मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव : कांग्रेस नेता की जुबान फिसली, गुजरात तक पहुंची लड़ाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए प्रचार अब आखिरी चरण में हैं। नेता अपने चुनाव प्रचार में कोई कमी नहीं करना चाहते हैं। चुनावी माहौल में जमकर एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप कर रहे हैं। कई नेताओं की जुबान इस चुनावी प्रचार के दौरान फिसल रही है। कांग्रेस की तरफ से पीएम मोदी की मां को लेकर की गई टिप्पणी की आग अब गुजरात तक पहुंच गई है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने बीते गुरुवार को इंदौर में अपनी एक चुनावी सभा के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी की मां को लेकर विवादित बयान दिया था, कांग्रेस नेता राज बब्बर ने कहा था कि यूपीए सरकार के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपए की कीमत गिरने पर नरेंद्र मोदी रुपए की तुलना मनमोहन सिंह की उम्र से करते थे। आज रुपए की कीमत इतनी गिर गई है कि यह उनकी मां की उम्र की ओर बढ़ रही है।
Jab vo (PM Modi) kehte te ki dollar ke samne rupaya itna gir gaya ki uss waqt ke PM ki umar batha karke kehte te ki unki umar ke kareeb ja raha hai.Aj ka rupaya,apki pujniye mataji ki umar ke kareeb niche girna shuru hogaya hai:Raj Babbar,Congress,in Indore,MadhyaPradesh. (22.11) pic.twitter.com/5vTv0c2sKb
— ANI (@ANI) November 22, 2018
प्रहलाद मोदी बोले, हताश कांग्रेस मां को राजनीतिक लड़ाई में न खींचे
कांग्रेस नेता राज बब्बर के बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई प्रहलाद मोदी ने उनकी मां हीराबा की उम्र (97 साल) की तुलना डॉलर-रुपए से करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हताश है। यह बयान प्रधानमंत्री मोदी को गाली देने की मंशा का परिणाम है।
आपको बता दें कि नरेंद्र मोदी चार भाई हैं। सबसे छोटे भाई प्रहलाद ने कहा कि नरेंद्र मोदी के अलावा हमारे परिवार में किसी का भी कोई राजनीति संबंध नहीं है। ऐसे में कांग्रेस को हमारे परिवार को राजनीति में घसीटना ठीक नहीं है। इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक परंपरा के अनुरूप नहीं है। प्रहलाद मोदी राशन की दुकान चलाते हैं।
प्रहलाद मोदी ने कहा कि मेरी मां की लंबी उम्र भगवान की कृपा से है और इसको लेकर कांग्रेस को संभवत: जलन है। असल बात तो यह है कि कांग्रेस पार्टी नरेंद्र भाई की वजह से परेशान है और उन्हें मेरी ही मां ने जन्म दिया है। अब कांग्रेस हताशा में उन्हें परोक्ष रूप से गाली देने के लिए ही ऐसी बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि मेरी भगवान से प्रार्थना है कि वे इन्हें सद्बुद्धि दें ताकि वे बिना हताश हुए अपनी राजनीतिक लड़ाई लड़ें।
राजनीति में बयानबाजी के लोकतांत्रिक उसूल भूल गई है कांग्रेस- विजय रूपाणी
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने भी कांग्रेस नेता राज बब्बर के बयान का खंडन किया है। उन्होंने कहा कि राजनीति में बयानबाजी के कुछ लोकतांत्रिक उसूल होते हैं और उनके नीचे गिरकर मर्यादा के विरुद्ध ऐसी बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की वयोवृद्ध माता की उम्र की रुपए-डॉलर से तुलना का क्या तुक है? रूपाणी ने कहा कि विधानसभा चुनाव में हार देखते हुए कांग्रेस इस प्रकार की बयानबाजी कर रही है।
हालांकि मां पर कांग्रेसी नेता राज बब्बर के विवादित बयान पर टिप्पणी करते हुए पीएम मोदी ने भी कांग्रेस को चुनावी सभा के दौरान ही कहा कि मोदी से मुकाबला नहीं कर पाते इसलिए मां को गाली देते हैं। पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस बंटवारे और जाति-पाति की राजनीति करती है। पीएम मोदी ने कहा कि वे पिछले 18 सालों से कांग्रेस को चुनौती देते आ रहे हैं लेकिन मुझसे भिड़ने के बजाए मेरी मां को गाली दी जा रही है, मां को बदनाम कर रहे हैं। जिस मां को राजनीति का 'र' नहीं मालूम उस मां को राजनीति में घसीटा जा रहा है।
आपको बता दें कि मध्य प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाने हैं। हालांकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबा अपने चौथे और सबसे छोटे बेटे पंकज मोदी के साथ गांधीनगर के रायसण इलाके में रहती हैं। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजे 11 दिसंबर को आएंगे।