चिंतपूर्णी मंदिर में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
धार्मिक स्थल चिंतपूर्णी में रविवार को 25 हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। अत्यधिक भीड़ होने के कारण मंदिर की तमाम व्यवस्थाएं चाक चौबंद नजर आईं। सुबह ही एसडीएम अंब सुनील वर्मा ने मंदिर में व्यवस्था सुधारने पहुंच गए थे। उन्होंने लिफ्ट पर तैनात सुरक्षा कर्मियों को बैक डोर एंट्री रोकने के कड़े दिशा निर्देश दिए। मंदिर के वापसी द्वार पर एसडीएम बैक डोर एंट्री रोकने के लिए स्वयं पांच घंटे खड़े रहे। इससे ऑउट गेट से कोई भी श्रद्धालु बिचौलियों के माध्यम से भवन में प्रवेश नहीं कर पाया। उधर, बैक डोर एंट्री न होने के कारण लाइनों में माता रानी के दर्शनों को खड़े श्रद्धालुओं को काफी कम समय भवन तक पहुंचने में लगा।
मंदिर रोड पर गाड़ियों की आवाजाही पर भी एसडीएम ने पूरी तरह से रोक लगाई थी। उपमंडलाधिकारी के यहां पहुंचने पर जहां समस्त सुरक्षा कर्मी सतर्क रहे, वहीं बैक डोर एंट्री से श्रद्धालुओं को लालच देकर जेब गर्म करने वाले ज्यादातर बिचौलिए मैदान छोड़ कर निकल गए। चिंतपूर्णी के दुकानदारों निरंजन कालिया, विनोद कुमार, राजेश कालिया, संजीव कुमार, विपिन सहित अन्य लोगों ने उपमंडलाधिकारी अंब की प्रशंसा की है। उन्होंने सुझाव दिया कि प्रत्येक रविवार और संक्रांति वाले दिनों में एसडीएम अंब सुनील वर्मा मंदिर की व्यवस्थाएं स्वयं जांचें। उधर, एसडीएम सुनील वर्मा ने बताया कि रविवार को 25 हजार श्रद्धालुओं ने माता के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि बैक डोर एंट्री पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया जाएगा और सुरक्षा व्यवस्था को और सुधारा जाएगा।