की संभावनाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर होगी। इसका उद्देश्य दोनों देशों के लोगों के लिए आपसी सहयोग के अधिकतम लाभ सुनिश्चित करना है।
विज्ञापन
34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ आएंगे बालेंद्र शाह
नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के साथ 34 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भी भारत आएगा। इसमें वित्त मंत्री स्वर्णिम वागले, विदेश मंत्री शिशिर खनाल, उनके मुख्य सलाहकार कुमार ब्यानजंकर और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारी शामिल होंगे। बालेंद्र शाह काठमांडू के पूर्व मेयर और रैपर भी रह चुके हैं। मार्च में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद उनकी यह पहली विदेश द्विपक्षीय राजकीय यात्रा है।
विज्ञापन
सोमवार को पीएम मोदी के साथ होगी द्विपक्षीय वार्ता
भारत दौरे के दौरान बालेंद्र शाह सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर की बातचीत करेंगे। इसके बाद दोनों नेता ऊर्जा क्षेत्र से जुड़ी कई परियोजनाओं का संयुक्त रूप से उद्घाटन करेंगे। इस दौरान दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग से जुड़े समझौतों पर हस्ताक्षर और उनका आदान-प्रदान भी किया जाएगा। बैठक के बाद दोनों प्रधानमंत्री संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे। इसके बाद पीएम मोदी नेपाली प्रधानमंत्री के सम्मान में दोपहर भोज का आयोजन करेंगे।
बालेंद्र शाह राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे। इसके अलावा वह राजघाट जाकर महात्मा गांधी की समाधि पर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उनके कार्यक्रम में नेपाल-भारत बिजनेस फोरम में शामिल होना भी तय है। इस फोरम का उद्देश्य दोनों देशों के बीच व्यापार और आर्थिक संबंधों को मजबूत करना है।
व्यापार, ऊर्जा और कनेक्टिविटी समेत इन मुद्दों पर होगी चर्चा
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, भारत और नेपाल के बीच विकास सहयोग और दोनों देशों के लोगों के आपसी संबंधों समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी। उन्होंने शुक्रवार को नई दिल्ली में साप्ताहिक प्रेस ब्रीफिंग के दौरान कहा कि बातचीत में ऊर्जा संबंध, कनेक्टिविटी और सहयोग के नए क्षेत्रों को भी शामिल किया जाएगा। इन नए क्षेत्रों में स्टार्टअप, तकनीक, नवाचार और खेल शामिल हैं। जायसवाल ने कहा कि क्रिकेट भी भारत और नेपाल के बीच संपर्क का एक महत्वपूर्ण माध्यम बन गया है।
अगस्त की बाढ़ से हुए नुकसान पर भी होगी बात
नेपाल के प्रधानमंत्री भारत के सामने अगस्त में आई विनाशकारी बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्निर्माण में सहायता का मुद्दा भी उठा सकते हैं। रॉयटर्स ने नेपाली अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट के मुताबिक, 26 अगस्त को आई बाढ़ में करीब 1,500 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 5,200 से अधिक लोग लापता हो गए थे। बाढ़ ने नेपाल में सड़कों, पुलों, बिजली संयंत्रों, खेतों और घरों को भारी नुकसान पहुंचाया था। ऐसे में दोनों देशों के बीच राहत और पुनर्निर्माण से जुड़े सहयोग पर चर्चा होने की संभावना है।
लुंबिनी और पोखरा के लिए अतिरिक्त हवाई मार्ग का प्रस्ताव
भारत और नेपाल के बीच हवाई संपर्क बढ़ाने का मुद्दा भी इस दौरे के एजेंडे में शामिल हो सकता है। नेपाल पश्चिमी हिस्से से भैरहवा के लिए वाणिज्यिक उड़ानों का एक अतिरिक्त मार्ग शुरू करने पर भारत के साथ चर्चा कर सकता है। भैरहवा भगवान गौतम बुद्ध की जन्मस्थली लुंबिनी के पास स्थित है। इसके अलावा पोखरा नेपाल का प्रमुख पर्यटन शहर है। अतिरिक्त हवाई मार्ग से इन पर्यटन स्थलों तक पहुंच और संपर्क को बेहतर बनाने की संभावनाओं पर विचार किया जा सकता है।
