सोलन कॉलेज में विश्व पर्यटन सप्ताह के समापन पर प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने छात्रों का बढ़ाया हौसला
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। राजकीय महाविद्यालय सोलन के बीवाॅक विभाग की ओर से आयोजित विश्व पर्यटन सप्ताह का समापन हो गया। इसे लेकर महाविद्यालय के सभागार में कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा कोहली ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की और विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार देकर हौसला बढ़ाया। छात्रों को संबोधित करते हुए डॉ. कोहली ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में पर्यटन क्षेत्र की अपार संभावनाएं हैं, जिनका उपयोग स्थानीय संस्कृति और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखकर करना चाहिए। उन्होंने विभाग को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। इस वर्ष विश्व पर्यटन दिवस का आयोजन टूरिज्म एंड संस्टेनेबल ट्रांसफोर्मेशन विषय पर आधारित रहा। बीवाॅक विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों, गैर-शिक्षकों और छात्रों का स्वागत किया। उन्होंने बताया कि विभाग ने पूरे सप्ताह विभिन्न गतिविधियों और प्रतियोगिताओं का आयोजन किया, इनमें कबड्डी, 100 मीटर दौड़, वॉलीबाल, बास्केटबाल, बैडमिंटन, वाद-विवाद, बेस्ट आउट ऑफ वेस्ट, कैप्शन राइटिंग, फोटोग्राफी, कोलाज मेकिंग, रेसिपी व्लॉग, वीडियो एडिटिंग, रंगोली और पेंटिंग प्रतियोगिता शामिल थीं। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण संस्कृति-आधारित मॉडलिंग शो रहा, जिसमें छात्र-छात्राओं ने विभिन्न राज्यों के पारंपरिक परिधानों को पहनकर भारत की विविधता को प्रदर्शित किया। इसके अतिरिक्त पहाड़ी नाटी, पर्यटन पर आधारित लघु नाटिका, गीत और शेरो-शायरी ने उपस्थित जनों का मन मोह लिया। इस अवसर पर राजकीय महाविद्यालय सोलन के सभी शिक्षक, गैर-शिक्षक वर्ग और छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।