गिरफ्तार आतंकियों का खुलासा, आईएस के निशाने पर थे हुर्रियत कांफ्रेंस के नेता
आतंकी संगठन आईएस के आतंकियों के निशाने पर हुर्रियत कांफ्रेंस के नेता थे। यह खुलासा श्रीनगर से गिरफ्तार आईएस के तीन आतंकियों ने किया है। ये एक-एक कर हुर्रियत नेताओं की हत्या करना चाहते थे। हालांकि सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों ने हुर्रियत नेताओं के नाम बताने से इनकार कर दिया है।
खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘ पूछताछ में आतंकियों ने बताया कि वे अब तक तीन लोगों को टारगेट बनाकर हत्या कर चुके हैं। आईएस का आका उजेफा है, जो इस समय अफगानिस्तान में बैठकर संगठन चला रहा है। वह इस्लामिक स्टेट (आईएस) में बड़े स्तर का कमांडर है। उजेफा के निर्देश पर ही ये आतंकी वारदात को अंजाम देते थे। आईएस के सभी आतंकियों के नाम कोड वर्ड में हैं।
सितंबर में पकड़े गए थे दोनों आतंकी
स्पेशल सेल के अधिकारी के मुताबिक, आईएस के आतंकी बीबीएम पर बात करते हैं। इन्होंने बीबीएम पर एक ग्रुप बना रखा है। इसके अलावा, ये आपस में ईमो, टेलीग्राम और थीमा एप के जरिये बात करते थे।। इन एप में चैटिंग स्वत: ही डिलीट होती जाती है। ये बात करने के लिए कई मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते थे।
बता दें कि इस साल सितंबर में आईएसजेके के दो आतंकी परवेज व जमशीद जामा मस्जिद इलाके से पकड़े गए थे। तभी से अन्य आतंकियों की तलाश चल रही थी। इसके बाद, शनिवार को जम्मू-कश्मीर से मुश्ताक खान, ताहिर अहमद खान और आसिफ को गिरफ्तार किया गया था।