Gujarat Election: कांग्रेस सुस्त तो केजरीवाल के ताबड़तोड़े दौरे, इस बीच मैदान में उतरे शाह, 48 घंटे में होगा ये
Gujarat Election: रविवार को केजरीवाल ने अहमदाबाद के टाउनहॉल में सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने एक सफाई कर्मचारी को दिल्ली में अपने घर खाने के लिए आमंत्रित किया है। सफाई कर्मी ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर पहुंचने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया...
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
गुजरात चुनाव में कांग्रेस पार्टी की सुस्ती और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के ताबड़तोड़ दौरों के बाद अब केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह मैदान में उतरे हैं। बताया जा रहा है कि अमित शाह अब छोटे-छोटे अंतराल पर गुजरात दौरा करते रहेंगे। सोमवार और मंगलवार को, अमित शाह करीब दर्जनभर कार्यक्रमों में शिकरत कर रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अपने लोकसभा क्षेत्र गांधीनगर में किसानों से मिलेंगे। ऋण स्वीकार सम्मेलन में 164 गांवों के किसान, सिंचाई की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री शाह का आभार व्यक्त करेंगे।
इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव!
गुजरात में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव संभव हैं। आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल वहां पर काफी सक्रिय हैं। रोजाना ही पार्टी का कोई न कोई नेता गुजरात पहुंच रहा है। ‘आप’ द्वारा सोशल मीडिया पर भी गुजरात के जमीनी मुद्दों को जोरशोर से उठाया जा रहा है। आप नेताओं का कहना है कि उन्हें गुजरात विधानसभा चुनाव में अच्छी संभावनाएं नजर आ रही हैं। केजरीवाल के साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी गुजरात पहुंच रहे हैं। हाल ही में दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया भी पांच दिन के दौर पर गुजरात आए थे। अरविंद केजरीवाल, वहां पर अलग-अलग सम्मलेन आयोजित कर रहे हैं। वे शिक्षा और स्वास्थ्य के अलावा विभिन्न वर्गों से भी मुलाकात करते हैं। जैसे पिछले दिनों उन्होंने ऑटो चालकों से मुलाकात की। वे एक आटो चालक के घर पर खाने के लिए भी पहुंचे थे।
रविवार को केजरीवाल ने अहमदाबाद के टाउनहॉल में सफाई कर्मचारियों के साथ बातचीत की है। इस दौरान उन्होंने एक सफाई कर्मचारी को दिल्ली में अपने घर खाने के लिए आमंत्रित किया है। सफाई कर्मी ने अपने परिवार के साथ मुख्यमंत्री केजरीवाल के आवास पर पहुंचने का निमंत्रण स्वीकार कर लिया। उनके आने-जाने का पूरा खर्चा अरविंद केजरीवाल उठाएंगे। केजरीवाल के साथ मौजूद रहे पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा, गुजरात का यह परिवार दिल्ली के पंजाब भवन में ठहरेगा। केजरीवाल ने सफाईकर्मी से कहा, अगली बार जब मैं अहमदाबाद आऊंगा, तो आपके घर पर खाना के लिए पहुंचुंगा। अपने दौरे में डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने गुजरात सरकार के एक निर्माणाधीन अस्पताल का दौरा कर गुजरात सरकार पर निशाना साधा था। उनका कहना था कि यह अस्पताल कई वर्षों से बन रहा है। प्रदेश में स्वास्थ्य और शिक्षा की स्थिति चिंताजनक है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को सानंद में ईएसआईसी अस्पताल के शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने कहा, भारत सरकार श्रमिकों के स्वास्थ्य को लेकर गंभीर है। देश में स्वास्थ्य सुविधाओं का जाल बिछाया जा रहा है। दो दिन के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। 26 सितंबर को वे अपने संसदीय क्षेत्र गांधीनगर में किसानों द्वारा आयोजित ऋण स्वीकार सम्मेलन में पहुंच रहे हैं। वहां पर 164 गांवों के किसान, सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने के लिए उनका आभार व्यक्त करेंगे। इन गांवों के किसान लंबे समय से सिंचाई जलापूर्ति की मांग कर रहे थे। अमित शाह ने इन किसानों की समस्याओं के स्थाई समाधान की सिफारिश की थी। उसके बाद गुजरात सरकार ने फतेवाड़ी खरिकाट परियोजना के सिंचित क्षेत्र में 164 गांवों को शामिल कर लिया। अब 164 गांवों के 53215 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई के लिए नर्मदा का पानी मिलेगा। यह उस क्षेत्र के किसानों के लिए बड़ी उपलब्धि है।
सोमवार को अमित शाह, साइंस सिटी के पास एयूडीए द्वारा निर्मित भाडज ओवरब्रिज का उद्घाटन करेंगे। विरोचनानगर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र एवं एयूडीए द्वारा निर्मित मिलन केंद्र समाज वाडी का उद्घाटन भी शाह द्वारा किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री ने पौराणिक मंदिर मेलडी माताजी के दर्शन व पूजन कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। अहमदाबाद जिले के नलकांठा क्षेत्र के गांवों का किसान सम्मेलन के अलावा एएमसी द्वारा नवनिर्मित साउथ वेस्ट जोन कार्यालय का उद्घाटन, 2140 ईडब्ल्यूएस आवास एवं शकरी तालाब के जीर्णोद्धार कार्यों का शिलान्यास भी अमित शाह द्वारा किया जाएगा।
27 सितंबर को भी अमित शाह गुजरात में
27 सितंबर को भी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, गुजरात में ही रहेंगे। वे केआरआईसी कॉलेज द्वारा निर्माणाधीन 750 बेड के आधुनिक अस्पताल का शिलान्यास करेंगे। रूपाल वरदायिनी माताजी के दर्शन एवं नवनिर्मित स्वर्ण गर्भगृह का के उद्घाटन समारोह में हिस्सा लेंगे। गांधीनगर महानगर पालिका द्वारा निर्मित अंडरपास का उद्घाटन और जीटीयू के नए भवन का शिलान्यास कार्यक्रम में भी अमित शाह भाग लेंगे। अंबोड के महाकाली मंदिर में दर्शन पूजन करने के बाद गृह मंत्री शाह पवित्र यात्राधाम विकास बोर्ड द्वारा मंदिर के विकास के लिए विभिन्न कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वे शहीद स्मारक एवं पुस्तकालय का भूमिपूजन करेंगे। अमित शाह, नवरात्रि के पावन अवसर पर बहुचराजी माताजी के दर्शन व पूजन करने पहुंचेंगे।