Corona Update: केरल में कोरोना के 54 हजार से ज्यादा केस आए, टीकाकरण पर भी आई बड़ी खबर, जानें देश-दुनिया का हाल
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 60 फीसदी से अधिक 15-18 आयुवर्ग के बच्चों को कोरोना की पहली डोज दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि टीका लगवाने वाले मेरे सभी युवा मित्रों को बधाई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
देश में कोरोना के मामलों में उतार-चढ़ाव जारी है। इस बीच केरल में पिछले 24 घंटों में कोरोना के 54,537 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 30,225 मरीज ठीक हुए और 13 मरीजों की मौत हुई। यहां फिलहाल 3,33,447 संक्रमितों का इलाज चल रहा है। अब तक कुल 52,786 लोगों की जान भी गई है। वहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में 60 फीसदी से अधिक 15-18 आयुवर्ग के बच्चों को कोरोना की पहली डोज दी गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने कहा कि टीका लगवाने वाले मेरे सभी युवा मित्रों को बधाई।
प्रमुख राज्यों और शहरों का हाल
- दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 4,044 मामले आए हैं। इस दौरान 8,042 लोग डिस्चार्ज हुए और 25 लोगों की मृत्यु हुई है। सक्रिय मामले 29,152 हैं।
- महाराष्ट्र में कोरोना के 24,948 नए मामले सामने आए हैं, 45,648 मरीज ठीक हुए और 103 मरीजों की मृत्यु हुई। सक्रिय मामले 2,66,586 हैं।
- देश में कोरोना वैक्सीनेशन का आंकड़ा 164.96 करोड़ के पार पहुंचा। आज शाम 7 बजे तक वैक्सीन की 48 लाख से ज़्यादा डोज़ लगाई गई हैं।
- गुजरात में पिछले 24 घंटों में 12,131 नए मामले आए हैं। इस दौरान 30 मौतें और 22,070 डिस्चार्ज दर्ज किए गए। सक्रिय मामले 1,07,915 हैं। गुजरात मुख्यमंत्री कार्यालय के मुताबिक, 8 प्रमुख शहरों सहित राज्य के कुल 27 शहरों में 4 फरवरी तक रात का कर्फ्यू (रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक) रहेगा। होटल और रेस्तरां को 24 घंटे होम डिलीवरी सेवा जारी रखने की अनुमति होगी।
- असम में कोरोना वायरस के 2,861 नए मामले सामने आए हैं, 6,002 मरीज़ डिस्चार्ज हुए और 21 लोगों की कोरोना से मौत हुई। सक्रिय मामले 32,013 हैं।
- तमिलनाडु में कोरोना वायरस के 26,533 नए मामले सामने आए हैं, 28,156 लोग डिस्चार्ज हुए और 48 लोगों की कोरोना से मौत हुई। सक्रिय मामले 2,11,863 हैं।
- कर्नाटक में आज 31,198 नए मामले सामने आए। इस दौरान 50 लोगों की मौत हुई। सक्रिय मामले 2,88,767 हैं और सकारात्मकता दर 20.91 फीसदी बनी हुई है।
- पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के 3,805 नए मामले सामने आए हैं, 13,767 लोग डिस्चार्ज हुए और 34 लोगों की कोरोना से मौत हुई।
स्पुतनिक-एम टीका लाने की कोशिश कर रही डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज
डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज ने शुक्रवार को कहा कि वह 12 से 18 आयु वर्ग के लिए कोविड-19 रोधी रूसी टीका स्पुतनिक-एम लाने के सिलसिले में भारतीय औषधि नियामक के साथ बातचीत कर रही है। कंपनी की तीसरी तिमाही के नतीजों की घोषणा के बाद संवाददाता सम्मेलन में डॉ. रेड्डीज लैबोरेटरीज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि रूस के एकल खुराक वाले कोविड-19 टीके स्पुतनिक लाइट के तीसरे चरण के ‘क्लिनिकल ट्रायल’ डेटा नियामक को सौंप दिए गए हैं और मंजूरी मिलने का इंतजार है।
दुनिया में एक और बेहद संक्रामक वायरस ‘नियोकोव’ ने दी दस्तक
कोरोना का ओमिक्रॉन वैरिएंट अभी खत्म नहीं हुआ है और चीन के वुहान शहर के वैज्ञानिकों ने नए वायरस को लेकर चेतावनी जारी की है। वैज्ञानिकों ने कहा है कि यह वायरस इसलिए भी खतरनाक है क्योंकि इससे 3 में से 1 संक्रमित की मौत हो सकती है। बायोरेक्सिव वेबसाइट में प्रकाशित एक अध्ययन के मुताबिक नियोकोव और इसके सहयोगी पीडीएफ-2180-कोव इनसानों को संक्रमित कर सकते हैं। वुहान विश्वविद्यालय और चाइनीज एकेडमी ऑफ साइंसेज के शोधकर्ताओं के मुताबिक, इस नए वायरस को इनसानों की कोशिकाओं को संक्रमित करने के लिए सिर्फ एक म्यूटेशन की जरूरत होती है।
बायोरेक्सिव वेबसाइट में प्रकाशित रिपोर्ट के मुताबिक, नियोकोव वायरस नया नहीं है। यह सर्वप्रथम 2012 में पश्चिम एशियाई देशों में फैला था, जो सॉर्स-कोव-2 की तरह है। दक्षिण अफ्रीका में यह वायरस चमगादड़ों में पहले भी देखा गया है। यह भी बताया गया है कि यह वायरस अभी तक पशुओं में देखा गया है लेकिन दक्षिण अफ्रीका में अब यह इनसानों में फैल रहा है।
दुनिया का हाल
- दुनिया में एक दिन में जहां नए संक्रमितों की संख्या 36.56 लाख पार हो गई वहीं इसी अवधि में जान गंवाने वाले भी 10,658 हो गए। इस बीच, ‘नियोकोव’ नामक एक नए वायरस के दक्षिण अफ्रीका में दस्तक देने की सूचना है।
- दुनिया में अमेरिका 5.55 लाख नए मामलों के साथ शीर्ष पर है जबकि दूसरे नंबर पर फ्रांस है जहां 4.28 लाख लोग एक दिन में संक्रमित पाए गए हैं। विशेषज्ञों ने कहा, अमेरिका में अभी और तबाही मच सकती है।
- डब्ल्यूएचओ ने कहा कि अगला स्वरूप ओमिक्रॉन की तुलना में अधिक संक्रामक होगा। संगठन ने आगाह किया है कि अगला कोरोना वैरिएंट अधिक संक्रामक होगा लेकिन इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि भविष्य में आने वाले कोरोना के नए स्वरूप कम घातक होंगे।
- हांगकांग में विदेश से आने वाले नागरिकों के लिए अनिवार्य पृथकवास अवधि को 21 दिन से घटाकर 14 दिन किया जा रहा है। हालांकि यहां अब भी कोविड-19 के नए मामले आ रहे हैं। हांगकांग कारोबार का बड़ा केंद्र है और विदेश यात्राओं पर कड़ी पाबंदियों के कारण लोगों ने अपने सामने आ रहीं परेशानियों के संबंध में शिकायतें दर्ज कराई हैं।
- कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन त्रूदो कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। त्रूदो ने खुद यह जानकारी दी है। उन्होंने ट्वीट किया कि बुधवार को लक्षण महसूस हुए लेकिन रैपिड टेस्ट में वे निगेटिव पाए गए थे। उन्होंने खुद को 5 दिन के लिए आइसोलेट कर लिया है। त्रूदो पहले से ही वैक्सीनेटेड हैं, उन्होंने सभी से वैक्सीन लगवाने की अपील की है।
- ब्राजील में पिछले 24 घंटों में रिकॉर्ड 2,28,954 नए संक्रमित दर्ज हुए हैं। ब्राजील के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार बीते 24 घंटे में 672 मौतें भी दर्ज की गई हैं, जिससे आंकड़ा बढ़कर 6,25,000 से अधिक हो गया है। बता दें कि कई अन्य देशों की तरह, ब्राजील वर्तमान में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रॉन की एक नई लहर का सामना कर रहा है।
- पाकिस्तान में बीते चौबीस घंटों में संक्रमण के 8,183 मामले सामने आए। ये मुल्क में एक दिन में दर्ज सर्वाधिक मामले थे। पाकिस्तान में कोरोना वायरस की चपेट में आने वाले कुल मरीजों की संख्या 14,02,070 पर पहुंच गई है, जबकि बीते चौबीस घंटों में 30 अतिरिक्त मौतों के साथ मृतक संख्या बढ़कर 29,192 हो गई है।