फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi

Maharashtra Updates: नौकरी दिलाने का झांसा देकर गुजराती महिला से दुष्कर्म, छत्रपति संभाजीनगर में बोरवेल पर बैन

Thu, 23 May 2024 05:42 AM IST
दीपक कुमार शर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला
न्यूज डेस्क, अमर उजाला Published by: दीपक कुमार शर्मा Updated Thu, 23 May 2024 05:42 AM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Thane Mumbai Palghar Chhatrapati Sambhajinagar Politics Crime and other News in Hindi
महाराष्ट्र अपडेट - फोटो : Amar Ujala

महाराष्ट्र के पालघर जिले में रियलिटी शो में नौकरी का लालच देकर एक 30 वर्षीय व्यक्ति ने गुजरात की महिला से दुष्कर्म किया। बाहरी इलाके वसई निवासी आनंद सिंह ने सोमवार और मंगलवार को घटना को अंजाम दिया। शिकायत पर पुलिस ने बुधवार को व्यक्ति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।  

विज्ञापन

पुलिस अधिकारी के अनुसार, तुलिंज पुलिस को दी गई शिकायत में सूरत की 26 वर्षीय महिला ने कहा कि सिंह ने यह कहते हुए मुंबई बुलाया कि वह उसे एक लोकप्रिय रियलिटी शो में काम दिलाएगा। जब वह मुंबई पहुंची तो आनंद उसे नालासोपारा में मोरे तलाओ के पास अपने घर ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। अधिकारी ने बताया कि जब उसने विरोध किया तो सिंह ने महिला की पिटाई की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। 

विज्ञापन

छत्रपति संभाजीनगर में सार्वजनिक जल स्रोतों के पास नए बोरवेल पर प्रतिबंध 
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर जिला प्रशासन ने मौजूदा सार्वजनिक जल स्रोत के 500 मीटर के दायरे में नए बोरवेल या कुएं खोदने पर प्रतिबंध लगा दिया है। जिला कलक्टर दिलीप स्वामी ने पानी की उपलब्धता और गर्मी के दौरान जलापूर्ति बनाए रखने के लिए प्रशासन द्वारा उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जिले के 412 गांव और 61 बस्तियों में 678 टैंकर पानी की आपूर्ति कर रहे हैं, जबकि प्रशासन ने 285 गांव में पानी की आपूर्ति के लिए 346 कुओं का अधिग्रहण किया है। 

कलेक्टर ने कहा, पीने का पानी उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। जिन क्षेत्रों में पानी की कमी है, वहां निर्माण कार्य 15 जून तक रोक दिए जाने चाहिए। हमने छत्रपति संभाजीनगर जिले से बाहर चारे के परिवहन पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। 

बिल्डर से मिलने से रोकने पर हिस्ट्रीशीटर ने गार्ड को चाकू मारा 
मुंबई के पवई इलाके में हिस्ट्रीशीटर लालू उर्फ मुबारक मोमिन खान ने 30 वर्षीय सुरक्षा गार्ड इमरान अकबर खान पर चाकू से हमला कर इसलिए घायल कर दिया, क्योंकि गार्ड ने हिस्ट्रीशीटर और उसके भाई अमीन पठान को बिल्डर से मिलने की अनुमति नहीं दी थी। दोनों भाई बिल्डर से मिलकर उससे वसूली करना चाहते थे। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाई मौके से फरार हो गए।  

पवई पुलिस अधिकारी के मुताबिक, घायल सुरक्षा गार्ड इमरान को नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, पवई पुलिस ने लालू के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत हत्या के प्रयास, जबरन वसूली और अन्य आरोपों में मामला दर्ज किया है। उन्होंने बताया कि लालू पहले से ही कई एफआईआर का सामना कर रहा है, जबकि अमीन महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत दर्ज एक मामले में आरोपी है। उन्होंने कहा कि हमलावर को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। 

विज्ञापन

ठाणे जिले में कुत्ते के मुंह में फंसा प्लास्टिक का जार, तीन घंटे बाद बचाया 
महाराष्ट्र के ठाणे जिले के डोंबिवली एमआईडीसी क्षेत्र में बुधवार को एक आवारा कुत्ते के मुंह में प्लास्टिक का जार फंस गया। जिसके बाद स्थानीय लोगों को एक पूर्व पार्षद की मदद लेनी पड़ी। जिसने एनजीओ पेट एनिमल वेलफेयर सोसाइटी से संपर्क किया। सूचना पर स्वयंसेवक घटनास्थल पर पहुंचे। करीब तीन घंटे बाद जार को खोलकर कुत्ते को बचाया जा सका।  

पति से झगड़े के बाद बेटी की हत्या कर शव लेकर चार किमी घूमती रही महिला
महाराष्ट्र के नागपुर शहर में ट्विंकल राऊत (23) नाम की महिला ने पति के साथ झगड़े के बाद तीन साल की बेटी की हत्या कर दी। इसके बाद वह बेटी के शव को लेकर लगभग चार किमी तक सड़कों पर घूमती रही। पुलिस के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम को एमआईडीसी पुलिस थाने के तहत हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। यहां से उसे 24 मई तक हिरासत में भेज दिया गया। आरोपी ट्विंकल और उसका पति लक्ष्मण राऊत (24) कागज का सामान बनाने वाली कंपनी में काम करते हैं। चार साल पहले रोजगार की तलाश में दोनों नागपुर आए थे। दंपती में अक्सर शक की वजह से झगड़े होते रहते थे। सोमवार को भी करीब चार बजे दोनों में झगड़ा हुआ। इस बीच उनकी बेटी रोने लगी। गुस्से में ट्विंकल बेटी को घर से बाहर ले गई और पेड़ के नीचे उसकी गला दबा हत्या कर दी। वह बेटी के शव के साथ सड़कों पर फिरती रही। रात आठ बजे उसने पुलिस गश्ती वाहन देखा और पुलिसकर्मियों को हत्या की बात बताई। पुलिस बच्ची को अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed