फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Coronavirus all updates, almost all states closed educational institutions in india

कोरोना प्रभाव: देश में सार्वजनिक जीवन पर कसा शिकंजा, लगभग सभी राज्यों ने शिक्षण संस्थान किए बंद

Sat, 14 Mar 2020 04:53 AM IST
संजीव कुमार झा अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली/मुंबई/कोलकाता
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली/मुंबई/कोलकाता Published by: संजीव कुमार झा Updated Sat, 14 Mar 2020 04:53 AM IST
विज्ञापन
Coronavirus all updates, almost all states closed educational institutions in india
कोरोना का कहर - फोटो : PTI

कोरोना वायरस के फैलते प्रकोप के बीच कर्नाटक में इससे पहली मौत और पीड़ितों की संख्या 81 पहुंचने के बाद पूरे देश में ऐहतियाती कदम उठाए गए हैं। शुक्रवार को लगभग सभी राज्यों ने सार्वजनिक जीवन पर ‘शिकंजा’ कस दिया है। सभी राज्यों में लोगों को किसी भी कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में एक जगह एकत्र नहीं होने की सलाह दी गई है।

विज्ञापन

 

विज्ञापन


कोरोना वायरस का संक्रमण तेजी से बढ़ने की आशंका से महाराष्ट्र और आंध्रप्रदेश ने इसे महामारी तो उड़ीसा में इसे आपदा घोषित किया गया है। मुंबई में कोरोना के तीन पॉजिटिव मिलने के बाद शुक्रवार आधी रात से मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पुणे और नागपुर में थिएटर, सिनेमाहॉल, जिम व स्वीमिंग पूल आदि सार्वजनिक भीड़ वाले स्थलों को 30 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया। सीएम उद्धव ठाकरे ने कहा, सरकार परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने पर विचार कर रही है। उन्होंने निजी कंपनियों को कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की अपील की। राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या 17 हो गई है। पुणे में 10, मुंबई में 4 और नागपुर में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है। उधर, आंध्र प्रदेश सरकार ने भी महामारी के हालात होने का एलान किया है। ओडिशा में आपदा से निपटने के लिए 200 करोड़ रुपये जारी किए गए है। राज्य में शिक्षण संस्थानों, स्वीमिंग पूल, जिम और सिनेमाघर 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। वैवाहिक, धार्मिक व अन्य समारोहों पर रोक लगाने के डीएम को  अधिकार दिए गए है।

विज्ञापन
विज्ञापन

कर्नाटक में मॉल, थिएटरों, पब पर लगवाए ताले

कर्नाटक ने कलबुर्गी में बृहस्पतिवार को कोरोना वायरस से पीड़ित एक बुजुर्ग की मौत के बाद शुक्रवार को युद्ध स्तर पर लोगों को एक जगह से रोकने के लिए कई घोषणाएं कीं। राज्य सरकार ने सभी मॉल, थियेटर, नाइट क्लब, पब और स्वीमिंग पूल को एक सप्ताह के लिए बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा ने लोगों को एक जगह बड़ी संख्या में जुटने से रोकने के लिए शादी समारोह, स्कूलों के समर कैंप, सम्मेलन, मेलों, प्रदर्शनियों, खेलों और जन्मदिन समारोहों आदि को भी अगले शनिवार तक के लिए रद्द करने के निर्देश दिए हैं।


सभी विश्वविद्यालयों, स्कूलों और कॉलेजों में भी अवकाश घोषित करते हुए लोगों को यात्रा करने से बचने की सलाह दी गई है। सरकार ने सभी सरकारी डॉक्टरों औऱ स्वास्थ्य अधिकारियों के अवकाश रद्द करते हुए उन्हें तत्काल ड्यूटी पर लौटने का आदेश दिया गया है। सरकार ने आईटी कंपनियों को भी अपने कर्मचारियों को एक सप्ताह के लिए ‘वर्क फ्रॉम होम’ पर भेजने की सलाह दी है।
 

कलबुर्गी में 46 लोगों को आइसोलेशन में भेजा

कलबुर्गी में वायरस संक्रमण के कारण मारे गए बुजुर्ग के संपर्क में रहे 46 लोगों को निगरानी के लिए आइसोलेशन वार्ड में भेज दिया गया है। कलबुर्गी के उपायुक्त शरत बी ने बताया कि इनमें से 31 लोगों को गंभीर खतरे की श्रेणी में रखते हुए ईएसआईसी के हॉस्पिटल में रखा गया है। मृत बुजुर्ग के चार परिजनों में भी फ्लू के लक्षण मिलने के कारण उनके सैंपलों को जांच के लिए बंगलूरू भेजा गया है।

कोरोना संदिग्ध को भर्ती न करने पर कार्रवाई

दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दिल्ली महामारी कोविड-19 अधिनियम 2020 को मंजूरी दे दी। इसके तहत कोराना संदिग्ध या संक्रमित मरीज का उपचार करने से इनकार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

सेना में सभी भर्तियां एक महीने टली

सेना की सभी भर्ती रैलियों को एक महीने टाल दिया गया है। सैन्यकर्मियों के लिए यात्रा केवल आवश्यक कार्यों तक ही सीमित कर दी गई है। उन्हें वीडियो कांफ्रेंस सुविधाओं का ज्यादा से ज्यादा इस्तेमाल करने को कहा गया है।

महाराष्ट्र में महामारी घोषित, सार्वजनिक भीड़ वाले स्थान किए बंद

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में कोरोना वायरस के तीन पॉजिटिव मरीज मिलने के बाद महाराष्ट्र सरकार ने भी इसे महामारी घोषित कर दिया है। इसके बाद शुक्रवार आधी रात से मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई, पुणे और नागपुर में थिएटर, सिनेमाहॉल, जिम व स्वीमिंग पूल आदि सार्वजनिक भीड़ वाले सभी स्थलों को 30 मार्च तक के लिए बंद कर दिया गया।

वहीं, पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में स्कूल-कॉलेजों को अगले आदेश तक बंद रखने के लिए कहा गया है। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा कि सरकार परीक्षा की तिथि भी आगे बढ़ाने पर विचार कर रही है, लेकिन अभीइस पर कोई फैसला नहीं किया गया है। उन्होंने निजी कंपनियों को कर्मचारियों को घर से काम करने की अनुमति देने की अपील की है।

नागपुर में दो और लोगों में कोरोना वायरस की पुष्टि होने के बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हो गई है। पुणे के नायडू अस्पताल में 10, मुंबई के कस्तूरबा अस्पताल में 4 और नागपुर मेडिकल कॉलेज में तीन मरीजों का इलाज चल रहा है।
 

कोलकाता में तीन विदेशी अस्पताल में भर्ती

पश्चिम बंगाल में कोरोना वायरस के लक्षण वाले एक इतालवी दंपती और एक थाई नागरिक को कोलकाता के बेलियाघाट आईडी सरकारी अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि इतालवी दंपती पांच मार्च को भारत आया था। उनके खून और थूक के नमूनों को जांच के लिए भेज दिया गया है।

नदिया जिले के मायापुर स्थित इस्कान मुख्यालय में आने वाले मलेशिया व आस्ट्रेलिया के दो नागरिकों को भी बुखार की शिकायत के बाद इस्कान के अस्पताल में दाखिल कराया गया है। पुर्बा बर्दवान प्रशासन ने अपने यहां महिला सशक्तीकरण पर जागरूकता कार्यक्रम करने आए तीन इतालवी नागरिकों को वापस लौटने का आदेश दिया है।

उधर, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने लोगों से खौफजदा नहीं होने की अपील की। नेताजी इंडोर स्टेडियम में एक खेल सम्मान समारोह में उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस एक अहम मुद्दा है, लेकिन हम इससे लड़ सकते हैं।

पंजाब में विदेश से लौटे सात लोग गायब, हरियाणा में स्कूल-कॉलेज बंद

पंजाब के लुधियाना में कोरोना प्रभावित देशों से लौटे सात भारतीयों की लोकेशन नहीं मिलने से शुक्रवार को खलबली मच गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने जिला प्रशासन और पुलिस को इन लोगों की तलाश करने को कहा है। लुधियाना के सिविल सर्जन राजेश बग्गा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि सातों की तरफ से दिए गए पते गलते पाए गए हैं।

उधर, हरियाणा सरकार ने भी शुक्रवार को राज्य के सभी स्कूल-कॉलेज और विश्वविद्यालय 31 मार्च तक बंद रखे जाने का आदेश जारी कर दिया। सभी अस्पतालों को भी अपने यहां पहुंचने वाले संदिग्ध मरीजों के पिछले 14 दिन के यात्रा विवरण को भी सुरक्षित रखने का आदेश दिया गया है।
 

मध्य प्रदेश में स्कूल-कॉलेज, छत्तीसगढ़ में जिम, स्वीमिंग पूल बंद

मध्य प्रदेश सरकार ने कोरोना वायरस से बचाव के लिए राज्य के सभी स्कूल-कॉलेजों को अगले आदेश तक बंद कर दिया है। हालांकि राज्य में चल रही बोर्ड परीक्षाओं और कक्षा 5 व 8 की परीक्षाएं जारी रहेंगी। उधर, छत्तीसगढ़ सरकार ने शहरी इलाकों में मौजूद सभी सार्वजनिक पुस्तकालयों, जिम, स्वीमिंग पूल, वाटर पार्क और आगनबाड़ी केंद्रों को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश जारी कर दिया है। जिन स्कूल-कॉलेजों में परीक्षाएं चल रही हैं, उन्हें खुले रखने की इजाजत दी गई है।
 

आंध्र में महामारी, ओडिशा में आपदा घोषित

आंध्र प्रदेश सरकार ने भी कोरोना वायरस को महामारी रोग अधिनियम 1897 के तहत महामारी घोषित कर दिया, जबकि ओडिशा ने डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट, 2005 के तहत कोरोना वायरस को आपदा घोषित कर दिया है। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने इस आपदा से निपटने के लिए सरकार की तरफ से 200 करोड़ रुपये जारी करने का आदेश दिया है। वहीं, राज्य में शिक्षण संस्थानों, स्वीमिंग पूल, जिम और सिनेमा घरों को 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। वैवाहिक, धार्मिक व अन्य तरह के समारोहों पर नियंत्रण लगाने की जिम्मेदारी स्थानीय प्रशासनों को दी गई है।
 

जम्मू-कश्मीर में खेल गतिविधियों पर रोक, मणिपुर में कॉलेज बंद

जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने भी अपने यहां स्कूल-कॉलेजों को अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया है। साथ ही राज्य की स्पोटर्स काउंसिल ने सभी तरह की खेल व प्रशिक्षण गतिविधियों पर भी रोक लगा दी है। इसे शुक्रवार से ही प्रभावी घोषित किया गया है। उधर, मणिपुर सरकार ने भी एहतियात के तौर पर 31 मार्च तक तमाम स्कूलों को बंद रखने का एलान किया है।

कोरोना पीड़ित के पड़ोसी की मौत से हड़कंप

केरल के कोट्टायम जिले में एक कोरोना वायरस से संक्रमित मरीज के पड़ोसी की मौत होने से शुक्रवार को हड़कंप मच गया। जिलाधिकारी पीके सुधीर ने कहा कि चेनागलम में अस्पताल ले जाते समय मृत व्यक्ति की प्राथमिक जांच के बाद दिल के दौरे को कारण माना गया है। हालांकि उसकी पोस्टमार्टम और रक्त परीक्षण रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

उधर, राज्य के त्रिसूर और कन्नूर जिलों में दो और लोगों में संक्रमण की पुष्टि होने से पीड़ितों की संख्या 17 पर पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्री केके शैलजा ने तिरुवनंतपुरम में भी इटली और जर्मनी से लौटे एक व्यक्ति के सैंपल में कोरोना वायरस की पुष्टि होने की बात कही है।

उसके साथ विमान में सवार रहे 92 में से 31 यात्रियों को निगरानी में रखा जा रहा है। अलपुज्जा में स्थानीय लोगों द्वारा एक रिजॉर्ट में ठहरे पर्यटकों को जबरन निकालने की कोशिश करने पर हंगामा मच गया। केरल के मुख्यमंत्री पी. विजयन ने बताया कि ऐसी कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

केरल विधानसभा स्थगित, चर्च ने की मास्क बनाकर बांटने की तैयारी

कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए शुक्रवार को केरल में विधानसभा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई। यह निर्णय विधानसभा की बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक के दौरान लिया गया। विपक्षी ने सरकार के इस निर्णय पर आपत्ति जताते हुए हंगामा किया।

उधर, कोच्चि में लिटिल फ्लॉवर चर्च ने राज्य सरकार की कोरोना वायरस से लड़ने में मदद करने के लिए सेफ्टी मास्क का निर्माण शुरू कर दिया है। चर्च के पादरी फादर सेबेस्टियन कारूकाप्पाल्ली ने बताया कि मास्क निर्माण का काम केरल लेटिन कैथोलिक एसोसिएशन की मदद से किया जा रहा है। रोजाना 500 मास्क बनाकर राज्य के स्वास्थ्य विभाग को मुफ्त में दिए जाएंगे।
 

बिहार में स्कूल कॉलेज बंद, डॉक्टरों की छुट्टी रद्द

बिहार में मुख्यमंत्री नीतिश कुमार ने शुक्रवार को एक उच्च स्तरीय बैठक में सभी सरकारी व निजी स्कूल-कॉलेजों और कोचिंग संस्थानों को 31 मार्च तक बंद करने का निर्णय लिया। हालांकि राज्य में बोर्ड परीक्षाएं जारी रहेंगी। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों, सिनेमा हॉल भी बंद रखने का आदेश दिया गया है।

इसके अलावा बड़े समारोहों के आयोजन स्थलों को भी 31 मार्च तक नई बुकिंग नहीं लेने के निर्देश मिले हैं। सरकार ने पटना मेडिकल कॉलेज के सभी डॉक्टरों और अन्य सहयोगी स्टाफ की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं।

कहीं कार्यक्रम रद्द, कहीं पड़ा ऐसे प्रभाव

  •  दिल्ली में 14-15 मार्च को होने वाले दूल्हे-दुल्हन के सामानों की सबसे बड़ी प्रदर्शनी ब्राइडल एशिया एसएस 2020 महज एक दिन पहले स्थगित
  •  राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की बंगलूरू में 15 से 17 मार्च तक आयोजित प्रतिनिधि सभा बैठक से पहले सभी पदाधिकारियों का होगा थर्मल परीक्षण
  •  बीएसएफ ने कहा है कि अमृतसर की अटारी-वाघा सीमा के जरिये पाकिस्तान से भारत में किसी विदेशी नागरिक को प्रवेश की इजाजत नहीं मिलेगी
  •  पाकिस्तान के रास्ते अफगानिस्तान से कमोडिटी उत्पाद लेकर आने वाले ट्रकों को भी नहीं मिलेगा प्रवेश, बाजारों में इनकी सप्लाई होगी प्रभावित
  •   सरकारी कर्मचारियों की अनिवार्य सालाना स्वास्थ्य जांच 30 जून तक स्थगित, हर साल होती है 40 से ऊपर आयु वाले 60 लाख कर्मियों की जांच
  •   सीआरपीएफ ने 19 मार्च को गुरुग्राम में होने जा रहे 81वें स्थापना दिवस को रद्द कर दिया है, इसमें एक हजार से ज्यादा जवानों को भाग लेना था

 

मोदी का गुजरात और शाह का मणिपुर दौरा टला

कोरोना वायरस के खतरे को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपना गुजरात का और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर का दौरा टाल दिया है। गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल ने प्रधानमंत्री का 21-22 मार्च का दो दिवसीय दौरा स्थगित होने की जानकारी देते हुए नई तिथि जल्द घोषित होने की जानकारी दी। उधर, मणिपुर सरका ने भी शाह का 15 मार्च का प्रस्तावित दौरा अगले महीने 15 अप्रैल तक टाल दिए जाने की पुष्टि की।
 

कोरोना से निपटने में मौसम और हमारी जीवनशैली मजबूत: नायडू

नई दिल्ली। कोरोना वायरस को लेकर शुक्रवार को राज्यसभा में भी चिंता जताई गई। इस पर खुद सभापति एम. वैंकेया नायडू ने सदस्यों को सरकार की ओर से जारी की गई सलाह पर चलने और सावधानी बरतते हुए भय न फैलाने की ताकीद की। नायडू ने कहा कि भारत के लोग यहां के मौसम चलते अन्य देशों की तुलना में अलग हैं। यहां के मौसम में वायरस ज्यादा दिनों तक नहीं ठहरता है। हमारी जीवन शैली भी इससे मुकाबला करने में मजबूत है।

हमें दहशत को देश में नहीं फैलने देना चाहिए। कोरोना वायरस का डर अधिक घातक है। नायडू ने यह बात सांसद बिनय विश्वम की तरफ से शून्यकाल के दौरान देश में कोरोना वायरस के बढ़ते प्रभाव के चलते सरकार से अधिक कदम उठाए जाने की मांग किए जाने के बाद कही। विश्वम ने कहा कि सरकार को कोरोना के प्रभाव से लोगों को बचाने के लिए मास्क वितरित करने चाहिए। उन्होंने मास्क और सेनिटाइजर की कालाबाजारी और जमाखोरी किए जाने के चलते कीमतें बढ़ने का भी मुद्दा उठाया। ब्यूरो

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed