जानें, कौन बनेगा देश का पहला कैशलेस करोड़पति
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देश की अर्थव्यवस्था को कैशलेस बनाने की मुहिम में जुटे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैशलेस लेनदेन करने वाले ग्राहकों और व्यापारियों को दो तोहफे दिए। उन्होंने व्यापारियों के लिए डिजी धन व्यापार योजना तो आम ग्राहकों के लिए लकी ड्रॉ योजना की शुरुआत की।
डिजी धन योजना के तहत कैशलेस व्यापार को बढ़ावा देने वाले व्यापारियों को 50 लाख, 25 लाख और 5 लाख तक के इनाम के अलावा आयकर में छूट भी दी जाएगी। लकी ड्रॉ योजना के तहत अगले सौ दिनों तक प्रतिदिन 15000 लोगों को एक-एक हजार रुपये बतौर इनाम दिया जाएगा।
प्रतिदिन के इनाम के अलावा हर हफ्ते लाखों रुपये का इनाम वाला बड़ा लक्की ड्रॉ और तीन महीने बाद भीमराव अंबेडकर के जन्मदिन 14 अप्रैल को करोड़ों रुपये के इनाम वाला बंपर ड्रॉ निकाला जाएगा। हालांकि इनाम के हकदार वही होंगे जो 50 रुपये से ज्यादा और 3000 रुपये से कम की खरीदारी करेंगे।
नकदी मुक्त अर्थव्यवस्था देश की जरूरत
प्रधानमंत्री ने कहा कि नकदी मुक्त अर्थव्यवस्था देश की जरूरत है। नोटबंदी के फैसले के बाद नकदी मुक्त कारोबार में 200 से 300 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि देश में 30 करोड़ रुपेकार्ड हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोगों के पास इंटरनेट और मोबाइल की सुविधा है।
ऐसे में कैशलेस खरीदारी को बढ़ावा देने के लिए व्यापारियों और आम ग्राहकों को बड़ा इनाम उपलब्ध कराने की योजना की शुरुआत क्रिसमस के शुभ मौके से की जा रही है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि नकदी मुक्त व्यापार का ना होना भी कालाधन बढ़ने का बहुत बड़ा स्रोत है। ऐसे में सरकार चाहती है कि लोग नकदी के बदले व्यापार में उपलब्ध डिजिटल माध्यम का उपयोग करें।