{"_id":"60abd5b88ebc3e3fa74f9302","slug":"antilia-case-mansukh-hiren-death-case-mumbai-police-dismisses-police-constable-vinayak-shinde","type":"story","status":"publish","title_hn":"एंटीलिया मामला : मुंबई पुलिस ने कांस्टेबल विनायक शिंदे को सेवा से किया बर्खास्त, सचिन वाजे का साथ देने का है आरोप","category":{"title":"India News","title_hn":"देश","slug":"india-news"}}
एंटीलिया मामला : मुंबई पुलिस ने कांस्टेबल विनायक शिंदे को सेवा से किया बर्खास्त, सचिन वाजे का साथ देने का है आरोप
Mon, 24 May 2021 10:05 PM IST
संजीव कुमार झा
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, मुंबई
Published by: संजीव कुमार झा
Updated Mon, 24 May 2021 10:05 PM IST
सार
विनायक शिंदे को संविधान की धारा 311(2)(बी) के तहत बर्खास्त किया गया है। शिंदे पर आरोप है कि उसने एंटीलिया मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाजे का साथ दिया था।
विज्ञापन
- फोटो : Amar Ujala
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर एंटीलिया के बाहर विस्फोटक से लदी कार खड़ी करने और कारोबारी मनसुख हिरेन की हत्या के मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार कांस्टेबल विनायक शिंदे को भी पुलिस की नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। बता दें कि इस मामले में पुलिस अधिकारी सचिन वाजे को भी सेवा से बर्खास्त किया गया था। विनायक शिंदे को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (पश्चिमी क्षेत्र) संदीप कार्णिक ने संविधान की धारा 311(2)(बी) के तहत बर्खास्त किया है।
विज्ञापन
एक अधिकारी ने बताया कि मनसुख हिरेन हत्याकांड मामले में आरोपी मुंबई पुलिस के कांस्टेबल विनायक शिंदे को सोमवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया। उन्होंने कहा कि इससे पहले मुंबई पुलिस के निरीक्षक सचिन वाजे और उसके सहयोगी सहायक पुलिस उप निरीक्षक रियाज हिसामुद्दीन काजी को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था।
विज्ञापन
बता दें कि वाजे और काजी उद्योगपति मुकेश अंबानी के घर के पास गाड़ी से विस्फोटक सामग्री मिलने और व्यापारी मनसुख हिरन की हत्या के मामले में आरोपी हैं और एनआईए ने दोनों को गिरफ्तार किया था।
विज्ञापन
गौरतलब है कि बीती 25 फरवरी को अंबानी के घर के पास जिस गाड़ी से विस्फोटक मिला था, उसका मालिक कथित तौर पर मनसुख हिरेन था। बाद में पांच मार्च को हिरेन की लाश ठाणे जिले में बरामद हुई थी।
रियाज हिसामुद्दीन काजी शुक्रवार को हुए थे बर्खास्त
वहीं इससे पहले शुक्रवार को सहायक पुलिस निरीक्षक रियाज हिसामुद्दीन काजी को शुक्रवार को सेवा से बर्खास्त कर दिया गया था। एक अधिकारी ने इस बारे में बताया। उन्होंने बताया कि मुंबई के पुलिस आयुक्त ने संविधान के अनुच्छेद 311 (दो) (बी) के तहत मुंबई अपराध शाखा में कार्यरत सचिन वाजे के पूर्व सहयोगी काजी को बर्खास्त कर दिया। इस अनुच्छेद के तहत किसी सरकारी अधिकारी को बिना विभागीय जांच के सेवा से हटाया जा सकता है।
क्या है एंटीलिया मामला
बता दें कि 25 फरवरी को उद्योगपति मुकेश अंबानी के आवास एंटीलिया से कुछ दूरी पर एक स्कॉर्पियो कार बरामद हुई थी। जिसके अंदर जिलेटिन की छड़े रखी हुई थी। इस मामले की प्रारंभिक जांच सचिन वाजे को सौंपी गई थी। बाद में वाजे को इस केस से हटा दिया गया था और मामले की जांच एनाआईए ने अपने हांथों में ले ली थी। सचिन वाजे के खिलाफ ठाणे के बिजनेसमैन मनसुख हिरेन की संदिग्ध मौत की भी जांच हो रही है। जो स्कॉर्पियो कार मुकेश अंबानी के घर के बाहर मिली थी वह मनसुख हिरेन की थी मनसुख हिरेन 5 मार्च को मृत पाए गए थे।
जानिए वाजे कैसे आया था एनआईए की गिरफ्त में
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने सचिन वाजे को स्कॉर्पियो कांड में 13 मार्च को गिरफ्तार किया था। इसके बाद 27 दिन लंबी पूछताछ में एनआईए को जिलेटिन विस्फोटक की छड़ों से भरी स्कॉर्पियो को अंबानी के आवास एंटीलिया के पास लावारिस हालत में खड़ी करने के पीछे की पूरी कहानी पता चली। एनआईए की टीम ने फिलहाल यह बात सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, वाजे की योजना कुछ बदमाशों को उठाकर उनका एनकाउंटर करने की थी।
इसके बाद वाजे स्कॉर्पियो खड़ा करने का आरोप इन बदमाशों के सिर डालकर वाहवाही लेना चाहता था। सूत्रों के मुताबिक, एनकाउंटर औरंगाबाद से चोरी की गई मारुति इको कार में किया जाना था। एनआईए को शक है कि इस एनकाउंटर में मनसुख हिरेन के अलावा दिल्ली के एक बदमाश को भी मारने की योजना थी।
दरअसल एक समय मुंबई पुलिस के स्टार अधिकारियों में रहा वाजे लंबे समय तक निलंबित रहने के कारण लाइमलाइट से बाहर था। इस एनकाउंटर के जरिये वाजे दोबारा वही दर्जा हासिल करना चाहता था। लेकिन वाजे की योजना सफल होने से पहले ही केस को एनआईए ने अपने हाथ में ले लिया और सारा खेल खराब हो गया।