पाइनग्रोव स्कूल में 35 शिक्षकों ने लिया भाग, माइंडफुलनेस और सकारात्मक सोच पर दिया जोर
संवाद न्यूज एजेंसी
सोलन। पाइनग्रोव स्कूल सुबाथू में सीबीएसई कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य शिक्षकों को तनाव के कारणों, उसके प्रभावों और उससे निपटने के प्रभावी तरीकों की जानकारी देना था। कार्यशाला का संचालन मुख्य रिसोर्स पर्सन देवेंद्र गुमरा और सोनिया कपूर ने किया। उन्होंने शिक्षकों को कार्यस्थल पर सकारात्मक और स्वस्थ माहौल बनाए रखने के लिए आत्म-देखभाल, विपरीत परिस्थितियों से निपटने की क्षमता और सकारात्मक सोच के महत्व पर प्रकाश डाला। सत्र को रोचक बनाने के लिए विभिन्न प्रेजेंटेशन, इंटरैक्टिव गतिविधियां, माइंडफुलनेस अभ्यास और समूह चर्चा आयोजित की गईं। इसके माध्यम से शिक्षकों ने तनाव प्रबंधन और भावनात्मक संतुलन बनाए रखने के व्यावहारिक तरीके सीखे। विशेषज्ञों ने बताया कि तनाव जीवन का हिस्सा है, लेकिन इसे सही तरीके से नियंत्रित किया जा सकता है। इसके लिए नियमित व्यायाम, संतुलित आहार, पर्याप्त नींद, समय प्रबंधन और सकारात्मक सोच बेहद जरूरी है। इस अवसर पर स्कूल की सहायक निदेशक श्रेया, हेड ऑफ स्कूल रेणु शर्मा सहित कुल 35 शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।