पुलिस ने बिगड़ैल चालकों पर कसा शिकंजा
ऊना। जिला पुलिस ने यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले बिगडै़ल चालकों के खिलाफ शिकंजा कस दिया है। पुलिस ने जिले में अलग-अलग जगहों पर नाकेबंदी कर मोटर वाहन अधिनियम के तहत 163 वाहनों के चालान किए गए।
एसपी दिवाकर शर्मा ने बताया कि पुलिस ने 143 वाहनों के चालानों का मौके पर निपटारा करके जुर्माने के रूप में कुल 30,300 रुपये प्राप्त किए गए। इनमें 87 चालान बिना हेलमेट लगाए दोपहिया वाहन चलाने पर, 12 चालान बिना सेफ्टी बेल्ट लगाए वाहन चलाने पर, 36 चालान अनाधिकृत स्थान पर वाहन पार्क करने पर, छह चालान बिना ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाने पर, आठ चालान दोपहिया वाहनों पर ट्रिपल राइडिंग पर, 14 चालान मोटर वाहन अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत किए गए। इसके अलावा सार्वजनिक स्थान पर धूम्रपान करने पर पुलिस थाना हरोली के तहत 9, पुलिस चौकी टाहलीवाल के तहत एक तथा पुलिस चौकी संतोषगढ़ के तहत चार लोगों के चालान करके जुर्माने के रूप में 1400 रुपये प्राप्त किए गए।