न्यूज अपडेट्स: कोलकाता में काली पूजा समारोह के विवाद में फायरिंग, तमिलनाडु के उपसभापति पर मारपीट का आरोप
पश्चिम बंगाल में ब्लू टूरिज्म यानी तटीय और समुद्री पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को कई बड़ी घोषणाएं कीं। उन्होंने पूर्व मेदिनीपुर जिले में 27 किलोमीटर लंबे समुद्री तट को पर्यटन स्थलों के समूह के रूप में विकसित करने, नए होमस्टे के लिए पांच लाख रुपये की सब्सिडी देने और मछुआरों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की योजना का एलान किया।
दीघा में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर पैदा करना और मध्यम तथा निम्न मध्यम आय वर्ग के परिवारों के लिए सस्ती छुट्टियों की सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने हाल ही में दीघा-शंकरपुर विकास प्राधिकरण (DSDA) के अधिकार क्षेत्र का विस्तार तटीय इलाकों तक किया है।
27 किलोमीटर लंबे समुद्री तट का होगा विकास
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि पश्चिम बंगाल सरकार पूर्व मेदिनीपुर के तटीय क्षेत्र में तलपटी से उदयपुर तक 27 किलोमीटर लंबे समुद्री तट को कई पर्यटन स्थलों के समूह के रूप में विकसित करेगी। मुख्यमंत्री ने मछुआरों की सुरक्षा बढ़ाने के लिए भी कई उपायों की घोषणा की। इसके तहत दीघा स्थित डीएसडीए कार्यालय में हाई-फ्रीक्वेंसी कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा भीषण चक्रवाती तूफानों से निपटने के लिए मार्च तक राज्य पुलिस के 50 जवानों की एक विशेष इकाई बनाई जाएगी।
दीघा में हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की योजना
मुख्यमंत्री ने बताया कि सौला समुद्र तट से मंदारमणि और आगे पेटुआ तक विकास गतिविधियों का विस्तार करने की योजना तैयार की गई है। इन योजनाओं में नए पर्यटन स्थलों और होमस्टे का विकास, दीघा के अमरावती पार्क का सौंदर्यीकरण, बंद पड़े स्नेक पार्क को दोबारा शुरू करना और हेलीकॉप्टर सेवा का संचालन शामिल है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से तटीय इलाकों में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार होगा और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने राजनीतिक विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि झूठ फैलाने वालों को देवी हसनम्बा समुचित जवाब (दंड) देंगी। उन्होंने एक कार्यक्रम में लोगों से आगामी चुनावों में हासन जिले की सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस को समर्थन देने की अपील की। शिवकुमार ने बताया कि कांग्रेस को हासन में केवल एक विधानसभा सीट मिली है। उन्होंने सिद्धारमैया के नेतृत्व वाली सरकार की पांच गारंटी योजनाओं के जारी रहने की पुष्टि की। गृह लक्ष्मी योजना के तहत 7,000 करोड़ रुपये महिलाओं के खातों में भेजे गए हैं। राज्य सरकार ऐतिहासिक हसनम्बा मंदिर के विकास के लिए 20 करोड़ रुपये के अनुदान पर विचार कर रही है। मेकेदाटू परियोजना पर शिवकुमार ने तमिलनाडु से सहयोग मांगा, अनुमति नहीं। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने कर्नाटक के अधिकारों को बरकरार रखा है और राज्य तमिलनाडु को 177 टीएमसी कावेरी जल देने के लिए प्रतिबद्ध है।
हैदराबाद में दिवाली के दौरान पटाखे फोड़ने से आंखों में चोट लगने के मामले तेजी से बढ़े हैं। मेहदीपट्टनम स्थित सरकारी सरोजिनी देवी आई हॉस्पिटल में कम से कम 10 मरीजों को भर्ती कराया गया है, जबकि इनमें से 8 की सर्जरी की तैयारी है। अस्पताल की अधीक्षक डॉ. पी. मोडिनी के मुताबिक, दो मरीजों की हालत गंभीर है। वहीं, डॉ. सुप्रजा ने बताया कि रविवार को पटाखों से घायल 50 से 55 लोग ओपीडी में पहुंचे। उन्होंने आशंका जताई कि कॉर्निया को नुकसान पहुंचने के कारण केवल 50 प्रतिशत मरीजों की आंखों की रोशनी वापस आ पाएगी। अस्पताल में दिवाली के दौरान पटाखों से घायल लोगों के इलाज के लिए 25 बेड आरक्षित किए गए हैं। अस्पताल पहुंचे एक मरीज ने बताया कि पटाखा जलाते समय उसे दूर जाने का मौका नहीं मिला और विस्फोट से उसकी दोनों आंखें प्रभावित हुईं। डॉक्टरों ने अभिभावकों से बच्चों को पटाखे जलाते समय अकेला न छोड़ने और आंख में चोट लगने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है। उधर, मध्य प्रदेश के छतरपुर में भी पटाखों से झुलसने के करीब 35 से 40 मामले सामने आए हैं। इनमें बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी का इलाज जारी है।
ओडिशा के मयूरभंज में हाथी ने 55 वर्षीय व्यक्ति को कुचलकर मार डाला
ओडिशा के मयूरभंज जिले में सोमवार को जंगली हाथी के हमले में एक आदिवासी व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 55 वर्षीय लालमोहन नाइक के रूप में हुई है। घटना जोशीपुर थाना क्षेत्र के बंदिरापोशी गांव के पास जंगल में हुई। लालमोहन शौच के लिए जंगल गए थे, तभी उनका सामना हाथी से हो गया। हाथी ने उन्हें कुचलकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वन विभाग के कर्मचारियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए करणजिया उपमंडलीय अस्पताल भेज दिया है।
कोलकाता में पानी की पाइपलाइन फटी, कई इलाके जलमग्न
कोलकाता के उत्तरी इलाके में सोमवार को टल्लाह पंपिंग स्टेशन के पास कोलकाता नगर निगम (KMC) की पानी की पाइपलाइन फट गई। इससे आसपास के इलाकों में जलभराव हो गया और सर्कुलर रेलवे सेवाएं तत्काल रोक दी गईं। अधिकारियों के मुताबिक, टल्लाह रेलवे स्टेशन इसी मार्ग पर स्थित है। बिना बारिश के ही बनमाली सरकार स्ट्रीट, घोष बागान और टल्लाह स्टेशन के आसपास के इलाके पानी में डूब गए। हादसे के बाद बिजली के करंट से बचाव के लिए नगर निगम ने प्रभावित क्षेत्रों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। नगर आयुक्त स्मिता पांडे के नेतृत्व में निगम की टीमें मौके पर पहुंचकर मरम्मत और पानी के रिसाव को रोकने में जुटी हैं। निगम के अनुसार, रेलवे पुल के नीचे ट्रैक के पास मुख्य जलापूर्ति पाइपलाइन में बड़ा रिसाव हुआ है। इसके चलते सीआर एवेन्यू, राजाबाजार, पार्क सर्कस, एजेसी बोस रोड, कॉलेज स्ट्रीट, विधान सरणी, बालीगंज और कस्बा सहित कई इलाकों में पानी की आपूर्ति प्रभावित होने की आशंका है।
दिवाली के बाद भुवनेश्वर की हवा हुई खराब, AQI 206 पर पहुंचा
ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में दिवाली के बाद वायु गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है। सोमवार सुबह 11:30 बजे यहां एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 206 दर्ज किया गया, जबकि कोयला नगरी तालचर में यह 281 रहा। ओडिशा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, पटाखे फोड़ने के कारण भुवनेश्वर, कटक और अंगुल समेत कई शहरों में प्रदूषण बढ़ा है। कटक में AQI 192, अंगुल में 186, राउरकेला में 178 और बिलेइपाड़ा में 258 दर्ज किया गया। अधिकारियों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई है। सरकार ने ग्रीन पटाखे जलाने की अनुमति शाम 7 से 9 बजे तक दी थी, लेकिन कई जगह देर रात तक आतिशबाजी जारी रही।
भारत और लेबनान के बीच पहली विदेश कार्यालय स्तर की वार्ता
भारत और लेबनान ने सोमवार को नई दिल्ली में पहली बार विदेश कार्यालय स्तर की वार्ता आयोजित की। इस दौरान दोनों देशों ने द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा की और राजनीतिक-सुरक्षा, आर्थिक तथा सामाजिक-सांस्कृतिक क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी। वार्ता की सह-अध्यक्षता भारत की सचिव (सीपीवी एवं ओआईए) राजदूत श्रीप्रिया रंजनाथन और लेबनान के विदेश एवं प्रवासी मामलों के मंत्रालय के महासचिव राजदूत अब्देल सत्तार इस्सा ने की। दोनों देशों ने व्यापार और निवेश, डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर तथा फार्मास्यूटिकल्स के क्षेत्र में सहयोग को प्राथमिकता देने पर सहमति जताई। इसके अलावा क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। यह बैठक ऐसे समय हुई है, जब राजदूत श्रीप्रिया रंजनाथन 16 से 21 अगस्त तक मिस्र, फिलिस्तीन और लेबनान की आधिकारिक यात्रा पर गई थीं। 21 अगस्त को बेरूत में उन्होंने लेबनान के विदेश मंत्रालय के महासचिव अब्देल सत्तार इस्सा और प्रधानमंत्री नवाफ सलाम से मुलाकात की थी। इन बैठकों में भी दोनों देशों के संबंध मजबूत करने और क्षेत्रीय घटनाक्रम पर चर्चा हुई थी।
नौसैनिक अभ्यास 'नसीम अल बह्र' में हिस्सा आईएनएस सूरत लेगा
भारतीय नौसेना का युद्धपोत आईएनएस सूरत रविवार को ओमान की राजधानी मस्कट पहुंचा। यहां वह भारत और ओमान के बीच होने वाले 15वें द्विपक्षीय समुद्री अभ्यास 'नसीम अल बह्र' (समुद्री हवा) में हिस्सा लेगा। इसके बाद भारतीय नौसेना और रॉयल नेवी ऑफ ओमान के बीच समन्वित गश्त (कॉर्पैट) आयोजित की जाएगी। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, अभ्यास के दौरान बंदरगाह और समुद्री चरणों में पेशेवर गतिविधियां, क्रॉस-डेक दौरे, परिचालन संबंधी बातचीत और खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इसका उद्देश्य दोनों देशों की नौसेनाओं के बीच तालमेल, आपसी समझ और अनुभवों का आदान-प्रदान बढ़ाना है। यह यात्रा भारत की महासागर (महासागरों में क्षेत्रीय सुरक्षा और विकास के लिए पारस्परिक एवं समग्र उन्नति) की परिकल्पना के अनुरूप है। भारत और ओमान ने रक्षा सहयोग, संयुक्त तकनीकी विकास, रक्षा उत्पादन और हिंद महासागर क्षेत्र की सुरक्षा मजबूत करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई है।
केरलम के कोट्टायम में तीन युवकों ने नौवीं कक्षा के 15 वर्षीय छात्र को धमकाकर उसकी मां के करीब 24 लाख रुपये कीमत के 24 तोला सोने के गहने घर से चोरी करवा लिए। तीनों आरोपी अंसल मोहम्मद, निथिन निशाद और शेबिन अब्राहम (18) छात्र के पूर्व स्कूल के विद्यार्थी और ट्यूशन सेंटर के परिचित थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी मार्च से छात्र को झूठे केस में फंसाने और उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। डर के कारण छात्र ने कई किस्तों में सोने के गहने उन्हें सौंप दिए। मां को गहने गायब मिले तो छात्र ने पूरी बात बता दी। पिता की शिकायत पर पुलिस ने रविवार को तीनों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गहनों के ठिकाने का पता लगा रही है।
हैदराबाद में तेलंगाना की एंटी-नारकोटिक्स यूनिट ईगल फोर्स ने 30 वर्षीय बांग्लादेशी महिला और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर उनके घर से एक ग्राम सिंथेटिक ड्रग बरामद की। पुलिस के मुताबिक, महिला गोवा से ड्रग्स लेकर हैदराबाद पहुंची थी और गोवा के आकाश नामक सप्लायर से संपर्क में थी। वह 2021 से भारत आ रही थी और कथित तौर पर वेश्यावृत्ति व ड्रग्स तस्करी में शामिल थी। महिला ने फर्जी आधार और पैन कार्ड बनवा रखे थे। वह अपने परिचितों और ग्राहकों को भी ड्रग्स बेचती थी। गोवा का सप्लायर फिलहाल फरार है और मामले की जांच जारी है।
मणिपुर हाईकोर्ट ने राज्य में जनगणना 2027 की प्रक्रिया को 30 अप्रैल 2027 तक स्थगित रखने का निर्देश दिया है। अदालत ने यह फैसला मौजूदा हालात को देखते हुए जनगणना को लेकर उठाई गई चिंताओं और विभिन्न पक्षों की ओर से दिए गए अभ्यावेदनों पर विचार लंबित रहने के दौरान सुनाया। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि जनगणना प्रक्रिया को स्थगित रखने संबंधी मौजूदा अधिसूचनाएं बिना किसी बदलाव के 30 अप्रैल 2027 तक लागू रहेंगी।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने निकाली पदयात्रा
तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने विकाराबाद जिले के कोडंगल स्थित लागाचेरला में पोलेपल्ली येल्लम्मा मंदिर से जनसभा स्थल तक पदयात्रा निकाली। इस दौरान वह मंदिर से पैदल चलकर जनसभा स्थल पहुंचे। यहां आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विभिन्न विकास कार्यों की आधारशिला रखेंगे। इसकी जानकारी तेलंगाना मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने दी।
तमिलनाडु में बस यात्रियों की सुरक्षा के लिए 17.99 करोड़ रुपये मंजूर
तमिलनाडु सरकार ने सरकारी बसों में यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने और उनकी रियल टाइम निगरानी के लिए 17.99 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं। मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने आठ परिवहन निगमों की 13,490 बसों में व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस और 13,776 इमरजेंसी पैनिक बटन लगाने की स्वीकृति दी है। परिवहन मंत्री ए. विजय तमिलन पार्थिबन ने 8 सितंबर को विधानसभा में इस योजना की घोषणा की थी। एआईएस-140 सुरक्षा मानकों के अनुरूप इन उपकरणों को केंद्रीय नियंत्रण केंद्र से जोड़ा जाएगा। इससे बसों की लोकेशन, रफ्तार और निर्धारित रूट की निगरानी हो सकेगी। आपात स्थिति में यात्री पैनिक बटन दबाकर तुरंत मदद मांग सकेंगे। कंट्रोल रूम बस की सटीक लोकेशन पता लगाकर स्थानीय पुलिस और संबंधित अधिकारियों को सहायता के लिए भेजेगा। इस योजना का उद्देश्य खासकर महिलाओं और बच्चों के लिए सार्वजनिक परिवहन को सुरक्षित बनाना है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजना जल्द लागू करने के निर्देश दिए हैं।
हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने नागरिकों के वित्तीय लेन-देन और निजी डेटा से जुड़ी संस्थाओं को साइबर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की अपील की है। उन्होंने सोमवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) की एडवाइजरी साझा करते हुए कहा कि एआई की मदद से होने वाले साइबर हमलों और हैकर गिरोहों के खतरे लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने बैंकों, वित्तीय संस्थानों, क्विक कॉमर्स और मोबिलिटी प्लेटफॉर्म से अपने सुरक्षा सिस्टम, प्रक्रियाओं और कर्मचारियों को मजबूत करने का आग्रह किया। सज्जनार ने कहा कि गोपनीय डेटा संभालने वाले सभी थर्ड पार्टी सिस्टम और सेवाओं पर भी मुख्य एप्लिकेशन की तरह सख्त सुरक्षा मानक लागू होने चाहिए। यह नागरिकों की वित्तीय सुरक्षा और उनकी समग्र भलाई के लिए बेहद जरूरी है।
केरलम के आबकारी विभाग ने कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर प्रस्तावित अर्थ लाउंज बार का एफएल-7 लाइसेंस मंजूर करने का अपना पुराना आदेश रद्द कर दिया है। यह फैसला राज्य सरकार के उस निर्देश के बाद लिया गया, जिसमें सभी नए शराब लाइसेंस आवेदनों पर 2026-27 की नई आबकारी नीति के तहत विचार करने को कहा गया है। निजी होटल समूह ने 23 जून 2026 को बार संचालन की अनुमति मांगी थी और इसके लिए 2 लाख रुपये वार्षिक लाइसेंस शुल्क भी जमा किया था। हालांकि, 3 नवंबर को जारी सरकारी निर्देश के मुताबिक, नए एफएल-7 लाइसेंस के लिए सरकार की पूर्व मंजूरी अनिवार्य होगी। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि शुरुआती स्वीकृति से बार संचालन की अनुमति नहीं मिलती थी, इसके लिए अंतिम लाइसेंस जरूरी था। कंपनी ऑनलाइन आवेदन कर जमा शुल्क वापस ले सकती है और नई शराब नीति घोषित होने के बाद दोबारा आवेदन कर सकती है।
उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन 15 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर ओडिशा पहुंचेंगे। इस दौरान वह राज्य विधानसभा के सदस्यों के लिए आयोजित विशेष प्रशिक्षण और अभिमुखीकरण कार्यक्रम का उद्घाटन करेंगे। ओडिशा के संसदीय कार्य मंत्री मुकेश महालिंग ने बताया कि 16 नवंबर को आयोजित होने वाले इस एक दिवसीय कार्यक्रम में तीन सत्र होंगे। पहले सत्र में उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन के साथ राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष भी शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विधानसभा सदस्यों को संसदीय प्रक्रियाओं और विधायी कार्यों से संबंधित प्रशिक्षण एवं जानकारी प्रदान करना है।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने लेक कालीबाड़ी पहुंचकर मां काली की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने कहा कि भवानीपुर में 132 स्थानों पर काली पूजा का आयोजन किया जा रहा है। अधिकारी ने चुनावी सफलता का जिक्र करते हुए कहा कि यह सनातनियों की एकता को दर्शाती है। उन्होंने पूजा के दौरान धार्मिक एकजुटता और सामूहिक भागीदारी को भी रेखांकित किया।
दिवाली की छुट्टियां खत्म होते ही चेन्नई लौटे लाखों लोग
तमिलनाडु के चेंगलपट्टू में दिवाली की छुट्टियां खत्म होने के बाद दक्षिणी जिलों से एक साथ लाखों लोगों के चेन्नई लौटने के कारण जीएसटी रोड पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया। सोमवार शाम करीब 7:41 बजे की तस्वीरों में सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दीं। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों के शहर लौटने से यातायात प्रभावित हुआ और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
काली पूजा के विवाद में हवाई फायरिंग, एक हिरासत में
कोलकाता के सरसुना इलाके में काली पूजा समारोह को लेकर हुए विवाद के बाद हवाई फायरिंग करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार, घटना रविवार रात रक्षित पाड़ा में हुई, जहां आरोपी की एक स्थानीय निवासी से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर हैंडगन निकालकर हवा में दो गोलियां चलाईं और मौके से फरार हो गया। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने दो खाली कारतूस बरामद किए हैं, जबकि हथियार अभी तक नहीं मिला है। मामले में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है। पुलिस हिरासत में आरोपी से पूछताछ कर रही है कि उसे हथियार कहां से मिला और क्या इस घटना में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था। अधिकारी ने बताया कि जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तमिलनाडु के उपसभापति पर मारपीट का आरोप
तमिलनाडु के उपसभापति रवि शंकर पर एक व्यक्ति के साथ कथित मारपीट के मामले में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। DMK प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने आरोप लगाया कि पीड़ित ने संभवतः किसी स्थानीय समस्या को लेकर TVK विधायक से सवाल किया था, लेकिन विधायक खुद को जनता का प्रतिनिधि नहीं, बल्कि राजा समझते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि शायद इसी वजह से व्यक्ति की पिटाई की गई। वहीं, राज्य के मंत्री राजमोहन ने वीडियो जारी करने वाले व्यक्ति के बयानों में विरोधाभास का हवाला देते हुए मामले में राजनीतिक हस्तक्षेप की आशंका जताई। उन्होंने वीडियो सबसे पहले किसे भेजा गया और किस पर दबाव बनाने के लिए इस्तेमाल किया गया, इसकी जांच की मांग की। मंत्री ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष जांच करेगी। पुलिस को धमकी देने के आरोपों की भी जांच होगी और दोष साबित होने पर उचित कार्रवाई की जाएगी।
चेन्नई की अन्ना सेंटेनरी लाइब्रेरी में किताबों की खरीद में कथित घोटाले का मामला सामने आया है। सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय (DVAC) ने आरोपों की जांच शुरू कर दी है। इस सिलसिले में संबंधित ठिकानों पर तलाशी भी ली गई है।
#WATCH | Chennai, Tamil Nadu: The Directorate of Vigilance and Anti-Corruption (DVAC) launched an inquiry and searches linked to the Anna Centenary Library in Chennai following allegations of Book procurement scam. (Outside visuals from the library) https://t.co/dX5sYivk8G
— ANI (@ANI) November 9, 2026
कोलकाता के गरिया इलाके के फर्ताबाद में 25 वर्षीय युवक की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में उसकी प्रेमिका और प्रेमिका की मां को गिरफ्तार किया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, घटना के पीछे लिव-इन रिश्ते से जुड़ा विवाद बताया जा रहा है।
#WATCH | Kolkata: 25-year-old man allegedly hacked to death in live-in relationship dispute in Garia's Fartabad area; Girlfriend and her mother arrested. The accused's grandmother, Swapna Bose, said, "All of this happened within 10 minutes. I heard that the young man had arrived here after an argument with his mother at his own home...then, around pm, they went out to buy firecrackers. They returned home at pm. My daughter had arrived home around pm, and they returned an hour after her...they were sitting in the room; my daughter had brought a speaker home from her office, and they were playing music on it at a very high volume...at first, I heard shouting and arguing—my daughter and my granddaughter were quarrelling. Then, my daughter slapped my granddaughter. Following this, I saw my granddaughter hitting my daughter...nothing happened right in front of us that day. Suddenly, the boy started screaming...I went into the room and saw the boy...he was losing a lot of blood. I called out to some people outside...we informed the local club, and they notified the police...my granddaughter isn't a bad person either, but she has a bad temper. She struggles to keep her anger under control."
— ANI (@ANI) November 9, 2026
मणिपुर में दिवाली पारंपरिक उत्साह के साथ मनाई गई। लोगों ने घरों को रोशनी से सजाया और मंदिरों में दीप जलाए। इस दौरान मिठाइयां बांटी गईं और पटाखे भी जलाए गए। वहीं, मणिपुर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीमों ने विभिन्न इलाकों में ध्वनि प्रदूषण के स्तर की निगरानी की।
Imphal, Manipur: Deepawali was celebrated across Manipur with traditional fervour, as people illuminated homes, decorated temples, exchanged sweets and burst firecrackers. Meanwhile, Manipur Pollution Control Board teams monitored noise levels across different areas. https://t.co/EBTpazFy5O
— IANS (@ians_india) November 9, 2026
बंगलूरू के दो अस्पतालों में दिवाली के दौरान पटाखों से आंखों में चोट लगने के 51 मामले सामने आए हैं। इनमें बच्चे और पटाखे जलाते समय आसपास मौजूद लोग भी शामिल हैं। नारायण नेत्रालय में सात से नौ नवंबर के बीच 31 मरीज पहुंचे। इनमें 15 बच्चे और 16 वयस्क थे। अस्पताल के अनुसार, 23 लोगों को खुद पटाखे जलाते समय चोट लगी, जबकि आठ लोग आसपास मौजूद होने के कारण घायल हुए। एक मरीज की सर्जरी करनी पड़ी। वहीं, मिंटो नेत्र अस्पताल में छह से नौ नवंबर के बीच चोट के 20 मामले दर्ज किए गए। इनमें 12 मरीजों को गंभीर और आठ को सामान्य चोट आई। चार मरीज अस्पताल में भर्ती किए गए, जिनमें दो की सर्जरी हुई। डॉक्टरों ने अभिभावकों से बच्चों को अकेले पटाखे न जलाने देने और लोगों से सुरक्षा चश्मा पहनने की अपील की है।