भाजपा नेताओं ने दी अनिल व अजीत परिहार को श्रद्धांजलि, कहा- देश की अखंडता सर्वोपरि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और भाजपा महासचिव राम माधव ने जम्मू-कश्मीर भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल परिहार और अजीत परिहार के असामयिक निधन पर शोक जताया है। मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, प्रधानमंत्री कार्यालय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह, भाजपा महासचिव राम माधव और भाजपा की जम्मू-कश्मीर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष रवींद्र रैना किश्तवाड़ पहुंचे। जहां, भाजपा नेताओं ने जम्मू-कश्मीर प्रदेश सचिव दिवंगत अनिल परिहार व उनके भाई अजीत परिहार के निवास स्थान पर जाकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
भाजपा नेताओं ने परिजनों को सांत्वना देते हुए कहा कि आतंकियों द्वारा अनिल परिहार और उनके भाई अजीत परिहार की निर्मम हत्या अत्यंत ही निंदनीय है। यह उन लोगों की गलतफहमी है जो यह सोचते हैं कि हमारे कार्यकर्ताओं की हत्या करके, उन्हें डराकर हमारी विचारधारा और मनोबल को तोड़ देंगे।
'देश की अखंडता को चोट पहुंचाने वालों को मिलेगा करारा जवाब'
भाजपा नेताओं ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि भारत माता की सेवा और देश की अखंडता भाजपा की आत्मा में है। वे न तो ऐसी देश तोड़ने वाली ताकतों से डरेंगे और न ही टूटेंगे और देश की अखंडता को चोट पहुंचाने वालों को करारा जवाब देंगे।
उन्होंने कहा कि इस घटना को अंजाम देने वाले लोकतंत्र के शांतिपूर्ण आचरण से सहज नहीं हैं और भाजपा सरकार घाटी में शांति व्यवस्था एवं लोकतंत्र बनाए रखने के लिए कटिबद्ध है। ऐसी हृदयविदारक घटना दोबारा न हो, इसके लिए अराजक तत्वों को समाप्त करने के लिए हर तरीके से संघर्षरत हैं।
डोडा व किश्तवाड़ में परिहार ने भाजपा को किया था जमीनी स्तर पर मजबूत
गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में आतंकवादियों ने वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल परिहार (52) और उनके भाई अजीत परिहार (55) की हत्या कर दी थी। अनिल परिहार प्रदेश में पार्टी के कद्दावर नेताओं में शुमार थे।
डोडा, किश्तवाड़ और भद्रवाह जिले में उनका काफी प्रभाव था। भारतीय जनता युवा मोर्चा के वह प्रदेशाध्यक्ष भी रहे। आतंकवाद ग्रस्त रहे डोडा और किश्तवाड़ में भाजपा को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में उनकी अहम भूमिका रही।