फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Maharashtra Updates Of 23 May: Maharashtra News; Uddhav Thackeray, ShivsenaUBT, Mumbai, Politics, Pune, Thane

Maharashtra: उद्धव ठाकरे बोले- बच्चू कडू को मंत्री बनाना मेरी गलती थी; पुणे में प्री-मानसून बारिश

Sat, 23 May 2026 03:07 PM IST
Pavan न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई Published by: Pavan Updated Sat, 23 May 2026 03:07 PM IST
विज्ञापन
Maharashtra Updates Of 23 May: Maharashtra News; Uddhav Thackeray, ShivsenaUBT, Mumbai, Politics, Pune, Thane
महाराष्ट्र की बड़ी खबरें - फोटो : अमर उजाला
उद्धव ठाकरे ने शुक्रवार को शिवसेना एमएलसी बच्चू कडू पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें मंत्री बनाना उनकी गलती थी। मुंबई में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए ठाकरे ने बिना नाम लिए कहा कि एक पुराने शिवसैनिक को घर बुलाकर मंत्री बनाया, लेकिन वह लालच में पार्टी छोड़कर चला गया। उन्होंने कहा कि जो लोग स्वार्थ के लिए साथ छोड़ते हैं, उन्हें जाने देना चाहिए, जबकि लड़ने वाले कार्यकर्ता अब भी उनके साथ हैं। बच्चू कडू 2022 में उद्धव ठाकरे सरकार के दौरान मंत्री थे। बाद में वह एकनाथ शिंदे के साथ बगावत करने वाले विधायकों में शामिल हो गए थे, जिसके बाद महाविकास अघाड़ी सरकार गिर गई थी।
विज्ञापन


कडू पहले अविभाजित शिवसेना का हिस्सा थे, लेकिन बाद में उन्होंने अपनी पार्टी प्रहार जनशक्ति पक्ष बनाई। 2024 विधानसभा चुनाव में अमरावती जिले की अचलपुर सीट से हारने के बाद वह पिछले महीने फिर शिवसेना में शामिल हुए। इसके बाद एकनाथ शिंदे गुट ने उन्हें महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार बनाया, जहां वह निर्विरोध जीत गए।
विज्ञापन

मुंबई के कई इलाकों में बिजली गुल, लोगों को गर्मी में परेशानी
मुंबई के मध्य और दक्षिण हिस्सों में शुक्रवार रात बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज गर्मी और उमस के बीच कई इलाकों में घंटों तक बिजली नहीं रही।अधिकारियों के मुताबिक, दादर स्थित BEST के किंग्स वे रिसीविंग स्टेशन में तकनीकी खराबी आने के बाद रात करीब 9:25 बजे ट्रांसफॉर्मर नंबर 2 और 3 ट्रिप कर गए। इसके कारण दादर, वडाला और पारसी कॉलोनी इलाकों में बिजली सप्लाई ठप हो गई। लोगों के पंखे और एयर कंडीशनर बंद हो गए, जिससे उमस भरी गर्मी में मुश्किलें बढ़ गईं।

अधिकारियों ने बताया कि मरम्मत का काम तुरंत शुरू कर दिया गया और बिजली बहाल करने में करीब चार घंटे लग सकते हैं। इसी दौरान दक्षिण मुंबई के गिरगांव चौपाटी और गामदेवी इलाकों में भी बिजली सप्लाई प्रभावित हुई। यहां हाई वोल्टेज डिस्ट्रीब्यूशन बोर्ड के ट्रांसफॉर्मर में आग लग गई थी। घटना रात करीब 9:25 बजे हुई। अधिकारियों के अनुसार, आग पर काबू पा लिया गया है और बिजली सप्लाई जल्द बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
 

जालना में डीजल खरीदने के लिए RC और AGRISTACK नंबर जरूरी
महाराष्ट्र के जलना जिला प्रशासन ने किसानों और अन्य लोगों के लिए नया नियम लागू किया है। अब पेट्रोल पंपों पर कैन या दूसरे कंटेनर में डीजल खरीदने के लिए वाहन का रजिस्ट्रेशन सर्टिफिकेट (RC) और AGRISTACK नंबर दिखाना अनिवार्य होगा। प्रशासन ने पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि बिना दस्तावेज जांचे किसी को भी कैन में डीजल न दिया जाए। अगर किसी किसान के पास AGRISTACK नंबर नहीं है, तो उसे आधार कार्ड और मोबाइल नंबर देना होगा।

हाल के दिनों में ईंधन की कमी की खबरों के बीच लोग ज्यादा मात्रा में पेट्रोल-डीजल खरीद रहे हैं। हालांकि राज्य सरकार लगातार कह रही है कि ईंधन की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद किसानों को परेशानी हो रही है, क्योंकि ट्रैक्टर लेकर पेट्रोल पंप तक जाना महंगा पड़ता है और कैन में डीजल खरीदने पर अब सख्त नियम लागू हो गए हैं। इससे पहले जिला प्रशासन ने पेट्रोल पंपों को अपने 5 प्रतिशत ईंधन भंडार को आपातकालीन सेवाओं और सरकारी वाहनों के लिए सुरक्षित रखने का आदेश दिया था।
विज्ञापन

पुणे में प्री-मानसून बारिश, फिर भी महाराष्ट्र में कई जगह 40 डिग्री से ज्यादा तापमान
महाराष्ट्र में एक तरफ जहां कई इलाकों में भीषण गर्मी जारी है, वहीं पुणे में शुक्रवार को प्री-मानसून बारिश से लोगों को राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, पुणे में 13.1 मिमी बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम सुहाना हुआ, हालांकि शहर का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा। सतारा में भी हल्की बूंदाबांदी हुई। इसके बावजूद राज्य के कई हिस्सों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना रहा। उत्तर महाराष्ट्र के नंदुरबार में तापमान 40 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मालेगांव में पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया। मराठवाड़ा क्षेत्र के परभणी और छत्रपति संभाजीनगर में भी तेज गर्मी रही। यहां अधिकतम तापमान क्रमशः 41.3 और 41.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुंबई में भी गर्मी और उमस का असर बना रहा। IMD के मुताबिक, कोलाबा वेधशाला में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस और सांताक्रूज में 34.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
 

तेंदु पत्ता लेने जंगल गईं चार महिलाओं की बाघ ने ली जान
महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में शुक्रवार सुबह जंगल में तेंदु के पत्ते इकट्ठा कर रही चार महिलाओं को बाघ ने मौत के घाट उतार दिया। यह हादसा जिला मुख्यालय से 70 किलोमीटर दूर सिंदेवाही तहसील के गुंजेवाही गांव में पेश आया। चंद्रपुर सर्कल के मुख्य वन संरक्षक आरएम रामानुजन के मुताबिक, मृतक चारों महिलाएं गुंजेवाही की रहने वाली थीं।

वंदे भारत ट्रेन से शिरडी पहुंचे सीएम फडणवीस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस वंदे भारत ट्रेन से शिरडी की यात्रा करेंगे। गायों की तस्करी, अवैध पशु परिवहन और अवैध बूचड़खानों के खिलाफ राज्य सरकार की कार्रवाई पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा, टहमने पहली बार MCOCA कानून लागू किया है और मुझे विश्वास है कि अदालत में यह पूरी तरह से न्यायसंगत साबित होगा। अगर कोई ऐसा करता है, तो उसके खिलाफ MCOCA लगाया जाएगा।' अल नीनो के बारे में उन्होंने कहा, 'हमने अल नीनो के लिए एक व्यापक योजना तैयार की है... कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। हमने इस संबंध में बरती जाने वाली सावधानियों के लिए एक योजना तैयार की है।'
 

ठाणे में विवाद के बाद युवक की बेरहमी से हत्या, तीन आरोपी गिरफ्तार
ठाणे जिले में आपसी विवाद को लेकर 30 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस के मुताबिक, घटना कल्याण तालुका के महारलगांव इलाके में शुक्रवार रात करीब 9 बजे हुई।

मृतक की पहचान रविंद्र उर्फ पिंटया उर्फ डोक्या यशवंत अहिरे के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी दीपक सुखदेव डांगे, विजय भिडे और परशुराम भिडे ने मलकांभ कंपाउंड में रविंद्र को घेर लिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके पेट, सिर, चेहरे और शरीर के अन्य हिस्सों पर कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, मृतक का दीपक डांगे के साथ विवाद चल रहा था और वह उसके खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने की तैयारी कर रहा था। इसी बात से नाराज होकर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कुछ ही घंटों में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) हत्या और 61(2) आपराधिक साजिश के तहत केस दर्ज किया गया है।

महाराष्ट्र सरकार के ड्राफ्ट कानून पर हिंदू संगठनों का विरोध तेज
महाराष्ट्र मंदिर महासंघ ने राज्य सरकार के प्रस्तावित स्टेट देवस्थान इनाम उन्मूलन ड्राफ्ट एक्ट 2026 के खिलाफ रविवार से राज्यव्यापी आंदोलन शुरू करने का एलान किया है। महासंघ का आरोप है कि यह कानून हिंदू मंदिरों की जमीनों को निशाना बनाता है, जबकि वक्फ बोर्ड की जमीनों को इसके दायरे से बाहर रखा गया है।

प्रस्तावित कानून के तहत मंदिर ट्रस्टों की ऐतिहासिक जमीनों पर कब्जा करने वाले किरायेदारों और निवासियों को मालिकाना हक देने का प्रावधान है। सरकार का दावा है कि इससे करीब चार लाख हेक्टेयर जमीन से जुड़े विवाद सुलझ सकेंगे। हालांकि हिंदू संगठनों ने इसका कड़ा विरोध किया है।

महासंघ ने दावा किया कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे समेत कई मंत्रियों और जिला कलेक्टरों को 300 से ज्यादा ज्ञापन सौंपे गए हैं। संगठन का कहना है कि यह कानून छत्रपति शिवाजी महाराज और अन्य राजवंशों द्वारा मंदिरों को दी गई जमीन छीनने जैसा है।

241 करोड़ रुपये के घोटाले में फंसे पूर्व बीड कलेक्टर अविनाश पाठक निलंबित
महाराष्ट्र सरकार ने 241 करोड़ रुपये के कथित भूमि अधिग्रहण मुआवजा घोटाले में गिरफ्तार पूर्व बीड कलेक्टर अविनाष पाठक को निलंबित कर दिया है। राजस्व विभाग द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 2013 बैच के आईएएस अधिकारी अविनाश पाठक का निलंबन उनकी गिरफ्तारी की तारीख से प्रभावी माना जाएगा। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय बीड ही रहेगा।

पाठक को बीड पुलिस की विशेष जांच टीम (SIT) ने 7 मई को लातूर से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वह न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस के मुताबिक, बीड के शिवाजीनगर थाने में पाठक समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

जांच में सामने आया है कि बीड से तबादले के बाद भी उनके नाम, पद और फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर भूमि अधिग्रहण मुआवजे की फर्जी मंजूरी जारी की गई। इस कथित घोटाले में करीब 241 करोड़ रुपये के फर्जी भुगतान का आरोप है।

लातूर निवासी पाठक ने कोविड काल में अतिरिक्त जिला कलेक्टर के रूप में भी काम किया था। उन पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धोखाधड़ी, जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed