Himachal Congress: हिमाचल में कांग्रेस की प्रदेश से लेकर ब्लॉक तक की कार्यकारिणियां भंग, प्रतिभा सिंह बोलीं...
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी की संपूर्ण प्रदेश इकाई, जिला अध्यक्षों और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों को तत्काल प्रभाव से भंग कर दिया गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल में कांग्रेस की प्रदेश, जिला और ब्लॉक कार्यकारिणी को भंग कर दिया गया है। अब नए सिरे से कांग्रेस संगठन का गठन होगा। प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के प्रस्ताव पर पार्टी हाईकमान ने मुहर लगा दी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की मंजूरी के बाद बुधवार शाम को इस बाबत पत्र जारी किया गया। कांग्रेस की पूरी कार्यकारिणी भंग होने से प्रदेश में राजनीतिक हलचल बढ़ गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की सहमति से अब संगठन में नए पदाधिकारी शामिल किए जाएंगे।
भंग कार्यकारिणी के निष्क्रिय पदाधिकारियों की जगह नई नियुक्तियां होंगी। कर्मठ कार्यकर्ताओं को संगठन में अधिमान मिलेगा। 26 अप्रैल, 2022 को कुलदीप सिंह राठौर की जगह तत्कालीन सांसद प्रतिभा सिंह को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाया गया था। बीते दिनों प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने पार्टी हाईकमान को पत्र लिखकर पुरानी कार्यकारिणी भंग कर नए सिरे से गठन की मंजूरी मांगी थी, जिसे अमर उजाला ने प्रकाशित किया था। उन्होंने तर्क दिया था कि अभी तक संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव नहीं हुआ है। संगठन के कई बड़े पदाधिकारी पार्टी छोड़कर भाजपा में भी शामिल हो चुके हैं। इसी कड़ी में अब पार्टी हाईकमान ने कार्यकारिणी भंग कर दी है। विधानसभा चुनाव से तीन साल पहले प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने संगठन की मजबूती के लिए मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ मिलकर सत्तारूढ़ दल की मजबूती के लिए मंथन करने के बाद हाईकमान को भंग करने का प्रस्ताव भेजा था। अक्तूबर में दिल्ली दौरे पर गईं प्रतिभा ने पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के साथ इस मामले पर चर्चा भी की थी।
नोटिफिकेशन देखें
कांग्रेस की भंग की गई प्रदेश कार्यकारिणी में करीब 500 पदाधिकारी थे। हिमाचल में विधानसभा चुनाव से पहले अप्रैल 2022 में राजेंद्र राणा, पवन काजल, हर्ष महाजन और विनय कुमार को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया था। हर्ष महाजन, राजेंद्र राणा और पवन काजल अब भाजपा में शामिल हो गए हैं। इनकी जगह संजय अवस्थी और चंद्रशेखर को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया।
''प्रतिभा सिंह प्रदेश कांग्रेस की अध्यक्ष पद पर बनीं रहेंगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी, जिला व ब्लॉक कमेटियों को भंग कर दिया गया है''- राजीव शुक्ल हिमाचल कांग्रेस प्रभारी
वहीं, नोटिफिकेशन जारी होने के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि कई पदाधिकारी निष्क्रिय थे। इसलिए संगठन की मजबूती के लिए कार्यकारिणी को भंग करना जरूरी हो गया था। प्रतिभा सिंह ने कहा कि मैंने, सीएम और डिप्टी सीएम ने सिफारिश की थी कि कार्यकारिणी को भंग किया जाए। विधानसभा चुनाव के दौरान संगठन में जोड़े कई पदाधिकारी कई नेता निष्क्रिय रहे, चुनाव में काम नहीं किया तब निष्क्रिय नेताओं को बाहर करने जरूरत महसूस की गई मजबूत संगठन बनाकर अगले चुनाव की तैयारी करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन में अब काम करने वाले सक्रिय नेता शामिल किए जाएंगे। इसे लेकर वह पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगी और हाईकमान को नाम सुझाए जाएंगे।
प्रतिभा सिंह ने कहा कि पार्टी और संगठन में दोनों जगह नेताओं को तैनाती नहीं दी जानी चाहिए। इसे लेकर वह पहले भी कई बार बात कर चुकी हैं। उन्होंने कहा कि वह खुद वन मैन-वन पोस्ट की हिमायती है। लिहाजा नई कार्यकारिणी के गठन के वक्त इसका ध्यान रखा जाएगा।
प्रतिभा सिंह ने कहा की नई कार्यकारिणी में युवाओं और महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। नई कार्यकारिणी में कार्यकारी अध्यक्ष होंगे या नहीं इसको लेकर वरिष्ठ नेताओं से चर्चा की जाएगी। उन्होंने कहा की नई कार्यकारिणी बहुत लंबी नहीं होगी पार्टी के प्रतिनिष्ठावन और और सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही नियुक्त किया जाएगा।