Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Manipur Violence: Kuki Woman Killed in Gunfight, Two Injured; 48-Hour Shutdown Called in Kangpokpi

मणिपुर में फिर हिंसा: कुकी महिला की मौत; कांगपोकपी में 48 घंटे का बंद, सुरक्षा बलों को हटाने की मांग क्यों?

Thu, 12 Nov 2026 10:36 PM IST
हिमांशु सिंह चंदेल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंफाल
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, इंफाल Published by: हिमांशु सिंह चंदेल Updated Thu, 12 Nov 2026 10:36 PM IST
सार

मणिपुर के कांगपोकपी में संदिग्ध उग्रवादियों की गोलीबारी में 42 वर्षीय कुकी महिला की मौत हो गई और दो पुरुष घायल हुए हैं। घटना के विरोध में कुकी संगठन ने 48 घंटे का बंद बुलाया है और सुरक्षा बलों को हटाने की मांग की है। आखिर गोलीबारी किन समूहों के बीच हुई? पहले दो कुकी युवकों की हत्या से इसका क्या संबंध है? उखरुल में भी गोलीबारी क्यों हुई? आइए, सबकुछ विस्तार से जानते हैं...

विज्ञापन
Manipur Violence: Kuki Woman Killed in Gunfight, Two Injured; 48-Hour Shutdown Called in Kangpokpi
मणिपुर में फिर भड़की हिंसा - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

मणिपुर में हिंसा की घटनाएं एक बार फिर बढ़ती दिखाई दे रही हैं। गुरुवार को कांगपोकपी जिले में संदिग्ध उग्रवादियों के बीच गोलीबारी में एक कुकी महिला की मौत हो गई, जबकि दो पुरुष घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया है। एक कुकी संगठन ने इसके विरोध में कांगपोकपी जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का एलान किया है। संगठन ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जिले से सभी सुरक्षा बलों को हटाने की मांग की है। पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त बल तैनात कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

विज्ञापन


कहां और कैसे हुई गोलीबारी, किसकी गई जान?
अधिकारियों के मुताबिक, गुरुवार सुबह करीब 11 बजे कांगपोकपी जिले के ताफू कुकी गांव के पास और पड़ोसी सेनापति जिले के कैलेंगजांग इलाके के बीच दो विरोधी उग्रवादी समूहों के बीच गोलीबारी शुरू हुई। इसी दौरान ताफू कुकी गांव की रहने वाली 42 वर्षीय के. चोंगलोई पास के खेत में काम कर रही थीं। गोली लगने से उनकी मौत हो गई। जब उनका शव मिला, तब उनके हाथ में दरांती थी। स्थानीय लोगों और सुरक्षा बलों ने शव को बरामद किया। गोलीबारी में एस. डेविड चोंगलोई (34) और लमखोचोन चोंगलोई (46) भी घायल हुए। दोनों को कांगपोकपी जिले के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
विज्ञापन


कुकी संगठन ने 48 घंटे के बंद के साथ क्या मांग रखी?
घटना के बाद कांगपोकपी स्थित कमेटी ऑन ट्राइबल यूनिटी (सीओटीयू) ने जिले में 48 घंटे के पूर्ण बंद का एलान किया। संगठन ने राज्य सरकार से कांगपोकपी जिले से केंद्रीय और राज्य के सभी सुरक्षा बलों को हटाने की मांग की है। संगठन का आरोप है कि सुरक्षा बल नागरिकों की जान बचाने में नाकाम रहे हैं। सीओटीयू के एक पदाधिकारी ने विशेष रूप से सेनापति जिले के पुलिस अधीक्षक के नियंत्रण में काम करने वाले सुरक्षा बलों को हटाने की मांग की। संगठन का कहना है कि मौजूदा सुरक्षा व्यवस्था के कारण आम लोग असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। बंद के दौरान शिक्षा, चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई है।
विज्ञापन
विज्ञापन


मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री ने घटना पर क्या कदम उठाए?

  • मणिपुर के उपमुख्यमंत्री नेमचा किपगेन ने महिला की हत्या की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इसे मानव गरिमा के खिलाफ गंभीर हिंसक घटना बताते हुए निष्पक्ष और जल्द जांच कराने की मांग की। पुलिस ने बताया कि इलाके में सीआरपीएफ, बीएसएफ और असम राइफल्स समेत अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
  • आसपास के गांवों की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि हिंसा आगे न फैले। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और संदिग्धों से पूछताछ हो रही है। सेनापति जिले के ओनामे ताफू गांव में भी तलाशी अभियान चलाया गया। वहां ज्यादातर महिलाओं समेत स्थानीय लोगों ने सुरक्षा बलों को गांव की ओर बढ़ने से रोकने की कोशिश की।


पहले दो कुकी युवकों की हत्या के बाद भी क्यों बढ़ा था तनाव?
कांगपोकपी में यह घटना ऐसे समय हुई है, जब सीओटीयू पहले से ही अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। संगठन ने हाल में ताफू कुकी गांव के दो कुकी-जो नागरिकों के अपहरण और हत्या के मामले में कार्रवाई को असंतोषजनक बताया था। दोनों युवक 28 अक्तूबर को गांव के आसपास से लापता हुए थे और एक नवंबर को पड़ोसी सेनापति जिले में उनके शव मिले थे। इसके बाद संगठन ने जिले में बंद बुलाया था। सीओटीयू की मांग है कि ताफू कुकी गांव को सेनापति जिला पुलिस थाने के बजाय कांगपोकपी जिला पुलिस के अधिकार क्षेत्र में लाया जाए। मणिपुर पुलिस के अतिरिक्त महानिदेशक लहरी दोरजी ल्हातू ने मंगलवार को बताया था कि राज्य सरकार इस मामले की जांच राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को सौंपने पर विचार कर रही है। इसके लिए प्रस्ताव अंतिम चरण में है और आदेश का इंतजार है। मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह ने मंगलवार को गांव पहुंचकर मृत युवकों के परिवारों से मुलाकात की थी और उन्हें सरकार की ओर से पूरी मदद का भरोसा दिया था।

मणिपुर हिंसा से जुड़े प्रमुख घटनाक्रम क्या?

  • 12 नवंबर: कांगपोकपी में गोलीबारी में 42 वर्षीय कुकी महिला के. चोंगलोई की मौत हुई और दो पुरुष घायल हुए।
  • 48 घंटे का बंद: सीओटीयू ने कांगपोकपी जिले में पूर्ण बंद बुलाया। शिक्षा, चिकित्सा और आपातकालीन सेवाओं को छूट दी गई।
  • 28 अक्तूबर: ताफू कुकी गांव के पास से दो कुकी युवक लापता हुए।
  • 1 नवंबर: दोनों युवकों के शव पड़ोसी सेनापति जिले में मिले।
  • एनआईए जांच: राज्य सरकार युवकों की हत्या का मामला एनआईए को सौंपने पर विचार कर रही है।
  • उखरुल में गोलीबारी: धान काट रहे किसानों पर गोलीबारी में एक व्यक्ति घायल हुआ।

उखरुल जिले में भी किसानों पर हुई गोलीबारी, क्या है ताजा स्थिति?

  • मणिपुर के उखरुल जिले में सिनाकेइथेई के पास भी गोलीबारी की एक अलग घटना हुई। संदिग्ध उग्रवादियों ने धान की कटाई कर रहे किसानों के एक समूह पर गोली चलाई। इसमें एक व्यक्ति के दाहिने कंधे में गोली लगी। सुरक्षा बलों ने घायल व्यक्ति को वहां से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया।
  • खेतों में मौजूद अन्य किसानों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। लगातार सामने आ रही इन घटनाओं के बीच कांगपोकपी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तलाशी अभियान जारी है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed