Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   India News ›   Anti-Sikh riots remain tragic and shameful chapter in country's history: Sonia Gandhi

सोनिया की किताब में 1984 के दंगों का जिक्र: दिल्ली में कैसे भड़की थी हिंसा? न्याय व्यवस्था पर भी उठाए सवाल

Tue, 10 Nov 2026 06:10 PM IST
निर्मल कांत पीटीआई, नई दिल्ली।
पीटीआई, नई दिल्ली। Published by: निर्मल कांत Updated Tue, 10 Nov 2026 06:10 PM IST
सार

कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी ने अपनी किताब में 1984 के दंगों का जिक्र किया है और इसे देश के इतिहास का दुखद और शर्मनाक अध्याय बताया है। अपनी किताब में उन्होंने दंगों के दौरान राजीव गांधी की भूमिका और सिखों की सुरक्षा के लिए उनकी कोशिशों का जिक्र किया है। उन्होंने बताया कि दंगों में कितने लोगों की जान गई थी। इतने जांच आयोग और समितियां बनने के बाद भी पीड़ितों को न्याय क्यों नहीं मिल पाया? विस्तार से पढ़िए इस रिपोर्ट में। 

विज्ञापन
Anti-Sikh riots remain tragic and shameful chapter in country's history: Sonia Gandhi
सोनिया गांधी की आत्मकथा 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' प्रकाशित - फोटो : अमर उजाला ग्राफिक/पीटीआई

विस्तार

कांग्रेस नेता सोनिया गांधी ने 1984 के सिख विरोधी दंगों को देश के इतिहास का 'दुखद और शर्मनाक' अध्याय बताया है। उन्होंने कहा कि उनके पति राजीव गांधी के मन में न तो कोई भेदभाव था और न ही किसी के प्रति दुश्मनी। लेकिन वह देश के इतिहास के ऐसे दौर में प्रधानमंत्री बने, जब शासन व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई थी। इसके बाद बर्बर घटनाएं हुईं।
विज्ञापन


सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' में 1984 के दंगों का जिक्र किया है। उन्होंने लिखा है कि (तत्कालीन प्रधानमंत्री) इंदिरा गांधी की हत्या की खबर तेजी से फैल गई थी। पंजाब और देश के दूसरे हिस्सों में कई लोगों ने पहले जरनैल सिंह भिंडरावाले और उसके साथियों के खात्मे का स्वागत किया था। 
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: सोनिया की किताब में खुलासा: पहले बेटे की हुई थी मौत, फूट-फूटकर रोए थे राजीव; इंदिरा को रद्द करना पड़ा था दौरा
विज्ञापन
विज्ञापन


सोनिया के मुताबिक, वे लोग आतंक और हत्या के जरिये देश को तोड़ने की कोशिश कर रहे थे। लेकिन इंदिरा गांधी की हत्या के बाद कई लोगों में आक्रोश फैल गया। माहौल बिगड़ने लगा। दोपहर तक दिल्ली और आसपास के इलाकों में दंगे शुरू हो गए। निर्दोष सिखों के खिलाफ हिंसा की गई।

दंगों में कितने लोगों की जान गई थी?
सोनिया गांधी लिखती हैं, राजधानी दिल्ली में ही 2,000 से ज्यादा लोगों की जान चली गई। उनके साथ बेहद क्रूरता और बेरहमी की गई। कई सिखों की दुकानें और घर लूट लिए गए या जला दिए गए।

प्रधानमंत्री बनने के बाद राजीव गांधी ने क्या किया?
सोनिया गांधी के मुताबिक, उसी रात राजीव गांधी राष्ट्रीय टेलीविजन पर आए। उन्होंने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद यह उनका लगभग पहला सार्वजनिक काम था। वह तनाव से प्रभावित इलाकों में भी गए। उनके स्टाफ के सदस्य अपने सिख साथियों को ढूंढने निकले। वे यह सुनिश्चित करना चाहते थे कि सभी सुरक्षित हैं।

सोनिया लिखती हैं कि राजीव 1 नवंबर को फिर बाहर गए। उन्होंने आम लोगों से बातचीत की। उनसे बदला लेने से बचने की अपील की। सोनिया गांधी ने अपनी किताब में बताया है कि 2 नवंबर को राजीव गांधी ने देशभर में टेलीविजन के जरिये एक और अपील की। इसमें उन्होंने इंदिरा गांधी के शब्द याद दिलाए थे- 'खून मत बहाओ, नफरत बहाओ।'

दंगों के दौरान सोनिया की क्या हालत थी?
सोनिया गांधी लिखती हैं, उन दर्दभरी रातों को याद करने पर उन्हें बहुत कम बातें साफ याद आती हैं। इंदिरा गांधी की हत्या का सदमा और डर उनके मन में छाया हुआ था। उन्हें राजीव गांधी और अपने बच्चों की जान की चिंता सता रही थी।

वह आगे लिखती हैं, 'एक बात को लेकर मुझे पूरा भरोसा है। राजीव अपने स्वभाव से न्यायप्रिय और दयालु थे। वह निर्दोष पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के खिलाफ ऐसे घिनौने कृत्यों की किसी भी तरह से अनुमति नहीं दे सकते थे। व्यक्तिगत रूप से बेहद दुख के उस समय में उनकी स्वाभाविक और तत्काल प्रतिक्रिया भी इसी बात को साबित करती है।'

वह आगे लिखती हैं, 'लेकिन उनके मन में न तो कोई भेदभाव था और न ही किसी के प्रति दुश्मनी। इसके बावजूद इस बात से इनकार नहीं किया जा सकता कि वह देश के इतिहास के ऐसे दौर में प्रधानमंत्री बने, जब प्रभावी शासन व्यवस्था पूरी तरह लड़खड़ा गई थी और इसके बाद बर्बर घटनाएं हुईं।'

शासन व्यवस्था को क्यों जिम्मेदार बताया?
सोनिया गांधी लिखती हैं कि पीछे मुड़कर देखने पर साफ पता चलता है कि उस समय व्यवस्था में बहुत बड़ा उथल-पुथल हुआ था। सरकार का ढांचा दबाव में आ गया था। शायद वह पूरी तरह टूट भी गया था। वह 1984 के दंगों को देश के इतिहास का दुखद और शर्मनाक अध्याय बताती हैं।

ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने खोले राज: बताया दो बार किया कैंसर का सामना; बेहोशी की हालत में राजीव गांधी को किया महसूस

उन्होंने किताब में (तत्कालीन प्रधानमंत्री) राजीव गांधी के संसद में दिए गए बयान का भी जिक्र किया है। राजीव गांधी ने कहा था- 'नवंबर 1984 का भयानक खूनखराबा एक ऐसा नरसंहार था, जो हमेशा सभी सभ्य भारतीयों की अंतरात्मा पर बोझ बना रहेगा। यह एक दर्दनाक बदलाव के दौर में हुआ था। लेकिन यह कोई ऐसी परिस्थिति नहीं है, जिसके आधार पर इस घटना को सही ठहराया जा सके। हम खुद को माफ नहीं कर सकते। ऐसा कभी नहीं होना चाहिए था।'

जांच के लिए कितने आयोग और समितियां बनीं?
सोनिया गांधी लिखती हैं कि उस समय और उसके बाद के वर्षों में कई जांच आयोग बनाए गए। कांग्रेस और गैर-कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में भी ये आयोग गठित हुए। कई लोगों के खिलाफ आपराधिक मामले शुरू किए गए। इनमें कांग्रेस पार्टी के कई सदस्य भी शामिल थे। उन पर हिंसा भड़काने या उसे अंजाम देने के निर्देश देने के आरोप लगे थे।

सोनिया के मुताबिक, हिंसा में शामिल आरएसएस के सदस्यों के खिलाफ भी कई मामले दर्ज किए गए। वह लिखती हैं, 'गंभीर अपराध की शिकायत दर्ज करने और न्याय की प्रक्रिया शुरू करने के लिए पुलिस ने सैकड़ों एफआईआर दर्ज की थीं। इनमें से केवल चार या पांच मामलों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई। उनमें से एक व्यक्ति अब भी अपनी सजा काट रहा है।'


सोनिया आगे लिखती हैं, चार जांच आयोग, नौ समितियां और दो विशेष जांच दल (एसआईटी) बनने के बाद भी मामले अदालतों में लंबित हैं। पीड़ितों को अब तक न्याय मिलना मुश्किल रहा है।

सिख समुदाय और कांग्रेस के संबंधों पर क्या बोलीं सोनिया?
सोनिया गांधी ने कहा, कांग्रेस ने हमेशा देश के लिए सिख समुदाय के बड़े योगदान को गर्व के साथ स्वीकार किया है। इसके बाद हुए चुनावों में सिख समुदाय ने भी पार्टी पर अपना भरोसा जताया। वह लिखती हैं, पंजाब के सिखों ने इस त्रासदी के बाद कई बार कांग्रेस को विधानसभा में वापस सत्ता तक पहुंचाया। वे कई टिप्पणीकारों से बेहतर एक अहम सच्चाई समझते थे। सोनिया के मुताबिक, '1984 का भयानक नरसंहार सिख समुदाय के खिलाफ किसी पुरानी दुश्मनी का हिस्सा नहीं था। न तब और न कभी।'

न्याय व्यवस्था पर क्या सवाल उठाए?
सोनिया गांधी ने माना कि देश में न्याय मिलने की प्रक्रिया में व्यवस्था से जुड़ी खामियां रही हैं। लगातार आने वाली सरकारें भी इन खामियों को दूर करने में सफल नहीं हो पाई हैं। उन्होंने कहा कि देश में  न्याय दिलाने की प्रक्रिया में नाकामी एक ऐसी व्यवस्था की समस्या रही है, जिसे अलग-अलग सरकारें भी ठीक नहीं कर सकी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News apps, iOS Hindi News apps और Amarujala Hindi News apps अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed