{"_id":"11f05e80d5dc11c17eeb538a72e52cf7","slug":"park-will-made-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"वार्डों में बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए बनेंगे पार्क","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
वार्डों में बच्चों एवं बुजुर्गों के लिए बनेंगे पार्क
ब्यूरो/अमर उजाला, ऊना
Updated Thu, 03 Mar 2016 11:48 PM IST
विज्ञापन
स्थानीय नगर परिषद कार्यालय में नप की पहली बैठक वीरवार को अध्यक्ष अमरजोत सिंह बेदी की अध्यक्षता में हुई। इस अवसर पर विभिन्न वार्डों के पार्षद भी मौजूद रहे। नप अध्यक्ष ने कहा कि समाज के सभी वर्गों के सहयोग से ऊना नगर परिषद को प्रदेश की मॉडल नगर परिषद में तबदील किया जाएगा। उन्होंने कहा कि शहर को सुंदर और स्वच्छ बनाने के साथ विकास कार्यों को भी गति देने के लिए सभी का सहयोग अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि ऊना शहर में ऊंचा राष्ट्रीय झंडा लगाया जाएगा। इसके लिए स्थान शीघ्र चयनित होगा।
विज्ञापन
नप की पहली बैठक में लिए गए निर्णयों का खुलासा करते हुए अमरजोत सिंह बेदी ने कहा कि मेन मार्केट, चौरासी पौड़ियों में अरविंद मार्ग की तर्ज पर पेवर्स लगाए जाएंगे। ऊना में पार्किंग की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएंगे। डीसी कार्यालय के समीप 110 मीटर पार्किंग बनाई जाएगी। इसके अलावा शहर में पार्किंग के लिए उपयुक्त स्थानों को चिन्हित किया जाएगा। वार्डों में बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के टहलने के लिए पार्क बनाएंगे। इसके लिए शीघ्र भूमि सिलेक्ट होगी। शहर में एमसी पार्क, तहसील कार्यालय तथा वार्ड चार के पालिका बाजार में तीन सुलभ शौचालय बनाए जाएंगे, जिसका रखरखाव सुलभ कंपनी करेगी।
विज्ञापन
इसके अलावा शहर मेें पांच मौजूदा शौचालयों की रिपेयर और सफाई करवाई जाएगी। अमरजोत ने बताया कि ऊना नप क्षेत्र में पड़ने वाले सभी सरकारी भवनों से हाउस टैक्स वसूला जाएगा। परिषद ने सफाई के नए टेंडर होने तक मौजूदा कंपनी को ही सफाई व्यवस्था का ठेका एक माह के लिए बढ़ाने का भी निर्णय लिया। बाबा बेदी ने तंग गलियों में आग लगने तथा अन्य आपात परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड तथा एंबुलेंस इत्यादि के पहुंचने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों से मिलकर उचित कदम उठाने की बात कही। उन्होंने कहा कि सभी नगर परिषद सदस्य अपने-अपने वार्ड में होने वाले विकास कार्यों की गुणवत्ता की रिपोर्ट कमेटी को सौंपेंगे, जिसके आधार पर ही संबंधित काम का बिल मंजूर होगा।
विज्ञापन
इनसेट
जल्द शिफ्ट होगा नगर परिषद का कार्यालय
बैठक में कमेटी के मौजूदा कार्यालय को एमसी न्यू मार्केट में शिफ्ट करने और परिषद के सभी फील्ड कर्मचारियों को पहचान के लिए जैकेट पहनना जरूरी करने का भी प्रस्ताव डाला गया। बैठक में गर्मियों की शुरुआत में मच्छरों से बचाव के लिए डीडीटी का छिड़काव करने, नालों की सफाई करवाने, डीएवी स्कूल, पीजी कॉलेज तथा रीजनल अस्पताल के समीप मुख्य राजमार्ग पर वाहनों की स्पीड नियंत्रित करने के लिए स्पीड ब्रेकर लगाने, सब्जी मंडी के समीप नाले में पानी की निकासी सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाने तथा सीवरेज को लेकर आईपीएच विभाग से मिलकर काम करने का भी निर्णय लिया गया। बेदी ने कहा कि 15 दिन के बाद नगर परिषद की बैठक आयोजित होगी। इसमें लिए गए निर्णयों तथा कार्यों की समीक्षा होगी। बैठक में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय शर्मा, जेई राजिंद्र सैणी, नप उपाध्यक्ष हरजिंद्र चड्ढा समेत अन्य वार्ड परिषद मौजूद रहे।
इनसेट
पार्षदों से लेनी होगी कार्यों की एनओसी
नप अध्यक्ष बाबा अमर जोत बेदी ने अपनी शक्तियों का विकेंद्रीकरण करते हुए पार्षदों की शक्तियों में इजाफा किया है। हाउस में इस बात का प्रस्ताव रखा गया कि संबंधित वार्ड में होने वाले कार्यों का अनापत्ति प्रमाण पत्र वार्ड पार्षद जारी करेंगे। इससे नप की कार्यशैली में पारदर्शिता आएगी और कार्य सुचारु रूप से संपन्न होंगे। बैठक में उन भवनों को एनओसी नहीं जारी करने का निर्णय लिया जो सरकारी भूमि पर गलियों में रैंप बढ़ाते हैं। परिषद ने टीसीपी अधिकारियों के साथ बैठक कर नक्शों के जारी होने में आने वाली दिक्कतों का समाधान करने का भी फैसला किया।