बीते दो दिनों से सलमान और उनके फैंस के लिए दिन गुजारना मुश्किल हो गया था। सलमान को रातें जेल में क्या काटनी पड़ीं सड़कों पर फैंस उतर आएं। लेकिन अब जब ये फैसला आ चुका है कि सलमान शाम तक जेल से छूटेंगे सड़कों पर फैंस का जश्न शुरू हो गया है। सलमान-सलमान के बीच क्या बच्चे क्या बड़े, उनके सभी फैंस बस एक ही गाना गा रहे हैं आज की पार्टी मेरी तरफ से...
बॉलीवुड के दबंग खान अपनी 20 साल पुरानी गलती का जोखिम भुगत रहे हैं। लेकिन फैंस को उनका रुपहले पर्दे पर निभाया किरदार इतना पसंद है कि वो नहीं चाहते कि सलमान जेल में रहें। यही वजह है कि सलमान के लिए उनके फैंस सुबह से ही दुआ कर रहे थे कि जल्द उनको जमानत की खबर सुनाई पड़े। अब जब सलमान पर निचली अदालत ने जमानत देने का फैसला सुनाया है तो फैंस अपनी खुशी नहीं रोक पा रहे।
जोधपुर की सड़कें हों या सलमान के घर के बाहर का नजारा किसी ईद से कम नहीं है। उनके फैंस अपने-अपने ढंग से उत्साह दिखा रहे हैं। सलमान के लिए दो दिनों तक भूखी रहने वाली एक छोटी बच्ची ने तो अब जाकर मुस्कराया है। जिस तरह से सलमान अपने समर्थकों के बीच लोकप्रिय हैं, उससे तो ये ही कहा जा सकता है कि सलमान सिर्फ एक एक्टर ही नहीं बल्कि अपने प्रशंसकों के लिए आइडियल हैं।
ये कहना भी गलत नहीं होगा कि सलमान को उनके फैंस कॉपी करते हैं। जैसे ही सलमान का कोई नया स्टाइल या डायलॉग आता है, फैंस उसे अपनाने लगते हैं। पिछले एक दशक की ही बात करें तो सलमान की कई बैक टू बैक मूवीज सुपर-डुपर हिट साबित हुईं। जिसके बाद सलमान का स्टारडम एक बार फिर आसमान छू रहा है।
काले हिरण का ये मामला सलमान की जिंदगी में भूचाल लेकर आया है लेकिन खुद सलमान मानते हैं कि उनसे गलती हुई। 1998 में फिल्म 'हम साथ साथ है' के दौरान सलमान से जो गलती हुई उस पर अदालती कार्रवाई का दौरा जारी है लेकिन अपने प्रशंसकों के बीच इस खुशी से पता चलता है कि उन्हें माफ कर दिया गया है।