Patna Opposition Meeting: पटना में विपक्षी दलों की बैठक पर BJP का वार, कहा- कांग्रेस को सहारे की जरूरत
केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में पूरे देश के विपक्षी दलों के नेता आज पटना में जुट रहे हैं। बैठक में बड़ा मुद्दा पार्टियों के बीच सामंजस्य का है। इस बैठक पर अब भाजपा निशाना साध रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भाजपा के खिलाफ मोर्चाबंदी के लिए पटना में आज विपक्षी दलों की बैठक हो रही है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने विपक्ष को एकजुट करने के लिए यह बैठक बुलाई है। इसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी, पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत विपक्षी दलों के तमाम बड़े नेता शामिल हो रहे हैं। इस बैठक को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि विपक्षी बैठक से साफ हो गया है कि कांग्रेस भाजपा को अकेले नहीं हरा सकती है।
कोई फायदा नहीं बैठक का: अमित शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष की बैठक पर कहा कि आज पटना में फोटो सत्र चल रहा है। वे प्रधानमंत्री मोदी को चुनौती देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि मैं विपक्षी नेताओं से कहना चाहता हूं कि कितना भी साथ हो लो आपकी एकता संभव नहीं है। अगर एकता संभव हो भी गई तब भी कोई फायदा नहीं है। साल 2024 में मोदी 300 से अधिक सीटों के साथ फिर से प्रधानमंत्री बनेंगे।
#WATCH | Union Home Minister Amit Shah takes a jibe at the #OppositionMeeting
विज्ञापन विज्ञापन
Today a photo session is underway in Patna. They (opposition) want to challenge PM Modi and NDA. I want to tell them that in 2024 PM Modi will become PM by winning more than 300 seats, says HM Shah pic.twitter.com/YmfJvR4Uv3 — ANI (@ANI) June 23, 2023
खुद को ही किया कमजोर साबित- स्मृति ईरानी
वहीं, केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने पत्रकारों से कहा कि यह बेहद हास्यपद है कि कांग्रेस की छत्रछाया में कुछ ऐसे नेता एकत्र हो रहे हैं, जिन्होंने आपातकाल के दौरान लोकतंत्र की हत्या का नजारा देखा था। यह हास्यपद है कि वो लोग एकजुट होंगे, जो राष्ट्र को यह संकेत देना चाहते हैं कि उनकी स्वयं की क्षमता पीएम मोदी के आगे विफल है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मैं विशेषतौर पर कांग्रेस पार्टी का आभार व्यक्त करना चाहती हूं कि उन्होंने सार्वजनिक तौर पर यह घोषित कर दिया कि कांग्रेस पीएम मोदी को अकेले हराने में नाकाम है। उन्हें सहारे की जरूरत है।
बेटे ने ही कर दी दुकान बंद- नड्डा
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी ओडिशा के कालाहांडी में विपक्षी एकता पर हमला किया। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे आज पटना पहुंच गए हैं। उनके पिता 'हिंदू सम्राट' बाला साहेब ठाकरे कहा करते थे कि वह शिवसेना को कांग्रेस नहीं बनने देंगे। अगर मुझे कांग्रेस से हाथ मिलाना पड़ा तो मैं अपनी दुकान बंद कर दूंगा। नड्डा ने आगे कहा कि आज बाला साहेब ठाकरे सोच रहे होंगे कि उनके अपने बेटे ने ही शिवसेना की दुकान बंद कर दी है।
परिवार को बचाने के लिए गठबंधन- फडनवीस
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडनवीस ने कहा कि विपक्षी दलों के नेताओं की पटना में हो रही बैठक का मकसद परिवार बचाओ है। वंशवादी पार्टियां अपने परिवार को बचाने के लिए गठबंधन कर रही हैं। इसी तरह के प्रयास 2019 में भी किए गए थे, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि जो उद्धव ठाकरे मुफ्ती को लेकर हम पर तंज कसते थे आज उनके साथ बैठे हैं।
विपक्षी एकता झूठ- पारस
केंद्रीय मंत्री पशुपति कुमार पारस ने कहा कि अगले साल पीएम पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है। विपक्षी एकता झूठ है, ये सिर्फ फोटो के लिए है। उन्होंने आगे कहा कि लालू यादव और नीतीश कुमार ने कांग्रेस द्वारा लगाए गए आपातकाल के खिलाफ लड़ाई लड़ी, लेकिन अब वे उनसे हाथ मिला रहे हैं।
प्रचंड बहुमत से फिर मोदी बनेंगे पीएम : ठाकुर
भाजपा नेता और केंद्रीय सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने विपक्षी दलों की बैठक पर निशाना साधा। उन्होंने ट्वीट किया, 2024 के चुनाव से पहले फिर एक बार मंच सज रहा है, नाटक मंडली इकट्ठा हो रही है। किरदार तय किए जा रहे हैं। नाटक होगा, साथ निभाने के कसमे वादे होंगे, जनता हंसेगी और फिर एक बार प्रचंड बहुमत से नरेंद्र मोदी ही तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे।
ठाकुर ने कहा कि विपक्षी दलों की बैठक का निचोड़ यह है, नीतीश कुमार संयोजक के रूप में स्वीकार नहीं, राहुल गांधी के विवाह का प्रस्ताव पास, मम्मी बहुत नाराज हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, सवाल नहीं लेंगे, दिल मिलते नहीं, इन्हें सीटें मिलने की भी उम्मीद नहीं। दिल्ली दरवाजा खोलने का दंभ भरने वाले केजरीवाल, बैठक खत्म होते ही खिसक लिए। जम्मू-कश्मीर में अमन चैन बर्दाश्त नहीं, 370 वापस लाके फिर आतंकवाद की जड़े गहरी करने के ख्वाब। पॉलिटिकल टूरिज्म के नए द्वार खुले, बिहार में लिट्टी-चोखा, रसगुल्ला खाके अब शिमला में धाम पर मिलेंगे।