दौलतपुर चौक (ऊना)। वन विभाग की टीम ने नंगल जरियालां गांव में एक गोशाला में रखे खैर के 29 मोच्छे बरामद किए हैं। पकड़ी गई लकड़ी की कीमत बाजार में करीब एक लाख रुपये बताई जा रही है।
आरओ भरवाईं प्यार सिंह ठाकुर ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए नंगल जरियालां गांव में यह लकड़ी बरामद की है। इस टीम में वन खंड अधिकारी दौलतपुर चौक अविनाश कुमार, वन रक्षक अनु, वन रक्षक रोहित मेहरा, वन रक्षक विजय, वन रक्षक गुरदेव सिंह शामिल रहे। वन विभाग की उक्त टीम के मुताबिक मौके पर आरोपी इन खैर के मोच्छों से संबंधित कोई भी दस्तावेज पेश नहीं कर सका। आरओ प्यार सिंह ठाकुर ने बताया कि विभाग की टीम ने लगभग 15 क्विंटल खैर की लकड़ी जब्त की है, जिसकी कीमत लगभग एक लाख रुपये है। उधर, गगरेट थाना प्रभारी हरनाम सिंह का कहना है की नंगल जरियालां गांव के एक व्यक्ति की गौशाला से 29 मोच्छे वन विभाग ने जब्त किए हैं, जो छिपाकर रखे गए थे। इस मामले में वन अधिनियम 41-42 व 379 आईपीसी के तहत मामला दर्ज करके आरोपी सतीश कुमार को गिरफ्तार किया गया है, मामले की आगामी तफ्तीश जारी है।