Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   dilip-ghosh-reacts-abhishek-banerjee-residence-attack-mamata-allegation-kolkata-police-bjp-trinamool-clashes

अभिषेक बनर्जी के घर पर हमले का आरोप: ममता का भाजपा पर निशाना, दिलीप घोष बोले- उन्हें मारने का समय किसके पास?

Sat, 07 Nov 2026 02:13 PM IST
देवेश त्रिपाठी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कोलकाता Published by: देवेश त्रिपाठी Updated Sat, 07 Nov 2026 02:13 PM IST
सार

कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास के पास भाजपा और तृणमूल समर्थकों के बीच देर रात हुई झड़प के बाद पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। कालीघाट इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत दो महीने के लिए निषेधाज्ञा लागू की गई है।

विज्ञापन
dilip-ghosh-reacts-abhishek-banerjee-residence-attack-mamata-allegation-kolkata-police-bjp-trinamool-clashes
अभिषेक बनर्जी के घर के आसपास दो महीने तक निषेधाज्ञा लागू - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक्स

विस्तार

पश्चिम बंगाल के दक्षिण कोलकाता स्थित कालीघाट इलाके में तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास के आसपास कोलकाता पुलिस ने शनिवार सुबह से निषेधाज्ञा लागू कर दी है। शुक्रवार की दे रात भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद यह कदम उठाया गया है।
विज्ञापन


पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किया है। इसके तहत अभिषेक बनर्जी के आवास के आसपास निर्धारित क्षेत्र में एक निश्चित संख्या से अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक रहेगी। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने पुष्टि की कि निषेधाज्ञा दो महीने तक लागू रहेगी।
विज्ञापन


भतीजे के घर पर हुई झड़प को लेकर क्या बोलीं ममता बनर्जी?
अभिषेक बनर्जी पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे हैं। उनके आवास के बाहर हुई झड़प की ममता बनर्जी ने आलोचना करते हुए भाजपा और बंगाल सरकार पर निशाना साधा। ममता बनर्जी ने कहा, ''रात को तीन बजे जब सब सो रहे होते हैं, तब भाजपा के लोग किसी के घर में घुस जाते हैं। उनको हमला करने का अधिकार किसने दिया। क्या देश में संविधान नहीं है?''
विज्ञापन
विज्ञापन


उन्होंने काली पूजा के पारंपरिक आयोजनों की अनुमति रद्द करने का जिक्र करते हुए कहा, "यहां पूरी तरह गुंडागर्दी हो रही है। लोग रात दो या तीन बजे यहां पहुंच जाते हैं। अगर आपमें बुलडोजर चलाने की हिम्मत है, तो रात तीन बजे गुंडों के समूह के साथ आकर काली पूजा में बाधा डालने की क्या जरूरत है? हम यहां पार्टी से जुड़ा काम कर रहे हैं और आप उसे रोकने के लिए आ रहे हैं।"

मंत्री दिलीप घोष बोले- अभिषेक को मारने के लिए किसके पास है समय?
पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस सांसद अभिषेक बनर्जी के आवास पर हमले के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि अगर रात में वहां उत्पात मचाया जाएगा तो कोई न कोई उसका जवाब जरूर देगा। साथ ही उन्होंने सवाल किया कि अभिषेक बनर्जी को मारने का समय किसके पास है?

बनर्जी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए घोष ने कहा, "फुटपाथ पर किसी नेता का जन्मदिन मनाते पहली बार देखा है। अगर वे रात में वहां हंगामा करेंगे, तो कोई न कोई तो जवाब देगा ही। और अभिषेक बनर्जी को मारने के लिए किसके पास समय है। अब कुछ बचा नहीं है, इसलिए इस तरह की बात करके लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।"

रात ढाई बजे से साढ़े तीन बजे के बीच हुई झड़प
अभिषेक ने दावा किया है कि जानबूझकर कराई गई यह झड़प पिछले छह महीनों में उनकी हत्या की सातवीं कोशिश थी। अभिषेक बनर्जी शनिवार को अपना 39वां जन्मदिन मना रहे हैं। शुक्रवार आधी रात के बाद उनके आवास के बाहर तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता और समर्थक जन्मदिन मनाने के लिए एकत्र हुए थे।

इसी दौरान रात करीब ढाई बजे से साढ़े तीन बजे के बीच दोनों राजनीतिक दलों के समर्थकों के बीच कई बार झड़प हुई। शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में धक्का-मुक्की और पथराव में बदल गई। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि उनकी जान लेने की कोशिश की गई। उन्होंने भाजपा समर्थकों पर तृणमूल कांग्रेस के नजदीकी पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ करने का भी आरोप लगाया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं। झड़प की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिस को दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा।

पुलिसकर्मियों से भी हुई अभिषेक की बहस
घटना के विरोध में अभिषेक बनर्जी अपने घर के सामने धरने पर बैठ गए। मौके पर तैनात पुलिस अधिकारियों ने उन्हें वहां से हटने के लिए कहा। पुलिस का कहना था कि वहां धरना जारी रहने से तनाव और बढ़ सकता है। इस बात को लेकर अभिषेक और पुलिस अधिकारियों के बीच बहस भी हुई। आखिरकार शनिवार सुबह करीब साढ़े छह बजे पुलिस के हस्तक्षेप के बाद अभिषेक अपने घर के अंदर चले गए।

जन्मदिन के पोस्टर और बैनर फाड़ने का आरोप
तृणमूल कांग्रेस समर्थकों के अनुसार, शुक्रवार आधी रात के बाद वे अभिषेक बनर्जी का जन्मदिन मनाने के लिए उनके कालीघाट स्थित आवास के बाहर जमा हुए थे। आरोप है कि रात करीब ढाई बजे भाजपा कार्यकर्ता अचानक वहां पहुंचे और 'चोर-चोर' के नारे लगाने लगे। तृणमूल समर्थकों ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने अभिषेक बनर्जी की तस्वीरों, कटआउट और जन्मदिन की शुभकामनाओं वाले बैनरों को फाड़ दिया। 

जब तृणमूल कार्यकर्ताओं ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। इसके बाद मामला हिंसक झड़प में बदल गया। इसी दौरान अभिषेक बनर्जी अपने घर से बाहर निकले और घायल समर्थकों से मुलाकात की। उन्होंने कहा, "मुझ पर हमला करने और मेरी हत्या करने की साजिश रची जा रही है।"

सोशल मीडिया पर भाजपा और पुलिस को घेरा
घटना के बाद अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया पर एक बयान जारी कर भाजपा और पुलिस पर निशाना साधा। उन्होंने अपने पोस्ट के साथ झड़प की एक तस्वीर और वीडियो भी साझा किया। अभिषेक ने लिखा, "दो दिनों तक लगातार रेकी करने के बाद भाजपा के गुंडों ने आज रात दो बजे मेरे घर पर इस तरह हमला किया। फुटेज देखिए और खुद समझिए। अगर एक निर्वाचित सांसद के साथ ऐसा हो सकता है, तो कल्पना कीजिए कि पश्चिम बंगाल में आम आदमी की क्या हालत होगी।"


उन्होंने आगे कहा, "पिछले छह महीनों में यह मेरी हत्या की सातवीं कोशिश है। इसके बावजूद न तो पुलिस ने कोई कार्रवाई की और न ही न्यायपालिका ने हस्तक्षेप किया। पूरे राज्य में गुंडे खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं, क्योंकि न्यायपालिका लगातार आंखें मूंदे हुए है। मूकदर्शक बने रहने के लिए धन्यवाद, माननीय न्यायाधीशों।"
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed