शातिरों ने तोड़े फतेहपुर स्कूल के ताले
अमर उजाला ब्यूरो
ऊना। पुलिस चौकी मैहतपुर के तहत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला फतेहपुर और नंगड़ा पंचायत में शातिरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। शातिर स्कूल के कमरों में रखे सामान, इंडक्शन चूल्हा, म्यूजिक सिस्टम चुराकर फरार हो गए। पंचायत से इनवर्टर भी चुराया गया।
शिकायत के बाद मौके पर पहुंच पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी शिकायत में स्कूल की मुख्य अध्यापिका ने अंजना कुमारी ने बताया कि शुक्रवार देर रात को चोरों ने स्कूल के चार कमरों के ताले तोड़कर कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। स्थानीय लोगों ने उन्हें चोरी की सूचना दी। सूचना मिलते जब वह स्कूल पहुंचे और उन्होंने पाया कि स्कूल के चार कमरों के ताले टूटे हुए हैं। कमरों से इंडक्शन चूल्हा, म्यूजिक सिस्टम और जरूरी सामान चोरी हो गया है।
मुख्याध्यापिका ने बताया कि उन्होंने चोरी की शिकायत पुलिस को दे दी है। नंगड़ा पंचायत प्रधान रणविजय ने बताया कि शनिवार सुबह चौकीदार द्वारा ताले टूटने की सूचना मिली थी, जब उन्होंने मौके पर आकर देखा तो पंचायत घर से इनवर्टर गायब था। उन्होंने बताया कि तुरंत मामले की सूचना पुलिस को दी गई। वहीं पुलिस ने चोरी की शिकायत दर्ज की ली है और मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है।