Election Result 2022: चार राज्यों में भाजपा की वापसी, पंजाब में आप का परचम, जानें पल-पल के ताजा अपडेट्स
उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत पांच राज्यों के चुनावी नतीजे आज घोषित किए जा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन ने 102 मिनट में बहुमत का आंकड़ा छू लिया। वहीं पंजाब में आम आदमी पार्टी को भारी बहुमत के साथ जीत मिलने जा रही है। मणिपुर में बात करें तो यहां भी भाजपा आगे चल रही है। गोवा में भाजपा आगे चल रही है। उत्तराखंड में भी भाजपा भारी बढ़त के साथ आगे बढ़ रही है।
विस्तार
पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के परिणाम तेजी से आने लगे हैं। पांच में से चार राज्यों में भाजपा की सरकार बनती दिखाई दे रही है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर शामिल हैं। उत्तर प्रदेश में भाजपा गठबंधन ने तो 102 मिनट में ही बहुमत का आंकड़ा छू लिया था। जबकि पंजाब में आम आदमी पार्टी ने परचम लहराया है। यहां भगवंत मान मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। बात करें कांग्रेस की तो पार्टी को पांचों राज्यों में निराशा हाथ लगी है। आइए जानते हैं पांच राज्यों का ताजा हाल...
यूपी का ताजा हाल
उत्तर प्रदेश विधान चुनाव के परिणाम आने जारी हैं। राज्य में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी सरकार बनाने जा रही है। इस बार जहां समाजवादी पार्टी ने पिछले चुनाव के मुकाबले बेहतर तो किया है लेकिन बहुमत से काफी पीछे रह गई है। सबसे शर्मनाक स्थिति बसपा और कांग्रेस के लिए है जो कि पांच सीटें जीतने में भी सफल नहीं हो पा रही है।
उत्तर प्रदेश-403/403(2022)
चुनाव आयोग के आंकड़े
2017 में यूपी चुनाव का परिणाम
उत्तर प्रदेश में 2017 के विधानसभा चुनाव में एनडीए गठबंधन को कुल 403 में से 325 सीटें मिली थीं। इनमें से अकेले भाजपा को 312 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं एनडीए की अन्य दो सहयोगी पार्टियों में अपना दल(सोनेलाल) को 9 सीटों पर तो भारतीय सुलहदेव समाज पार्टी को 4 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं कांग्रेस और सपा गठबंधन को 54 सीटों पर संतोष करना पड़ा था जिसमें कि सपा को 47 सीटें तो कांग्रेस को 7 सीटें मिली थीं। वहीं बसपा को 19 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं तीन निर्दलीय उम्मीदवारों सहित कुल छह सीटें अन्य के खाते में गई थी।
पंजाब का ताजा हाल
पंजाब में आम आदमी पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिल गया है। वहीं इस बार के परिणाम में पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह से लेकर वर्तमान सीएम चरणजीत सिंह चन्नी को हार का सामना करना पड़ा है। इसके अलावा शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को भी करारी हार मिली है। कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू भी हार गए हैं।
पंजाब-117/117(2022)चुनाव आयोग के आंकड़े
पंजाब में 2017 के चुनाव परिणाम
बता दें कि वर्तमान में राज्य सरकार का नेतृत्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी कर रहे हैं। इससे पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री थे। पंजाब में विधानसभा की कुल 117 सीटें हैं। राज्य में साल 2017 में विधानसभा चुनाव का देखें तो कांग्रेस को 77 सीटों पर विजय प्राप्त हुई थी। जबकि पंजाब चुनावों में पहली बार उतरी आम आदमी पार्टी 20 सीटें जीतकर राज्य की दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बन गई थी। वहीं शिरोमणि अकाली दल और भाजपा के गठबंधन को कुल 18 सीटें मिली थीं। जिनमें शिरोमणि अकाली दल को 15 और भाजपा को 3 सीटें मिली थीं। लोक इंसाफ़ पार्टी ने दो सीटों पर जीत हासिल की थी। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी ने 2017 में लोक इंसाफ पार्टी के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ा था, लेकिन बाद में गठबंधन टूट गया था।
उत्तराखंड का ताजा हाल
उत्तराखंड में भाजपा को बहुमत मिल गया है। भाजपा ने अब तक 30 सीटों पर जीच दर्ज कर ली है। वहीं कांग्रेस को 12 सीटों पर जीत मिली है। यहां बहुजन समाज पार्टी को भी एक सीट पर जीत मिली है। हालांकि, भाजपा नेता व सीएम पुष्कर सिंह धामी खुद अपनी सीट बचाने में कामयाब नहीं हो पाए हैं। खटीमा सीट से उन्हें कांग्रेस के भुवन कापड़ी ने हराया है। धामी की हार के साथ उत्तराखंड में मुख्यमंत्रियों की हार का सिलसिला भी बरकरार रहा। पहले भुवन चंद्र खंडूरी, फिर हरीश रावत तो अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मुख्यमंत्री रहते हुए अपनी विधानसभा सीट को नहीं बचा पाए हैं।
उत्तराखंड-70/70(2022)
2017 में उत्तराखंड की स्थिति
साल 2017 में उत्तराखंड में भाजपा को कुल 70 सीटों में 57 सीटें मिली थीं। इसके बाद दूसरे नंबर की पार्टी कांग्रेस रही जिसे कि 11 सीटें मिली थीं। वहीं अन्य को दो सीटें मिली थीं।
मणिपुर का ताजा हाल
मणिपुर में भाजपा 21 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 11 पर आगे चल रही है। वहीं कांग्रेस को 4 सीटों पर जीत मिल चुकी है। अब तक 42 सीटों के नतीजे आ चुके हैं।
मणिपुर-60/60(2022)
2017 में मणिपुर की स्थिति
साल 2017 में मणिपुर में कांग्रेस को कुल 60 सीटों में 28 सीटें मिली थीं। इसके बाद दूसरे नंबर की पार्टी भाजपा रही जिसे कि 21 सीटें मिली थीं। वहीं अन्य को 11 सीटें मिली थीं।
गोवा का ताजा हाल
गोवा-40/40(2022)
2017 में गोवा की स्थिति
साल 2017 में गोवा में कांग्रेस को कुल 40 सीटों में 17 सीटें मिली थीं। इसके बाद दूसरे नंबर की पार्टी भाजपा रही जिसे कि 13 सीटें मिली थीं। इसके अलावा एनसीपी ने यहां एक, महाराष्ट्रवादी गोमांतक पार्टी ने 3, गोवा फोरवार्डी पार्टी को 3 और निर्दलीयों ने 3 सीटों पर जीत हासिल की है। हालांकि आम आदमी पार्टी को शून्य सीट मिली थी।