{"_id":"5a84453c4f1c1b8f268b9e76","slug":"71518617916-una-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"लाल सुर्ख गुलाब से इश्क का इजहार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
लाल सुर्ख गुलाब से इश्क का इजहार
Updated Wed, 14 Feb 2018 10:57 PM IST
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
विज्ञापन
ऊना।
युवाओं के लिए प्यार का इजहार हमेशा की तरह आज भी मुश्किल। अब वैलेंटाइन डे पर मौका, दस्तूर और दिल में बेकरारी एक साथ। धड़कनें एकाएक बढ़ गईं लेकिन मुहब्बत के इजहार को अल्फाज नहीं। पुराना गाना तू ही बता ऐ दिल ये बेकरारी सी क्यों है, रह रहकर जुबां पर आता रहा। नए नवेले आशिक प्यार का पहला खत लिखने में वक्त तो लगता है, नए परिंदों को उड़ने में वक्त तो लगता है जैसी गजलों से प्यार का इजहार करने की कोशिश युवा पहले की तरह करते नजर आए। भले ही यूट्यूब और सोशल मीडिया के जमाने में तरीका थोड़ा बदल गया हो लेकिन दिल में जज्बात आज भी वैसे ही उठते हैं, कुछ बदला नहीं।
वैलेंटाइन डे पर शहर की हाट बाट लाल सुर्ख गुलाब और उपहारों से सजी नजर आई। दिल्ली, पंजाब और सहारनपुर की फूल मंडियों से गुलाबों की खेप पहुंची। वैलेंटाइन डे पर कई युवाओं ने लाल सुर्ख गुलाब से इश्क का इजहार किया। बुधवार को जिला मुख्यालय के रेस्तरां और होटलों में प्रेमी जोड़ों की काफी चहल-पहल रही। वहीं इस खास मौके पर मस्ती के लिए कई युवाओं ने चंडीगढ़ का रुख किया। प्रेमी जोड़ों ने ठंड के मौसम में गर्मागर्म कॉफी की चुस्कियों के साथ समय बिताया। गिले शिकवे भी दूर किए। कई युवाओं ने गुलाब से लेकर मोबाइल फोन तक गिफ्ट देकर अपनी प्रेमिका को खुश करने का प्रयास किया।
विज्ञापन
सुबह ही ऊना की गिफ्ट गैलरीज में युवाओं की खासी भीड़ देखी गई। युवा दोस्तों के लिए उपहारों की खरीदारी करने में भी मशगूल दिखे। सभी में वैलेंटाइन डे को यादगार बनाने की चाह थी। युवा अर्जुन, सौरभ, राहुल, प्रिंस और अमित ने कहा कि वैलेंटाइन डे पर अपनी दोस्त को गुलाब का फूल देकर अपने प्यार का इजहार किया। युवा रमन ने कहा कि उन्होंने मोबाइल फोन गिफ्ट दिए। नव विवाहित जोड़ों में भी वैलेंटाइन डे पर खासा उत्साह दिखा। विक्रम और अजीत ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन साथी को उपहार देकर खुश किया। विकास ने कहा कि उन्होंने अपनी पत्नी को शॉपिंग करवाई। वैलेंटाइन डे पर विवाहित जोड़ों ने रात को होटल पर डिनर किया।
विज्ञापन