आज के दिन: किसान निधि की 24वीं किस्त जारी करेंगे प्रधानमंत्री मोदी, भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का चौथा मैच
नमस्कार! आज है शुक्रवार, 30 अक्तूबर इस खबर के जरिए हम आपको बताएंगे कि आज देश-दुनिया में क्या कुछ होने वाला है? आइए जानते हैं...
विस्तार
आज 30 अक्तूबर 2026 को कार्तिक माह के कृष्ण पक्ष की पंचमी है। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात जा रहे हैं। यहां पीएम मोदी 'प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि' योजना की 24वीं किस्त जारी करेंगे। इसके साथ ही गृह मंत्री अमित शाह का लखनऊ दौरा है। वहीं, भारत-न्यूजीलैंड टी20 सीरीज का चौथा टी20 मैच भी आज दोपहर खेला जाएगा।
शुरुआत प्रधानमंत्री से। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त गुजरात के बनासकांठा से जारी करेंगे। यह कार्यक्रम सुबह 10 बजे से आयोजित होगा। 24वीं किस्त का लाभ 9.34 करोड़ से अधिक पात्र किसानों को मिलेगा। इसके लिए सरकार 18 हजार 680 करोड़ से अधिक की राशि का हस्तांतरण करेगी। लाभार्थियों को किस्त के पैसे डीबीटी के माध्यम से सीधे उनके बैंक खाते में दिए जाते हैं। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
विपक्ष का ‘जनता के बीच महाभियोग’ कार्यक्रम
विपक्षी गठबंधन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग तेज करने की तैयारी में है। शुक्रवार को दिल्ली में गठबंधन के ‘जनता के बीच महाभियोग’ कार्यक्रम आयोजित करेगा। यह कार्यक्रम कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास 10, राजाजी मार्ग पर होगा। इसका आयोजन एक नवंबर को होने वाली विपक्षी गठबंधन की संयुक्त रैली से पहले किया जाएगा। इस कार्यक्रम के जरिए विपक्ष मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्ष अपने आरोप और उन्हें पद से हटाने की मांग को सार्वजनिक मंच पर रखेगा। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह शुक्रवार से दो दिन के दौरे पर लखनऊ जाएंगे। वह इस दौरान विधानसभा चुनाव की संगठनात्मक तैयारियों की समीक्षा करेंगे। वह प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में भी हिस्सा लेंगे। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य, ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, भाजपा प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, चारों सह प्रभारी, यूपी के सभी केंद्रीय मंत्री, प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी और प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य मौजूद रहेंगे। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
दिलजीत दोसांझ का दिल्ली में कॉन्सर्ट
नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को अभिनेता-गायक दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट होना वाला है। इसे देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जा रहे हैं। लगभग 2000 प्राइवेट सुरक्षा कर्मियों को तैनात किया जाएगा और ट्रैफिक के कड़े नियम लागू किए जाएंगे। ये इंतजाम आयोजकों और दिल्ली पुलिस के बीच हुई बातचीत के बाद किए गए हैं। इससे पहले सुरक्षा संबंधी चिंताओं के कारण दिल्ली पुलिस ने इस शो के लिए दी जाने वाली अनुमति को कुछ समय के लिए रोक दिया था। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
अनंत सिंह से संबंधित मामले में सुनवाई
दुलारचंद यादव हत्याकांड में पटना उच्च न्यायालय से मोकामा विधायक अनंत सिंह को मिली जमानत रद्द करने की मांग वाली याचिका पर उच्चतम न्यायालय शुक्रवार को सुनवाई करेगा। याचिकाकर्ता और मृतक के पोते नीरज कुमार ने उच्चतम न्यायालय में याचिका दायर कर आरोप लगाया है कि उच्च न्यायालय ने अनंत सिंह के आपराधिक इतिहास पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)
तृणमूल के दोनों पक्षों के दावे सुनेगा चुनाव आयोग
निर्वाचन आयोग ने तृणमूल कांग्रेस के प्रतिद्वंद्वी गुटों को शुक्रवार को सुनवाई के लिए बुलाया है। अधिकारियों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के उपचुनावों में तृणमूल कांग्रेस के चुनाव चिह्न के इस्तेमाल पर रोक लगाए जाने के बाद यह पहली सुनवाई होगी।
दूसरी तिमाही के नतीजे जारी करेगी रिलायंस
रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड शुक्रवार को वित्त वर्ष 2027 की दूसरी तिमाही के अपने वित्तीय नतीजे घोषित करेगी। इसके साथ ही, कंपनी का बोर्ड नॉन-कन्वर्टिबल डिबेंचर के जरिए फंड जुटाने के प्रस्ताव पर भी विचार करेगा। बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स शुक्रवार, को बैठक करेगा। इस बैठक में 30 सितंबर, 2026 को समाप्त हुई तिमाही और छमाही के लिए स्टैंडअलोन और कंसोलिडेटेड (एकीकृत) अनऑडिटेड वित्तीय नतीजों पर विचार किया जाएगा और उन्हें मंजूरी दी जाएगी।
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज का चौथा मुकाबला आज ऑकलैंड में खेला जाएगा। चोट के कारण पिछले दो मैच में बाहर रहे ईशान किशन आज के मुकाबले में वापसी कर सकते हैं। मैच से पहले बीसीसीआई ने ऑकलैंड से प्रैक्टिस की तस्वीरें साझा की हैं। तस्वीरों में ईशान किशन भी बल्लेबाजी अभ्यास करते दिख रहे हैं। ऐसे में कयास लग रहे हैं कि उनकी अगले टी20 में प्लेइंग-11 में वापसी हो सकती है। भारतीय टीम सीरीज में पहले ही 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर चुकी है। (संबंधित खबर यहां पढ़ें)