सोलन। फोरलेन निर्माण की भेंट चढ़े सपरून में बनाए एंबुलेंस मार्ग पर फुटपाथ के पुनर्निर्माण को लेकर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को मांग पत्र सौंपा है। नगर निगम के वार्ड चौदह, एक, तेरह व सोलह के जन प्रनिधिनियों और वेलफेयर सोसायटी पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल रविवार देर शाम को भाजपा नेता डॉ. राजेश कश्यप के नेतृत्व में सीएम से नौणी में मिला।
लोगों ने सीएम को बताया कि फोरलेन निर्माण के लिए की कटिंग से शहर के चार वार्डों को जोडने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। इससे रोड साइड में बने पैदल रास्ते का वजूद भी समाप्त हो गया। अब रोजाना हजारों लोगों को फोरलेन से जा रहे वाहनों के बीच से जान जोखिम में डालकर रास्ता पा करना पड़ रहा है। सबसे ज्यादा खतरा स्कूली बच्चों सहित वरिष्ठ नागरिकों को हैं।
उधर, भाजपा नेता डॉ. राजेश ने कहा कि सपरून में फुटपाथ, एंबुलेंस रोड बनाने पर मुख्यमंत्री को मांग पत्र सौंपा गया है। इस दौरान नगर निगम डिप्टी मेयर राजीव कौड़ा, वार्ड एक के पार्षद मनीष सोहपाल, वार्ड सोलह से अनिल कुमार, वेलफेयर सोसायटी के प्रतिनिधि केएल शर्मा, मोहन चौहान, दिनेश कश्यप, पंकज वर्मा, मुकेश कश्यप और नारायण ठाकुर मौजूद रहे।