Anthony Albanese: रंगों के त्योहार में डूबे ऑस्ट्रेलियाई PM अल्बानीज, अहमदाबाद में खेला रंग; कही ये बात
भारत रवाना होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा कि हमारे पास भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। हमारे बड़े, विविध भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय के कारण ही ऑस्ट्रेलिया एक बेहतर स्थान है।
विस्तार
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज भारत की यात्रा पर हैं। वे बुधवार को ऑस्ट्रेलिया से अहमदाबाद पहुंचे। यहां गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। इसके बाद अल्बानीज ने यहां साबरमती आश्रम का दौरा भी किया। बाद में अपने कार्यक्रम के मुताबिक, ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज ने अहमदाबाद में स्थित राजभवन में होली खेली। अल्बानीज ने खुद इसे लेकर एक ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, 'अहमदाबाद, भारत में होली मनाकर अभिभूत हूं। होली का बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश हम सभी को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।'
#WATCH | Ahmedabad, Gujarat: Australian Prime Minister Anthony Albanese celebrates Holi with flowers at Raj Bhavan pic.twitter.com/7tRho0A0Uk
— ANI (@ANI) March 8, 2023
क्या बोले अल्बानीज
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथोनी अल्बानीज ने बुधवार को एलान किया कि उनके देश और भारत सरकार ने 'ऑस्ट्रेलिया-भारत शिक्षा योग्यता मान्यता तंत्र' को अंतिम रूप दे दिया है। उन्होंने कहा कि हमारे द्विपक्षीय शिक्षा संबंधों में महत्वपूर्ण विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि इस नए तंत्र का मतलब है कि यदि आप एक ऐसे भारतीय छात्र हैं जो ऑस्ट्रेलिया में अध्ययन कर रहे हैं या अध्ययन कर चुके हैं,तो ऐसे में वापस लौटने पर आपकी कड़ी मेहनत की डिग्री को मान्यता दी जाएगी। इस दौरान उन्होंने उन भारतीय छात्रों के लिए एक नई छात्रवृत्ति 'मैत्री' की भी घोषणा की जो ऑस्ट्रेलिया में अध्ययन करना चाहते हैं। इस मौके पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और राज्यपाल आचार्य देवव्रत भी मौजूद थे।
#WATCH | Ahmedabad, Gujarat : Australian Prime Minister Anthony Albanese visited Sabarmati Ashram and paid tribute to Mahatma Gandhi pic.twitter.com/rkTxbW9m16
— ANI (@ANI) March 8, 2023
उनके साथ व्यापार और पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल, संसाधन और उत्तरी ऑस्ट्रेलिया के मंत्री मेडेलीन किंग और एक उच्च-स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल भी आया है। यहां वह भारत और ऑस्ट्रलिया के बीच चल रही टेस्ट सीरीज का चौथा मैच भी देखेंगे। साथ ही दिल्ली पहुंचने से पहले वह नौ मार्च को मुंबई भी जाएंगे।
Today I’m bringing a delegation of ministers and business leaders to India. pic.twitter.com/XatHeg51l0
— Anthony Albanese (@AlboMP) March 8, 2023
भारत रवाना होने से पहले ऑस्ट्रेलियाई पीएम ने कहा कि हमारे पास भारत के साथ अपने संबंधों को मजबूत करने का एक ऐतिहासिक अवसर है। हमारे बड़े, विविध भारतीय-ऑस्ट्रेलियाई समुदाय के कारण ही ऑस्ट्रेलिया एक बेहतर स्थान है। यह यात्रा भारत के साथ हमारे संबंधों को गहरा करने और हमारे क्षेत्र में स्थिरता और विकास के लिए एक ताकत बनने की हमारी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करती है।
I’m #LIVE with @nova937 in Perth this morning. pic.twitter.com/TBunouhKuw
— Anthony Albanese (@AlboMP) March 7, 2023
11 मार्च तक भारत में रहेंगे अल्बानीज
ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज भारत की यात्रा पर आए हैं। वे 11 मार्च तक भारत की यात्रा पर रहेंगे। उनके साथ व्यापार और पर्यटन मंत्री डॉन फैरेल, संसाधन और उत्तरी ऑस्ट्रेलिया के मंत्री मेडेलीन किंग और एक उच्च-स्तरीय व्यापार प्रतिनिधिमंडल साथ आया है।
भारत-ऑस्ट्रेलिया टेस्ट मैच देखेंगे
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच चार टेस्ट मैचों की सीरीज का आखिरी मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा। नरेंद्र मोदी स्टेडियम में नौ मार्च से दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला होगा। इस मैच को देखने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जाएंगे। उनके साथ ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बानीज भी स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। दोनों टेस्ट के पहले दिन के खेल का लुत्फ उठाएंगे।
रणनीतिक साझेदारी के तहत अहम मुद्दों पर चर्चा
विदेश मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी के तहत अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसमें आपसी हित के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी बात होगी। इसके अलावा सहयोग के क्षेत्रों पर चर्चा करने के लिए पीएम मोदी और पीएम अल्बनीज वार्षिक शिखर सम्मेलन में भी शिरकत करेंगे। प्रधानमंत्री अलबनीज दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
भारत बेसब्री से ऑस्ट्रेलियाई पीएम एंथनी अल्बनीज के आने का इंतजार कर रहा है: पीएम
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को कहा कि भारत बेसब्री से ऑस्ट्रेलियाई प्रधान मंत्री एंथनी अल्बनीस के आगमन का इंतजार कर रहा है। पीएम मोदी ने कहा कि वह भारत-ऑस्ट्रेलिया द्विपक्षीय संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए उपयोगी विचार-विमर्श की प्रतीक्षा में हैं।
पीएम मोदी ने बुधवार को ट्वीट किया, 'भारत आपके आगमन का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। भारत-ऑस्ट्रेलिया की दोस्ती को आगे बढ़ाने के लिए उपयोगी विचार-विमर्श की प्रतीक्षा कर रहा है।'