संवाद न्यूज एजेंसी
रामशहर(सोलन)। तहसील रामशहर के तहत स्थित बाड़ा देव मंदिर मटूली में धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के तहत श्रद्धालुओं की सुख-समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली के लिए विधिवत यज्ञ का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर आहुति अर्पित की। इस अवसर पर पारंपरिक कुश्ती दंगल भी आकर्षण का केंद्र रहा। क्षेत्र एवं आसपास के गांवों से पहुंचे पहलवानों ने अपने दमखम का प्रदर्शन करते हुए रोमांचक मुकाबले खेले, जिन्हें देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। विजेता पहलवानों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के उपरांत मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन समिति ने बताया कि इस तरह के धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन क्षेत्र की परंपराओं को जीवित रखने के साथ-साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। मंदिर समिति ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, युवाओं एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धा, उत्साह और भक्तिमय माहौल देखने को मिला।