पनामा लीक: दो लाख खातों के दस्तावेज जारी
पनामा पेपर लीक्स में सामने आए करीब दो लाख विदेशी खातों की जानकारी वाले दस्तावेज अब ऑनलाइन कर दिए गए हैं। पनामा की मोसाक फोंसेका कंपनी के लाखों कागजात में ये सामने आया है कि किस तरह दुनिया भर के अमीर लोग टैक्स चोरी और प्रतिबंधों से बचने के लिए विदेशी खातों का इस्तेमाल करते हैं।
दस्तावेज में कई पूर्व और मौजूदा नेताओं, सरकारी अधिकारियों, सेलेब्रिटी और खेल जगत के लोगों के छुपाए गए धन के बारे में जानकारी सामने आए थे। बीस से ज्यादा कर पनाहगाहों में करीब दो लाख शेल कंपनियों, फाउन्डेशन और ट्रस्ट होने की भी जानकारी सामने आई थी।
हाल ही में पनामा की मोसाक फोंसेका के कागजात को जारी करने वाले शख्स के बारे में बातें सामने आई हैं। उसे 'जॉन डो' का नाम दिया गया है। हालांकि मोसाक फोंसेका ने किसी भी अपराध से इनकार किया है।
दस्तावेजों को इंटरनेट पर सार्वजनिक करने का फैसला
पिछले हफ्ते मोसाक फोंसेका ने दस्तावेज को सार्वजनिक किए जाने से रोकने के लिए 'स्थगन और विराम' का निर्देश दिया था, लेकिन खोजी पत्रकारों के समूह इंटरनेश्नल कन्सॉर्शियम ऑफ इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट्स ने इन दस्तावेज को इंटरनेट पर सार्वजनिक करने का फैसला किया।
पनामा पेपर लीक्स में नाम आने से आइसलैंड के प्रधानमंत्री सिगमंडर गुनलॉगसॉन को इस्तीफा देना पड़ा था वहीं ब्रिटेन के प्रधानमंत्री डेविड कैमरून, रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन, यूक्रेन के पेट्रो पोरोशेंको और अर्जेन्टीना के मॉरीसियो माक्री के अलावा अर्जेन्टीना के फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेसी और हॉलीवुड स्टार जैकी चैन का नाम भी पनामा पेपर लीक्स में आया।
मोसाक फोंसेका ने कहा है कि कंपनी पर कभी भी कोई आपराधिक आरोप नहीं लगे हैं।