संतोषगढ़ (ऊना)। कांगड़ा बैंक के पूर्व निदेशक राजीव गौतम ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर हमला बोला है। कहा कि देश की जनता को दोनों हाथों से लूटा जा रहा है। राजीव गौतम की ओर से बुधवार को ऊना विस क्षेत्र के तहत पड़ते गांव बहडाला, जलग्रां, मलाहत, अबादा बराना, कुठार रामपुर सुनहरा में गांववासियों को साथ लेकर महंगाई के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किए गए।
कांगड़ा बैंक के पूर्व निदेशक राजीव ने कहा कि देश में बढ़ रही महंगाई से लोगों का जीना दूभर हो गया है। केंद्र और प्रदेश सरकार महंगाई पर लगाम लगाने में असफल रही है। मुख्यमंत्री डबल इंजन की सरकार कहते नहीं थकते। आज फिर इस डबल इंजन की सरकार की महंगाई की मार से लोग क्यों परेशान हैं। प्रधानमंत्री को मंदिरों में पूजा और भ्रमण से फुर्सत नहीं है। कहा कि आज प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। आरोप लगाया है कि ऊना क्षेत्र के नेता भी गलियां, नालियां और सड़कें बनवा कर कमीशन खा रहे हैं। ऊना में नेताओं व प्रशासनिक अधिकारियों की मिलीभगत से हर गैरकानूनी काम को बढ़ावा दिया जा रहा है। कहा कि जब तक केंद्र और प्रदेश सरकार जनता की सुनवाई नहीं करती, तब तक विरोध प्रदर्शन जारी रहेंगे।
--