कोरोना वायरस : भारत में आज मिले 1,247 नए संक्रमित, कल की तुलना में 43 फीसदी गिरावट; प्रो. अग्रवाल का दावा-चौथी लहर की आशंका नहीं
सोमवार को दैनिक मामलों में 90 फीसदी का उछाल आया था। इससे हड़कंप मच गया था। हालांकि, आईआईटी कानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक पद्मश्री प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने दावा किया है कि देश में चौथी लहर की आशंका नहीं है।
विस्तार
देश में कोरोना मामलों की घट-बढ़ जारी है। बुधवार सुबह जारी ताजा आंकड़ों के अनुसार बीते 24 घंटे में 1247 नए मामले मिले, ये मंगलवार की तुलना में 43 फीसदी कम हैं। सोमवार को दैनिक मामलों में 90 फीसदी का उछाल आया था। इससे हड़कंप मच गया था। कोरोना की चौथी लहर आने की आशंका सताने लगी। हालांकि, आईआईटी कानपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक पद्मश्री प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने दावा किया है कि देश में चौथी लहर की आशंका नहीं है।
मंगलवार सुबह बीते 24 घंटे में 2,183 नए केस मिले थे, जबकि बुधवार सुबह 1247 नए संक्रमित मिले। सोमवार को 1150 नए मरीज मिले थे। वहीं, राजधानी दिल्ली में जनवरी के बाद सोमवार को पहली बार संक्रमण दर 7.72 फीसदी पहुंच गई है। वहीं, लगातार दूसरे दिन 500 से ज्यादा संक्रमित मिले। मंगलवार को बीते 24 घंटों में 501 मरीज मिले।
यूपी में नौ शहरों में सार्वजनिक जगहों पर मास्क अनिवार्य
इस बीच, बढ़ते मामलों को देखते हुए यूपी सरकार ने राजधानी लखनऊ समेत दिल्ली से सटे गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर व बागपत और हरियाणा सरकार ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, सोनीपत व झज्जर में सार्वजनिक जगहों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है। नौ राज्यों के 34 जिले रेड जोन में हैं।
दिल्ली में बढ़ी संक्रमण दर
दिल्ली में जनवरी के बाद सोमवार को पहली बार संक्रमण दर 7.72 फीसदी पहुंच गई। 11 से 17 अप्रैल के बीच दिल्ली के दक्षिणी जिले में साप्ताहिक संक्रमण दर 6.26 फीसदी तक पहुंच गई है। इसी दौरान उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर में 8.62, हरियाणा के फरीदाबाद में 6.18 और गुरुग्राम में यह दर 11.08% दर्ज की गई है।